भिलाईनगर। सोमनी के मनगटा के वुड विसलिंग रिसोर्ट में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत युवती मुस्कान तिवारी के परिजनों ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने केवल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। रायपुर के तीन युवकों को क्यों छोड़ दिया गया। परिजनों ने उन्हें भी गिरफ्तार करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें : 22 June 2026 Horoscope : इस राशि के जातकों को कार्यक्षेत्र में मिल सकती है नई जिम्मेदारी, जानिए अपना राशिफल

मुस्कान तिवारी की मौत के मामले में पुलिस ने रिसोर्ट संचालक सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि कुल 8 लोगों की उपस्थिति में रायपुर के तीन युवकों की भूमिका क्या थी । मृत युवती के परिजनों का सवाल है कि पुलिस उन तीन युवकों को क्यों बचा रही है? एक अन्य युवती भी उस दौरान थी उसे भी पुलिस ने छोड़ दिया है।

narayana

इधर पुलिस का मानना है कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद जांच की कार्रवाई आगे बढ़ेगी। बताया जा रहा है कि मुस्कान तिवारी के साथ उस रात रिसोर्ट में कुल 6 युवक थे और मरोदा की एक युवती भी थी। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि मुस्कान तिवारी के साथ रेप किया गया है। इससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई।

पुलिस तीन युवकों को इस मामले में गिरफ्तार किया है लेकिन रायपुर के तीन युवकों को बचाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों का कहना है कि रायपुर के तीन युवकों व मरोदा की युवती को भी गिरफ्तार किया जाए। उस रात ये भी रिसोर्ट में थे ऐसे में इस अपराध में इनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। परिजनों का यह भी आरोप है कि दुष्कर्म के अरोपियों को सोमनी पुलिस वीआईपी ट्रीटमेंट दे रही है। उनकी आवभगत की जा रही है।

ज्ञात हो कि अब तक इस मामले में आरोपी आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु निवासी बुचीभरदा, पोस्ट सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख निवासी ग्राम टेड़ेसरा गुड़ीपारा जिला राजनांदगांव, घनश्याम बेलचंदन निवासी ग्राम निकुम बाजारपारा जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है । सोमनी टीआई श्री पटेल ने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि रायपुर के निखिल, सुरजीत सिंह व एक अन्य युवक उस रात रिसोर्ट में थे । उनसे पूछताछ की गई है, वहीं बिसरा रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

बीएसपी आवास खाली नहीं करने पर अड़े लीजधारी

भिलाईनगर। हाउस लीज संयुक्त संघर्ष समिति के साप्ताहिक बैठक रविवार को शक्ति सदन सेक्टर 02 में हुई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने लाइसेंस धारियों के आवास जमा करने के लिए प्रबंधन द्वारा जारी पत्र पर आक्रोश जताते हुए कहा कि प्रबंधन की जरूरतों की मुताबिक 05-05 लाख सुरक्षा निधि जमा कर जहां लाइसेंस जारी किया गया। वहीं अब अचानक प्रबंधन के तुगलकी फरमान को सोची समझी साजिश करार करते हुए सभी ने एक स्वर में आवास नहीं खाली करने का संकल्प किया।

रिटेंशन धारियों ने पुनः सन 2017 में उच्च न्यायालय के निर्णय के अनुरूप मात्र 32 गुना से ज्यादा पैनल रेंट नहीं देने पर सहमति व्यक्त की । आज की बैठक में पदाधिकारियों ने आंदोलन के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आगामी 12 जुलाई को जन संसद तीन नाम से कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया तथा इस के लिए प्रचार प्रसार युद्ध स्तर पर करने की बात कही ।

पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि जब नियमित भर्ती प्रक्रिया प्रबंधन ने बंद कर दी है तो प्रबंधन केंद्र सरकार सहित राज्य सरकार तीनों पक्ष को भिलाई टाउनशिप साहित स्वास्थ्य सेवा व शिक्षा संस्थानों पर गंभीर निर्णय लेना चाहिए । जन संसद का मुख्य विषय यही रहेगा । आज की बैठक में रमेश पाल, चौरासिया सर, के. आर साहू, राजेंद्र शर्मा, पीआर वर्मा, जीवराखन देवांगन, तुलसी साहू, नागेश्वर राव, टीकम आदि अपस्थित थे ।

एटीएम के अंदर से रिटायर्ड एसपी की मोबाइल चोरी

भिलाईनगर। रिटायर्ड डीएसपी एटीएम से पैसा निकालने के बाद अपना मोबाइल भूलकर निकल गए. बाद में याद आने पर लौटकर देखा तो मोबाइल गायब था. मामले में उन्होंने उतई पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है.

उतई पुलिस ने बताया कि दीक्षित कॉलोनी निवासी श्याम सुंदर शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे एसबीआई के एटीएम में पैसे निकालने गए थे। एटीएम कार्ड ठीक से रीड नहीं होने के कारण उन्होंने दोबारा कार्ड मशीन में डाला। इस दौरान उनके हाथ में मोबाइल था, जिसे उन्होंने एटीएम स्क्रीन के पास रख दिया।

बाद में उन्होंने एटीएम से 15 हजार रुपए निकाले और बाहर आकर पैसे गिनने के बाद वहां से चले गए। मोबाइल की याद आने पर दोबारा लौटकर पहुंचे तो कोई अज्ञात उनका मोबाइल उठाकर ले गया। शिकायत के आधार पर उतई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

आग से झुलसे बीएसपी ठेकेदार सुधांशु की 17 दिनों बाद मौत

भिलाईनगर। बीएसपी ठेकेदार सुधांशु खंडेलवाल सेक्टर-1 दफ्तर में संदिग्ध परिस्थितियों में चार जून को आग से जल गए थे। आनन-फानन में कर्मचारियों ने सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान शनिवार को दम तोड़ दिया। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।

भट्ठी थाना प्रभारी प्रकाशकांत ने बताया कि तालपुरी इंटरनेशनल कालोनी ए ब्लॉक में रहने वाले बीएसपी के ठेकेदार सुधांशु खंडेलवाल का सेक्टर-1 में दफ्तर है। 4 जून की दोपहर 2 बजे सुधांशु किचन में थे तभी अचानक चीखने की आवाज आने पर वहां काम करने वाले कर्मचारी भागते हुए किचन में गए तो वहां सुधांशु आग की लपटों से घिरा हुआ था। कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश में उन्हे किचन से बाहर निकाला। बीएसपी की एम्बुलेंस बुलाकर जले हालत में सेक्टर-9 के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। इधर आसपास के लोग दहशत में आ गए थे ।

बताया जाता है कि शुरुआती दिनों में उनकी हालत गंभीर के बावजूद वह बातचीत कर रहे थे। चिकित्सकों को उम्मीद थी कि उनकी स्थिति में सुधार हो सकता है। हालांकि, पिछले तीन दिनों से उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। उन्होंने बातचीत करना बंद कर दिया था। बताया जाता है कि ठेका मजदूरों से विवाद व कथित अनियमितताओं के आरोपों के चलते भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन उनकी दो कंपनियों को ब्लैकलिस्ट भी कर चुका है।

किराए पर बैंक खाता देना युवक को पड़ा मंहगा

भिलाईनगर। पैसों के लालच में बैंक खाता किराये पर देकर साइबर ठगी में सहयोग करने वाले आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के म्यूल अकाउंट में 14.16 लाख रुपये से अधिक का ट्रांजेक्शन उजागर हुआ है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र अंतर्गत संचालित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खातों का परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान यह पाया कि कुछ बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त राशि को प्राप्त करने, स्थानांतरित करने एवं अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से किया गया है।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा चिखली में संचालित एक खाते का उपयोग साइबर ठगी से संबंधित रकम के लेन-देन के लिए किया गया। विवेचना में पाया कि खाताधारक ने अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड एवं सिम कार्ड अन्य व्यक्ति को पैसों के लालच में उपलब्ध कराया गया था। उक्त खाते को साइबर अपराध में म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग किया गया। इसमें लगभग 14, 16,645 रुपये का ट्रांजेक्शन होना पाया गया। प्रकरण में धारा 318 (2), 318 (3), 318 (4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

किताबों की स्कैनिंग में तकनीकी दिक्कत, बच्चों को नहीं मिल रही पाठ्य पुस्तक

दुर्ग। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूलों को खुले करीब एक सप्ताह हो गया है। मगर सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तक नहीं मिल पाई है। किताबों की स्कैनिंग में हो रही तकनीकी परेशानी के चलते समय पर बच्चों को पाठ्य पुस्तक वितरित नहीं किया जा सका है। शिक्षक रोजाना स्कैनिंग के समस्या से जूझते नजर आ रहे हैं, क्योंकि स्कैनिंग के बिना बच्चों को पुस्तक देने की मनाही है।

शुरुआती दौर में पुस्तक वितरण को लेकर भी तरह-तरह की समस्याएं आई थी। नई प्रक्रिया के तहत सप्लाई किए जाने पाठ्य पुस्तक से भरी वाहनों के लोकेशन ट्रेस करने की सुविधा दी गई। स्कूलों में किताबें पहुंचने के बाद स्कैनिंग में तरह तरह की समस्या आई । कुल संकुल के शिक्षकों ने चालान का डिटेल अपलोड नहीं होना बताया । वही कुछ ने लॉगिन नहीं होने, लिंक में आईडी पासवर्ड इंट्री करने पर बार बार रिवर्स होना, प्रोसेस आगे नहीं बढ़ना बताया। कुछ स्कूलों में लॉगिन का होना बताया गया मगर बच्चों की संख्या जीरो दर्शाये जाने की जानकारी मिली है।

यह भी तथ्य सामने आया हैं कि जीरो कोड से शुरू होने पर स्कैनिंग में दिक्कत आने लगी है। कमोबेश यही समस्या यूडाइस नंबर से भी होने की खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस बार 16 जून से ही बच्चों को निःशुल्क किताब देने की व्यवस्था बनाई थी । किताबों की स्कैनिंग में आ रही तकनीकी समस्या ने समय पर बच्चों को पाठ्य पुस्तक देने की योजना पर पानी फेर गया। इस वजह से स्कूलों में किताब होने के बावजूद भी बच्चों को बांटा नहीं जा सका है। स्कैनिंग की समस्या को लेकर शिक्षकों ने अधीनस्थ अधिकारियों को अवगत कराया है।

51 स्कूली बसों की जांच 5 बसों में मिलीं खामियों पर चालान काटा

भिलाईनगर। भिलाई – दुर्ग के 4 शैक्षणिक संस्थानों के परिवहन करने वाले 51 बसों की रविवार को जांच की गई। जांच के दौरान यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने खामियां मिलने पर कुल 05 स्कूली बसों पर कार्रवाई कर चालान काटा गया। वहीं शिविर के दौरान चालक एवं परिचालकों के स्वास्थ्य परीक्षण भी कराए गए। इसमें 13 चालकों में रक्तचाप एवं शुगर संबंधी स्वास्थ्य शिकायतें पाई गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि रविवार को स्कूली छात्र-छात्राओं के सुरक्षित परिवहन को दृष्टिगत रखते हुए सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप यातायात पुलिस दुर्ग एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से पुलिस ग्राउंड सेक्टर- 06 भिलाई में स्कूल बस जांच शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिले के 04 शैक्षणिक संस्थानों द्वारा संचालित 51 स्कूल बसों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान परिवहन विभाग ने वाहन पंजीयन, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, रोड टैक्स एवं वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान 05 स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक दस्तावेजों संबंधी खामियां पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। संबंधित संचालकों को कमियों का निराकरण कर ही बसों का संचालन करने हेतु निर्देशित किया गया। शिविर के दौरान चालक एवं परिचालकों के स्वास्थ्य परीक्षण भी कराए गए, जिसमें 13 चालकों में रक्तचाप एवं शुगर संबंधी स्वास्थ्य शिकायतें पाई गईं। इनके संबंध में आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया है।

बाहरी लोगों द्वारा चाट-गुपचुप बेचने पर विवाद, तीन गिरफ्तार

राजनांदगांव। शहर द्वारा के ममता नगर वार्ड में बाहरी लोगों चाट गुपचुप बेचे जाने की बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों में मिथलेश ठाकुर उर्फ मयंक ठाकुर, उत्तम साहू और नितिन भागवत शामिल हैं. पुलिस के अनुसार 21 जून को बख्तावर चाल तुलसीपुर में वाद विवाद होने की सूचना पर मौका पहुंचकर तस्दीक किया गया, जहां पर अनावेदकगण मिथलेश उर्फ मयंक ठाकुर, उत्तम साहू और नितिन भागवत आवेदकों से बाहर से आकर हमारे मोहल्ले में चाट गुपचुप बेचते हो कहकर लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे.

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति कर निर्मित हो जाने से अनावेदकों धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार प्रतिबंधात्मक धारा 126, 135 (3) बीएनएसएस की कार्यवाही कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।

सीएम हेल्पलाइन से हुई शिकायत, जांच में मिला चूना पत्थर का अवैध उत्खनन

राजनांदगांव। सीएम हेल्प लाइन में शिकायत के बाद करोड़ों रुपए के अवैध उत्खनन का मामला प्रकाश में आया है। 41307 घनमीटर अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज कर बड़ी कार्यवाही किए जाने की तैयारी की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गत दोनों ग्राम डूमरडीह कला पटवारी हल्का नंबर 22 खैर झिटी तहसील राजनंदगांव मे चूना पत्थर के अवैध खनन का बड़ा मामला सामने आया है। सीएम हेल्पलाइन में की गई। शिकायत के बाद रायपुर के संचालन भूमि तथा खनिकर्म के शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग एवं खनिज विभाग के अधिकारी ग्रामीणों के समक्ष ग्रामीण के सामने डुमरडीह कला में पहुंचकर खदान की जांच की है।

बताया गया है कि यह खदान अभय जैन आत्मज मोहनलाल जैन की है। खदान का आबंटन 9 जनवरी 2009 से 8 जनवरी 2039 तक के लिए किया गया था। यह चूना पत्थर खदान की स्वीकृति मिली थी। शिकायत के बाद नाप जोख किए जाने पर यहां पर बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, खनिज चूना पत्थर खदान का जो क्षेत्र निर्धारित था, उससे कहीं ज्यादा अवैध खनन पाया गया है। सीएम हेल्पलाइन के आधार पर की गई शिकायत की जांच पूरी कर आगे कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

खनिज विभाग के सूत्र बता रहे हैं कि जिस हिसाब से चूना पत्थर खदान में अवैध उत्खनन किया गया है उसमें करोड़ों रुपए की खनिज रायल्टी की चोरी की गई है । इस जांच में खनिज विभाग के अधिकारियों से लेकर राजस्व विभाग का भी अमला उपस्थित था। जांच के बाद एक पंचनामा भी तैयार किया गया है। यह भी बताया गया है कि इस क्षेत्र में अभय जैन के अलावा भी चूना पत्थर खदानों में बड़े पैमानों पर अवैध उत्खनन परिवहन किया गया है जिसकी जांच होते मामला ही करोड़ों रुपए की गड़बड़ी का प्रकाश में आएगा ।

फर्जी रजिस्ट्री, सूदखोरी से त्रस्त किसानों ने खोला मोर्चा

राजनांदगांव। जिले के छुरिया इलाके महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित कर अपनी के विभिन्न गांवों के किसानों ने एक कृषि भूमि की कथित फर्जी रजिस्ट्री, सूदखोरी, धमकी और भूमि हड़पने के गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि वर्षों पहले आर्थिक जरूरतों के चलते उन्होंने अपनी ऋण पुस्तिका गिरवी रखकर ब्याज पर राशि ली थी, लेकिन कर्ज चुकाने के बाद भी उनकी जमीनों पर कथित रूप से अवैध तरीके से कब्जा कर लिया गया। किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m