जामगांव आर। पाटन तहसील स्तरीय कर्मा जयंती एवं सामूहिक आदर्श विवाह का आयोजन 25 व 26 अप्रैल को होने जा रहा है. इस संबंध में तहसील साहू संघ पाटन, परिक्षेत्रीय साहू संघ जामगांव (आर) एवं इकाई साहू समाज भरर के संयुक्त नेतृत्व में 99 इकाइयों एवं पांचों परिक्षेत्रों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई.
बैठक में तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने कहा कि समाज की एकता ही इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएगी. उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक सदस्य 5 किलो चावल एवं 50 रुपए सहयोग राशि प्रदान कर कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देंगे. उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को 1010 कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा.

इसके पश्चात महिला सम्मेलन, तेल-माटी एवं चुलमाटी जैसे पारंपरिक आयोजन होंगे. वहीं 26 अप्रैल को भक्त माता कर्मा की महाआरती, बारात स्वागत, अतिथि आगमन एवं सामूहिक आदर्श विवाह कराए जाएंगे. परिक्षेत्रीय अध्यक्ष पारखत साहू ने कहा कि भरर में आयोजित यह आयोजन ऐतिहासिक साबित होगा.
पाइप लाइन फूटने से सुपेला में भरा पानी
भिलाईनगर। सुपेला पानी टंकी से पानी लोगों के घरों तक सप्लाई करने के लिए शनिवार को डिस्ट्रीब्यूटर लाइन की टेस्टिंग शुरू कर दी है. इस दौरान हाडवेयर लाइन एवं सुपेला रावण भाटा क्षेत्र जलमग्न हो गया. लाखों गैलन पानी सड़क, नाली एवं खुले स्थान पर भर गया. इससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी हुई.
स्थानीय लोगों की मानें तो रावणभाठा सुपेला और हार्डवेयर लाइन में पानी का पाइपलाइन लीकेज हो गया. इससे तेजी से पानी बहना शुरु हो गया और सुपेला क्षेत्र जलमग्न हो गया. सड़क व आसपास लबालब पानी भर गया. इससे आने जाने वालों को भारी परेशानी हुई. जल कार्य प्रभारी सुनील जैन ने बताया कि सुपेला पानी टंकी की टेस्टिंग कर जलापूर्ति करने की तैयारी की जा रही है.
उन्होंने बताया कि 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट से सुपेला में निर्मित नई पाई टंकी में पानी की सप्लाई सफलतापूर्वक की गई है. गर्मी को देखते हुए लोगों के घरों में जल्द से जल्द पानी पहुंचाने के लिए अब सप्लाई पाइपलाइन में कनेक्शन के बाद पानी की सप्लाई शुरू की गई थी. उन्होंने कहा कि लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने डेमो दिया है.
पानी निकासी का रास्ता नहीं : सुपेला रावण भाटा क्षेत्र के आसपास नाली गंदगी से भरी हुई थी पानी जाने का रास्ता नहीं होने के चलते सुपेला गदा चौक से घड़ी चौक के मध्य लक्ष्मी मार्केट के सामने की सड़क पानी से लबालब भर गया. नजारा ऐसा था जैसे बारिश के दिनों में रहता है. 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट में पदस्थ कार्यपालन अभियंता सुनील जैन ने कहा कि पानी टेस्टिंग की सुबह जानकारी मिल गई थी. उन्होंने कहा कि सुपेला पानी टंकी की टेस्टिंग की जा रही है. इस कार्य को जोन से किया जा रहा है.
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 7 लाख की ठगी
भिलाईनगर। नेवई थाना अंतर्गत रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर 7 लाख रुपए की ठगी की है. आरोपी ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर पैसे ऐंठने लिए 4 वर्षों तक आरोपी प्रार्थी को झांसा देता रहा. जब उसने पैसे लौटाने की मांग की तो उसे 3 चेक थमा दिए . बैंक में चेक बाउंस हो गए. रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार मरकाम के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है.
नेवई पुलिस ने बताया कि बीआरपी कॉलोनी मरोदा निवासी खिलेश्वर साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि ग्राम खोरपा पाटन निवासी सतीश मरकाम वर्तमान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर में वेल्डर ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत है. उसने रेलवे में बड़े अधिकाररियों से जान पहचान का हवाला देकर प्रार्थी को रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा दिया. उसकी बातों में आकर 10 फरवरी 2022 को 7 लाख रुपए नकद दिए.
इस पर उसने 7 महीने के अंदर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया. काम नहीं होने पर पैसा वापसी का आश्वासन दिया. विश्वास दिलाने के लिए आरोपी सतीश ने यूनियन बैंक पाटन शाखा के तीन कोरे चेक भी दिए. तय समय गुजरने के बाद न नौकरी लगी, न रकम वापस हुई. लगातार टालमटोल के बाद 28 जुलाई 2023 को आरोपी ने लिखित इकरारनामा किया, जिसमें रकम लेने की बात थी.
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में जमकर मतदान, आज मतगणना
दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के दो वर्षीय कार्यकाल वाले चुनाव के लिए शनिवार को गहमागहमी माहौल के बीच अधिवक्ता मतदाताओं ने मतदान किया. मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल रहा. इस चुनाव में कुल 1702 मतदाताओं में से 1454 मतदाताओं ने मतदान किया. मतदान का कुल प्रतिशत 85.50 रहा. मतदान के लिए 6 बूथ बनाए गए थे. बूथ क्रमांक-1 में 227, बूथ क्रमांक-2 में 276, बूथ क्रमांक-3 में 243, बूथ क्रमांक – 4 225, बूथ क्रमांक-5 में 239, बूथ क्रमांक 6 में 244 मत पड़े. 17 पदों के लिए हो रहे चुनाव में 64 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे है.
मतदान के दौरान प्रत्याशियों ने अधिवक्ता मतदाताओं को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. वे अंतिम समय तक अपने पक्ष में मतदान करने अधिवक्ता मतदाताओं से निवेदन – आग्रह करते रहे. जिससे जिला न्यायालय परिसर चुनावी रंग में रंगा रहा. मतदान उपरांत सभी प्रत्याशियों द्वारा अपने-अपने जीत के दावे किए गए है, लेकिन मतदान के बाद सामने आए रुझानों में सभी पदों पर कड़े मुकाबले के आसार बन रहे है.
इस चुनाव में कौन विजयी होगा या किस प्रत्याशी को पराजय का सामना करना पड़ेगा यह समय बताएगा. 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से पदाधिकारी पदों के प्रत्याशियों की मतगणना और 6 अप्रैल को सुबह 9 बजे से कार्यकारिणी सदस्य पद के प्रत्याशियों की मतगणना की जाएगी. जिसके बाद ही जीत हार का फैसला हो पाएगा.
इसके पहले शनिवार को जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए सुबह 9 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरु हुई. अधिवक्ता मतदाताओं द्वारा जिला न्यायालय परिसर स्थित बार क्रमांक – 4 के पास बने मतदान केन्द्र में उत्साह के साथ मतदान किया. मतदान के लिए 6 बूथ बनाए गए थे. मतदान की प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली.
जिला अधिवक्ता संघ का यह चुनाव अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला आरक्षित 1 पद), सचिव, सह- सचिव के 2 पदों में 1 पद महिला आरक्षित, कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव के 2 पदों में 1 पद महिला आरक्षित के अलावा 7 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए हो रहा है. कार्यकारिणी के 7 पदों में से 2 पद महिलाओं के लिए आरक्षित है.
चौथी रेल लाइन का काम शुरू, माल ढुलाई का रास्ता होगा साफ
राजनांदगांव। रेल्वे ने तीसरी लाइन का विस्तार पूरा किए जाने के बाद अब चौथी लाइन का कार्य युध्द स्तर पर शुरू कर दिया गया है. चौथी रेल लाइन के कार्य का शुरूआत टैक बनने के जगह को समतलीकरण से शुरू कर दिया गया है. मोतीपुर के पास समतलीकरण और पोल घेराव का कार्य किया जा रहा है. रेल्वे की माने तो आगामी 2028 तक चौथे लाइन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा. जिसके बाद जहां माल ढुलाई के लिए रास्ता साफ होगा, वही ट्रैफिक क्लीयर होने से पैसेंजर ट्रेनो में इजाफा होगा. तीसरी और चौथी लाइन के आलावा दुर्ग से गोंदिया व काचेवानी तक आठ ओव्हरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण पूरा हो गया है.
जानकारी अनुसार राजनांदगांव से नागपुर के कलमना तक 35-44 करोड़ की लागत से कुल 228 किमी तीसरी रेल लाइन का काम लगभग पूरा होने को है . दर्रेकसा की पहाड़ी, सुरंग और जंगल के पास कुछ काम बाकी है. वहीं अब चौथी रेल लाइन का काम तेजी से किया जा रहा है. रामनगर से मोतीपुर के पास जमीन को समतल भी शुरू कर दिया गया है. ओएचई केबल मिलाने पोल खड़े किए जा रहे है, वहीं स्लीपर्स पहुंच चुके है. इधर रेल्वे स्टेशन में रिनोवेशन का काम 90 फीसदी पूरा हो चुका है. चौथे प्लेटफार्म में चबूतरा बन्द, टीन शेड बन रहा. जल्द चौथे रेलवे ट्रैक का काम शुरू होगा.
चार सौ करोड़ का काम होगा
रेल्वे के कंट्रक्शन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार, चौथी रेल्वे लाइन का काम बिलासपुर से नागपुर तक करीब चार सौ करोड़ की लागत से हो रहा है. बहरहाल राजनांदगांव से डोंगरगढ़ के बीच काम शुरू कर दिया गया है. मुसरा व बांकल में ट्रैक पर गिट्टी और रेत डालने का काम किया जा रहा हैं, वहीं इस कार्य को आगामी तीन अप्रैल से जून तक करने का टारगेट रखा गया है. इधर नागपुर रेल मंडल में आठ ओवरब्रिज और अंडरब्रिज से आवाजाही जल्द शुरू होगी. नागपुर मंडल में दुर्ग से गोंदिया और काचेवानी तक 8 ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है. अफसरों ने बताया कि जल्द ही यहां से आवाजाही शुरू की जाएगी.
मनगटा रिसोर्ट में खुलेआम छलकाए जा रहे थे जाम
राजनांदगांव। पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद मनगटा के कुछ रिसोर्ट में ठहरने वालों को खुलेआम शराब के जाम छलकाये जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन रिसार्ट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की है.
थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम गठित कर मनगटा स्थित रिसार्ट में लगातार डीजे बजने एवं शराब पिलाने की शिकायत पर रिसार्टो में 4 अप्रैल को औचक छापेमारी की गयी. इस दौरान त्रिचा रिसार्ट एवं नायरा रिसार्ट मनगटा में रिसार्ट में आने जाने वाले लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराते पाए जाने से पीने वालों को मौके पर समझाइश दी गई.
त्रिचा रिसार्ट के संचालक चन्द्रशेखर पिता सुमन लाल यादव (24 साल) निवासी ग्राम बिहावबोड थाना घुमका एवं नायरा रिसार्ट के संचालक सोहन निर्मलकर पिता नारद निर्मलकर (30 साल) निवासी ग्राम मनगटा थाना सोमनी के विरूद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36 (च) के तहत कार्रवाई की गई एवं प्रतिबंधित करने धारा 170/126,135 (3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है.
कृषि फार्म हाउस में खेला जा रहा था हाईटेक आईपीएल क्रिकेट सट्टा
राजनांदगांव। ग्राम खैरझिटी स्थित एक कृषि फार्म हाऊस से चल रहे आईपीएल हाईटेक क्रिकेट सट्टा का खुलासा करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है. आरोपियों के पास से क्रिकेट सट्टा में प्रयुक्त किए जाने वाले लैपटॉप, मोबाइल व कार भी जप्त किए गए हैं. आरोपियों द्वारा सांई ऐप के जरिए हर बॉल और ओवर पर दांव लगवाया जाता था तथा कोड भाषा में सट्टा लिख कर हिसाब-किताब रखा जा रहा था.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि आरोपियों के पास से 1 नग लैपटॉप व चार्जर, 9 नग मोबाइल फोन, 1 नग सट्टा लिखने की कॉपी, 1 नग होंडा सिटी कार, 1 नग प्रोन्स कार, नगदी 900 रुपए तथा सट्टा पट्टी में दर्ज राशि 7 लाख 68 हजार रुपए जब्त किये गये. कुल जप्ती मूल्य 20 लाख 23 हजार 950 रूपये है. आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध का एंगल जोड़ा गया. आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 ( 4 ) एवं धारा 111 संगठित अपराध व आईटी एक्ट की धारा 66 (डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है. आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.
इस मामले में थाना घुमका के आरोपी नित उर्फ लिंबू उर्फ मुंकु नेपाली पिता स्व. निर्मल कुमार लिंबू उम्र 45 वर्ष निवासी गौरीनगर राजनांदगांव, अमित सोनी पिता सुरेन्द्र सोनी उम्र 42 वर्ष निवासी वार्ड नं. 38 सोनारपारा शीतला मंदिर थाना बसंतपुर, रियाज खान पिता इसाक खान उम्र 35 वर्ष निवासी वार्ड नं. 31 कंचन बाग अटल आवास थाना कोतवाली, चन्द्रशेखर सिन्हा पिता विद्याघर सिन्हा उम्र 32 वर्ष निवासी वार्ड नं. 16 खैरझिटी थाना घुमका तथा जसमीत सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी मानेवारा जिला नागपुर महाराष्ट्र को हिरासत में लिया गया है.
इसी प्रकार थाना बसंतपुर के आरोपी सागर सोनकर पिता इंदरमन सोनकर उम्र 38 वर्ष निवासी सोनकरपारा नंदई तथा राहुल सोनकर पिता स्व. मोतीलाल सोनकर उम्र 39 वर्ष निवासी सोनकरपारा नंदई थाना राजनांदगांव एवं थाना लालबाग के आरोपी बसंतपुर तीजूराम साहू पिता मंगलदास साहू उम्र 51 वर्ष निवासी ग्राम कुतुलबोर्ड भाटागांव थाना लालबाग एवं तुषार साहू पिता चोवाराम साहू उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम सिंघोला पुलिस चौकी सुरगी राजनांदगांव को गिरफ्तार किया गया है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

