भिलाईनगर। साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने लगभग 1149 खातों की पहचान की है। इसमें कुल 39 एफआईआर दर्ज की है। वहीं अब तक इस मामले में 165 लोगों पर कार्रवाई कर चुकी है। जांच में यह खुलासा हुआ है कि आम लोगों के बैंक खातों को म्यूल अकाउंट (किराए के खाते) बनाकर करोड़ों रुपए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन का बड़ा खेल होता रहा है। पुलिस अब बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
यह भी पढ़ें : CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक्टिव हुआ दक्षिण-पश्चिम मानसून, आज और कल भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
दुर्ग जिले में साइबर ठगी का जाल अब म्यूल अकाउंट के जरिए संगठित रूप ले चुका है। मामूली कमीशन या लालच देकर लोगों के बैंक खातों का उपयोग अवैध लेनदेन के लिए किया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिले में सैकड़ों बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया है। सुपेला, दुर्ग, पुरानी भिलाई, नेवई, छावनी, मोहननगर, भिलाई भट्ठी, नंदिनी, पद्मनाभपुर, उतई, वैशालीनगर व साइबर थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में 1149 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल सामने आया है। मोहन नगर के एक मामले में 111 खातों के जरिए बड़े स्तर पर ऑनलाइन ठगी हुई।

एक अन्य प्रकरण में 22 खातों से 10 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी दर्ज की गई। सुपेला क्षेत्र में 105 खातों के जरिए एक करोड़ रुपए से ज्यादा का फर्जी ट्रांजेक्शन हुआ। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि नेटवर्क बेहद संगठित और व्यापक है। दुर्ग जिले में साइबर अपराध की काली कमाई छिपाने के लिए म्यूल खातों के प्रयोग का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस का यह बड़ा अभियान चलाकर प्रारंभिक जांच में सामने आया है। कि बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से अर्जित धनराशि को छिपाने, विभिन्न खातों में ट्रांसफर करने आदि के लिए किया जा रहा था।
भिलाई इस्पात संयंत्र में ई-5 एवं ई-6 के 110 अधिकारी हुए पदोन्नत
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में 1 जुलाई को संयंत्र के ई-5 एवं ई – 6 के कुल 110 अधिकारी पदोन्नत किये गये। ई-6 से ई- 7 पद पर पदोन्नत 27 अधिकारियों को इस्पात भवन के निदेशक प्रभारी सभागार में संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने पदोन्नति आदेश वितरित किया।
इस पदोन्नति प्रक्रिया के अंतर्गत (ई-5 से ई -6 ) पद पर कुल 83 अधिकारी, जिनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के 7 अधिकारी शामिल हैं। वहीं (ई-6 से ई-7) पद पर 27 अधिकारियों को पदोन्नत किया गया, जिनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के 3 अधिकारी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 110 अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की गई। चित्त रंजन महापात्र ने सभी कार्यपालकों को बधाई दी। सेफी चेयरमैन एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एन के बंछोर ने प्रमोशन में अच्छा कवरेज देने के लिए मैनेजमेंट के प्रति आभार जताया तथा प्रमोशन पाने वाले अफसरों को शुभकामनाएं दी।
भिलाई-3 सिरसा अंडरब्रिज के बार – बार बंद होने से ग्रामी
भिलाईनगर। भिलाई-3 सिरसा गेट स्थित रेलवे अंडरब्रिज के लगातार खराब होकर बंद किए जाने से पुरैना एवं आसपास के गांवों के नागरिकों में भारी नाराजगी है। रिसाली नगर निगम के वार्ड 10 की पार्षद एवं महापौर परिषद की प्रभारी महिला एवं बाल विकास विभाग एवं समाज कल्याण रंजीत बेनुआ ने रेलवे विभाग के डीआरएम को आवेदन देकर मरम्मत कार्य की अवधि कम करने एवं वैकल्पिक राहत देने की मांग की है। डीआरएम ने एक माह के भीतर कार्य पूरा कर देने का आश्वासन दिया है।
पुरैना वार्ड की पार्षद रंजीत बेनुआ ने बताया कि इस अंडरब्रिज का वर्चुअल लोकार्पण फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री ने किया था। लेकिन लोकार्पण के 10 माह के भीतर ही यह क्षतिग्रस्त हो गया। दिसम्बर 2024 में पहली बार मरम्मत के लिए बंद कर जनवरी 2025 में खोला गया। इसके बाद अगस्त 2025 में दूसरी बार मरम्मत हुई । अब पुनः खराब होने के कारण 1 जुलाई से 31 अगस्त तक इसे बंद कर मरम्मत की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि 2 वर्षों में 3 बार मरम्मत होना इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है।
ये रखी गईं मांगें
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि अंडरब्रिज मरम्मत का कार्य बारिश के बाद कराया जाए। यदि मरम्मत अति आवश्यक है तो 2 माह की जगह 1 माह में कार्य पूर्ण कराया जाए। जब तक अंडरब्रिज शुरू न हो, तब तक पुरैना के नागरिकों को यदि वे चोरी या संदिग्ध गतिविधि में न पाए जाएं तो केवल रेलवे यार्ड से आने-जाने पर अर्थदंड माफ किया जाए।
भिलाई नगर निगम में जोन आयुक्त इधर से उधर
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने 1 जुलाई को जारी आदेश के तहत दो जोन आयुक्तों के दायित्वों में बदलाव करते हुए उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए अगली सूचना तक यह पदस्थापना की गई है। श्रीमती येशा लहरे, जोन आयुक्त को वतर्मान दायित्व जोन 2 वैशाली नगर से तबादला कर नवीन दायित्व जोन आयुक्त, जोन 4 शिवाजी नगर बनाया गया है। अमरनाथ दुबे, जोन आयुक्त को जोन 4 शिवाजी नगर से तबादला कर नवीन दायित्व जोन आयुक्त, जोन 2 वैशाली नगर में किया गया है।
दुर्ग जिले में स्थापित होगा भारत का पहला संविधान थीम पार्क
भिलाईनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 सफल वर्षों के उपलक्ष्य में दुर्ग जिला में 10 एकड़ में भारत का पहला संविधान थीम पार्क स्थापित करने की ऐतिहासिक एवं महत्वाकांक्षी योजना शीघ्र प्रारंभ की जा रही है।
इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण भारत का संविधान की देश में सबसे विशाल पुस्तक का निर्माण होगा, जिसे विश्व स्तर पर एक अद्वितीय पहचान दिलाने का संकल्प लिया गया है। यह केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता का जीवंत प्रतीक होगा।
थीम पार्क में भारत की सबसे बड़ी संविधान पुस्तक, 100 फिट ऊँचा अशोक स्तंभ, डॉ। बाबा साहेब अंबेडकर जीवन यात्रा डिजिटल गैलरी, 3डी होलोग्राम एवं डिजिटल संविधान संग्रहालय, संविधान अध्ययन एवं शोध केंद्र, युवाओं और विद्याथियों के लिए प्रेरणा केंद्र, आधुनिक पर्यटन सुविधाएं एवं सांस्कृतिक एवं परिसर होगा।
जेएलएन अस्पताल के निजीकरण के विरोध में बीएसपी कर्मचारियों का प्रदर्शन
भिलाईनगर। बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ ने जेएलएन अस्पताल के निजीकरण के विरोध में मंगलवार को अस्पताल के सामने आक्रोश प्रदर्शन किया। जिसमें काफी संख्या में बीएसपी कर्मियों ने भाग लिया।
आक्रोश प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि जेएलएन अस्पताल एंड रिसर्च अनुसंधान, भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों, उनके आश्रितों के लिए एक जीवनरेखा है। किसी भी सरकारी संस्थान का पूर्व में किया गया निजीकरण का अनुभव बेहद खराब रहा है। प्रदर्शन उपरांत यूनियन पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने बीएसपी के निदेशक प्रभारी, सेल चेयरमैन तथा इस्पात सचिव को मांग सह चेतावनी पत्र भेजा।
यूनियन ने मांग की है कि जेएलएन अस्पताल के निजीकरण का प्रस्ताव अविलंब रद्द किया जाय तथा चिकित्सा के क्षेत्र में देश के नामचीन संस्थान एआईआईएमएस के तर्ज पर इसे विकसित करें। झारखण्ड सरकार की तर्ज पर उच्च मासिक वेतन वाली बोली के तर्ज पर जेएलएन अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों (स्पेशलिस्ट / सुपर स्पेशलिस्ट) की नियुक्ति की जाए।
जिस प्रकार 3 टेस्ला का लेटेस्ट एमआरआई 4 मशीन, डिजिटल एक्स रे मशीन, इत्यादि लगाई गई है उसी प्रकार से बाकी बचे चिकित्सा से संबंधित मशीनों, लैब टेस्टिंग, अल्ट्रासाउंड इत्यादि को अपग्रेड किया जाए। जिससे आप निजी क्षेत्र के अस्पताल को चुनौती दे सके। जेएलएन अस्पताल में सेवानिवृत हो रहे सहायक चिकित्सिय कर्मचारियों की जगह स्थाई नियुक्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। जिन कर्मचारी / आश्रित मरीजों की ईलाज की सुविधा जेलएन अस्पताल में उपलब्ध नहीं है उनका रेफरल प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
मरीजों के लिए अस्पताल के डायट चार्ट के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए। अस्पताल को अपग्रेड कर कई गंभीर बीमारियों के ईलाज हेतु सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल के 4 रुप में अपग्रेड किया जाए प्रमुख है। यूनियन ने प्रबंधन को पत्र के माध्यम से कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि सभी मांगों का अनुपालन सुनिश्चित करें नहीं तो यूनियन आगे इससे भी कड़े कदम उठाने पर विवश होगी। सभा को यूनियन अध्यक्ष अमर सिंह, महासचिव किशोर कुमार साव, उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उप महासचिव नवीन ध्रुव, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार मिश्रा ने संबोधित किया।
ट्रेन के एसी कोच में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। 30 जून को रेल मदद शिकायत एवं जीआरपी इतवारी में दर्ज एफआईआर के आधार पर गाड़ी संख्या 18109 टाटा- इतवारी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में यात्रा कर रहे एक यात्री का लैपटॉप बैग चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई। चोरी गए सामान में लैपटॉप, रेडमी मोबाइल फोन, घड़ी, माउस, चार्जर तथा हार्ड डिस्क सहित कुल 1,56,000 मूल्य की संपत्ति शामिल थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डोंगरगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न एजेंसियों से समन्वय स्थापित करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल डोंगरगढ़, उप निरीक्षक रविशंकर, निरीक्षक सीआईबी भिलाई, उप निरीक्षक एस।के। वर्मा एवं अन्य स्टाफ की संयुक्त टीम ने रायपुर के महोबा बाजार, आमानाका क्षेत्र में एम्बुश वॉच लगाकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी विक्की सहानी (22 वर्ष), पिता कैलाश साहनी, निवासी महोबा बाजार, आमानाका, रायपुर को उसके निवास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया लैपटॉप, रेडमी 7 प्रो मोबाइल, घड़ी, माउस, मोबाइल एवं लैपटॉप चार्जर तथा हार्ड डिस्क सहित एफआईआर के अनुसार कुल 1,56,000 मूल्य की संपूर्ण चोरीशुदा संपत्ति बरामद कर ली गई। शिकायतकर्ता द्वारा मोबाइल के माध्यम से बरामद सामान की पहचान एवं पुष्टि भी की गई।
गिरफ्तार आरोपी एवं बरामद संपत्ति को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु जीआरपी थाना डोंगरगढ़ को सुपुर्द किया गया। इस संबंध में जीआरपी थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 305 (सी) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत 1 जुलाई को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मामले की जांच जारी है। रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि रेल यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।
जैन मुनियों का नगर में मंगल प्रवेश
डोंगरगांव। आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महामुनिराजजी के आज्ञानुवर्ती शिष्य मुनि श्री 108 साक्ष्य सागरजी महाराज एवं मुनि श्री 108 निर्वित्त सागरजी महाराज का बुधवार 1 जुलाई को डोंगरगांव नगर में मंगल प्रवेश हुआ। मुनि श्री बालाघाट से विहार करते हुए धर्म प्रभावना करते हुए डोंगरगांव पहुंचे, जहां श्री दिगम्बर जैन समाज के सभी वर्गों द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ उनका मंगल स्वागत किया गया।
मुनि श्री गुरु आज्ञा के अनुसार वर्ष 2026 के चातुर्मास हेतु वैशाली नगर, भिलाई की ओर विहार कर रहे हैं, जहां आगामी चार माह तक धर्म, ज्ञान एवं आध्यात्मिक साधना की गंगा प्रवाहित होगी। डोंगरगांव में मुनि श्री का अल्प प्रवास रहेगा लेकिन इस अल्प प्रवास को समाजजनों ने भक्तिभाव से अविस्मरणीय बना दिया।
समाज के सभी वर्गों ने मुनि श्री के दर्शन कर श्रीफल भेंट किया एवं आगामी 3 जुलाई से आयोजित होने वाले श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ में मुनि श्री के सानिध्य एवं मंगल आशीर्वाद हेतु निवेदन किया। इस अवसर पर समाजजनों ने मुनि श्री के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए धर्मलाभ प्राप्त किया। मुनि श्री के मंगल आगमन से नगर का वातावरण भक्तिमय एवं धर्ममय हो गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

