भिलाईनगर। बीएसपी से ब्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप एवं कोक / कोयला चोरी के संगठित रैकेट का खुलासा कर प्रकरण में पुरानी भिलाई पुलिस ने 16वीं गिरफ्तारी कर लोडर ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोडर ऑपरेटर से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से लौह स्क्रैप के साथ-साथ कोक / कोयला भी ब्लू डस्ट में छिपाकर बाहर भेजा जाता था।

यह भी पढ़ें : CG Weather Today: संडे को घूमने का प्लान करने वालों सावधान! रायपुर समेत इन क्षेत्रों में बारिश का रेड अलर्ट जारी

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 26 मई को मुखबिर से सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित एके ट्रेडर्स तथा प्लॉट क्रमांक- 18, एचआईए हथखोज में पुलिस टीम ने जांच की। मौके पर विभिन्न हाईवा, ट्रक एवं अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम एवं कटिंग सामग्री भरी हुई पाई।

साथ ही बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप अलग- अलग स्थानों पर संग्रहित मिला था। मौके से लगभग 250 टन वजनी लौह प्लेट, बीम कटिंग एवं अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की थी। इसके अतिरिक्त स्क्रैप परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहन, हाइड्रा, जेसीबी एवं अन्य मशीनरी भी बरामद की थी।

विवेचना के दौरान आरोपी हेमंत देवांगन (22 वर्ष) निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था। गिरोह के सदस्यों द्वारा उससे रात्रि के समय लौह स्क्रैप के साथ-साथ कोक/कोयला भी लोड कराया जाता था। उसे ब्लू डस्ट के भीतर छिपाकर हाइवा वाहनों के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र से बाहर भेजा जाता था।

आरोपी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर घटना में प्रयुक्त लोडर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। प्रकरण में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं विवेचना जारी है।

भिलाई इस्पात मजदूर संघ का एक धड़ा नई यूनियन बनाएगा

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात मजदूर संघ की नई कार्यकारिणी से कई लोगों का पत्ता काट दिया गया है। चर्चा है कि नई कार्यकारिणी में जिन नेताओं के नाम नहीं हैं वे नई यूनियन बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस नई यूनियन का नेतृत्व रविशंकर सिंह व शारदा प्रसाद गुप्ता कर सकते हैं। दो सप्ताह के बाद नई यूनियन के अस्तित्व में आने की संभावना है।

भिलाई इस्पात मजदूर संघ ने पिछले दिनों नई कार्यकारिणी घोषित की गई। इसमें वरिष्ठ नेता रविशंकर सिंह व उनके समर्थकों को नहीं रखा गया। सूत्रों की मानें तो इससे गुस्साये नेता अब एक नई यूनियन बनाने कवायद कर रहे हैं। इसमें रविशंकर सिंह, शारदा प्रसाद गुप्ता सहित उनके समर्थक पदाधिकारी हो सकते हैं। इन दोनों नेताओं को सांसद विजय बघेल का काफी करीबी माना जाता है।

असल में भिलाई इस्पात मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रविशंकर सिंह और उनके समर्थकों ने रजिस्ट्रार व्यावसायिक संघ को पत्र लिखकर दिनेश पांडेय द्वारा जमा ई फार्म को रजिस्टर्ड नहीं करने की अपील की थी लेकिन उसे रजिस्टर्ड कर लिया गया। बताया जाता है कि इससे नाराज रविशंकर सिंह, शारदा प्रसाद गुप्ता और उनके समर्थकों ने नई यूनियन बनाने का निर्णय लिया है।

हालांकि उन्होंने अभी तक अधिकृत तौर पर कुछ नहीं कहा है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात मजदूर संघ के पूर्व उपाध्यक्ष शारदा प्रसाद गुप्ता और विनोद उपाध्याय पहले ही अपना इस्तीफा रविशंकर सिंह को सौंप चुके हैं। विनोद उपाध्याय भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक हैं और शारदा प्रसाद गुप्ता प्रदेश झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ में प्रदेश संवाद प्रमुख हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष के कहने पर एक दायित्व संभालने के लिए उन्होंने यूनियन से इस्तीफा दिया था।

अब पी क्यू ग्रुप सिस्टम से होगी बीटेक की पढ़ाई, थ्योरी – लैब का बदलेगा पूरा शेड्यूल

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने तकनीकी शिक्षा को अधिक व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस नई व्यवस्था से कक्षाओं में भीड़ कम होगी, प्रयोगशालाओं में प्रत्येक छात्र को बेहतर अवसर मिलेगा, समय सारिणी अधिक व्यवस्थित होगी तथा शिक्षकों के लिए भी अकादमिक प्रबंधन आसान बनेगा।

विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 से बी.टेक. प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए पी एवं क्यू ग्रुप सिस्टम लागू की है। नए नियम के तहत सभी संबद्ध इंजीनियरिंग कॉलेजों को छात्रों को दो समूहों में विभाजित कर निर्धारित विषयों की पढ़ाई और प्रयोगशालाएं संचालित करनी होगी । विश्वविद्यालय ने इस प्रक्रिया को 31 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

इस तरह से प्रत्येक कॉलेज को अपनी सभी शाखाओं के लगभग 50-50 प्रतिशत विद्यार्थियों को दोनों समूहों में बांटना होगा। इसका उद्देश्य कक्षाओं और प्रयोगशालाओं में विद्यार्थियों की संख्या को संतुलित रखना तथा शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना है।

तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे 31 जुलाई तक छात्रों का ग्रुप निर्धारण कर उसकी जानकारी ई-मेल के माध्यम से विश्वविद्यालय को भेजें तथा इसकी हार्ड कॉपी भी रजिस्ट्रार कार्यालय में जमा करें। आदेश का पालन सत्र 2026-27 एवं आगामी सभी सत्रों में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य रहेगा।

थ्योरी और लैब कक्षाओं का समयबद्ध होगा संचालन

यह व्यवस्था केवल ग्रुप बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर के विषयों का संचालन भी निर्धारित ग्रुप के अनुसार किया जाएगा। इससे थ्योरी और लैब कक्षाओं का समयबद्ध संचालन आसान होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर सीखने का वातावरण मिलेगा। इस तरह से प्रथम सेमेस्टर में इंजीनियरिंग मैथेमेटिक्स-1, बेसिक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग फिजिक्स/नॉन-सर्किट तथा फंडामेंटल्स ऑफ कंप्यूटर एंड आईटी जैसे विषय पी एवं क्यू ग्रुप अनुसार अलग-अलग क्रम में पढ़ाए जाएंगे।

इसी प्रकार द्वितीय सेमेस्टर में इंजीनियरिंग मैथेमेटिक्स- 2, एनवायरनमेंटल केमिस्ट्री, कॉन्सेप्ट ऑफ प्रोग्रामिंग लैंग्वेज, इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, बेसिक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा फंडामेंटल्स ऑफ कंप्यूटर एंड आईटी की कक्षाएं भी निर्धारित ग्रुप के अनुसार संचालित होगी।

भिलाई निगम के 2021 के आरक्षण में गड़बड़ी का आरोप

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के 2021 में हुए वार्ड आरक्षण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। निगम के पार्षद महेश वर्मा और पियूष मिश्रा ने कलेक्टर, स्थानीय निर्वाचन अधिकारी दुर्ग को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि 2021 के चुनाव में आरक्षण 2011 की जनगणना की गलत जानकारी के आधार पर किया गया था। उन्होंने मांग की है कि आरक्षण प्रक्रिया की जांच कराकर उसे 2011 की जनगणना ब्लॉकों के अनुसार सही किया जाए।

एससी के 9 वार्डों में गड़बड़ी का दावा पार्षदों ने बताया है कि निगम ने 2011 के अनुसार गलत तरीके से अनुसूचित जाति के 09 वार्ड आरक्षित किए थे। जबकि 2011 के ब्लॉकों के अनुसार ये 6 वार्ड आरक्षित होने चाहिए थे। गलत आरक्षित किए गए 9 वार्ड- इसमें बापूनगर वार्ड – 43, श्यामनगर- 36, कृष्णानगर- 08, लक्ष्मीनगर- 10, प्रियदर्शिनी परिसर – 06, सेक्टर-9 हॉस्पिटल सेक्टर- 69, नेहरुनगर- 04, शहीदवीरनारायण सिंह नगर – 51, बैकुंठधाम सुन्दर नगर-32 है। 2011 के अनुसार सही एससी आरक्षित- वार्ड में जुनवानी -01, कोसानगर – 05, कृष्णानगर- 08, राजीवनगर सुपेला – 09, बैकुंठधाम सुन्दरनगर- 32, श्यामनगर – 36 है।

एसटी के 3 वार्ड भी गलत है। इसी तरह अनुसूचित जनजाति के 3 वार्ड भी गलत आरक्षित किए गए। गलत आरक्षित में सेक्टर -04 पश्चिम-58, सेक्टर- 06 पूर्व- 61, सेक्टर -06 मध्य – 62 शामिल है। 2011 के अनुसार सही आरक्षित वार्ड में सेक्टर- 03 – 52, सेक्टर- 06 पूर्व – 61, सेक्टर- 06 मध्य- 62 है।

राजपत्र में भी त्रुटिपूर्ण जानकारी

पार्षदों ने पत्र में लिखा कि गलत आरक्षण के कारण राजपत्र 22 मार्च 2021 में भी त्रुटिपूर्ण जानकारी प्रकाशित हुई। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि जनगणना 2011 के ब्लॉकों के अनुसार जांच कराकर उपरोक्त अनुसार आरक्षण किया जाए।

शिव नारायण सुपेला थाना और पूर्ण बहादुर ब आबांधा चौकी प्रभारी

भिलाईनगर। पुलिस विभाग ने प्रशासनिक कारणों से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कई पुलिस कर्मियों का इधर से उधर स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। निरीक्षक शिव नारायण सिंह रक्षित केन्द्र दुर्ग को सुपेला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप निरीक्षक पूर्ण बहादुर को थाना भिलाई नगर से स्थानांतरित कर पुलिस चौकी रुआबांधा का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें चौकी की जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा प्रधान आरक्षक राकेश सिंह जो वर्तमान में रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ थे, उन्हें पुलिस चौकी रुआबांधा में पदस्थ किया गया है। वहीं थाना भिलाई नगर में पदस्थ प्रधान आरक्षक विनय साथ को भी पुलिस चौकी रुआबांधा भेजा गया है। पुलिस विभाग ने जारी आदेश में आरक्षक स्तर के कर्मचारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आरक्षक इशरार खान, आरक्षक बीरेन्द्र साहू और आरक्षक दोलेस कुमार ठाकुर को पुलिस चौकी रुआबांधा में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ आरक्षक उदय निषाद को भी आबांधा चौकी में तैनाती दी गई है।

ऑपरेशन के समय विशेषज्ञ डॉक्टरों का रहना अनिवार्य, नहीं तो होंगे निलंबित

राजनांदगांव। डोंगरगांव ग्राम टोलागांव के नवजात की मौत के बाद जिला अस्पताल में कई बदलाव किए जा रहे है। जिसके तहत अब सीजेरियन के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डाक्टर की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें लापरवाही बरते जाने पर सीधे निलंबन की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए है।

विगत दिनों ड्यूटीरत डाक्टरों द्वारा बरते गए लापरवाही के बाद सख्त नियम लागू किया गया है। अब ओटी में उपस्थिति अनिवार्य की गई है। इस आदेश का पालन नहीं करने पर शिशु रोग विशेषज्ञों पर सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल के 100 बेड मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत के बाद सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद ने डाक्टरों को कड़े निर्देश दिए है।

डाक्टर होने पर तत्काल मिलेगी इलाज की सुविधा

सीएस महेन्द्र प्रसाद ने बताया कि, वर्तमान में जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में बनी नई ओटी में गर्भवतियों की डिलीवरी की जाती है। लेकिन नवजात की हालत गंभीर होने पर उसे लंबी दूरी तय कर 100 बेड मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट के एसएनसीयू वार्ड तक ले जाना पड़ता है, इसमें रिस्क होने के साथ समय खराब होता है । इसी समस्या को ध्यान में रख अस्पताल प्रबंधन द्वारा यह निर्णय लिया गया है। क्रिटिकल कंडिशन होने पर ओटी में तैनात शिशु रोग विशेषज्ञ सीधे नवजात की जांच कर प्राथमिक इलाज करेंगे और जरूरत पड़ने पर एसएनसीयू में भर्ती करेंगे।

जिला अस्पताल को लेकर दो तरह की जांच जारी नवजात बच्चे की मौत मामले में भले ही प्रशासन ने दो लैब टेक्निशिनन पर कार्यवाही की है। लेकिन इसमें ड्यूटीरत डाक्टरों की भी लापरवाही पाई गई है, जो जांच में भी सामने आया था। हांलाकि इसके बाद जांच टीम बनाने की बात कही गई है।

लेकिन वर्तमान में रिपोर्ट सामने नही आई है और कार्यवाही भी नही हुई हैं। वही दूसरी जांच ड्यूटी के समय डाक्टरों को नही होने पर सीएस द्वारा डां विक्रम बैद और डां मयंक सुराना को नोटिस दिया गया है। इसमें स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने शिकायत की है। जिसकी जांच तीन सदस्यीय टीम कर रही है। इस मामले में नर्स और डाक्टरों का बयान हो चुका है। लेकिन रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है।

गांवों में नक्सली बैनर और पर्चे लगाकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को किया गई गिरफ्तार

राजनांदगांव। जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरोली पुलिस ने पिपली बुरगी क्षेत्र में माओवादी बनकर बैनर और पर्चे लगाकर आतंक फैलाने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गढ़चिरोली पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 12 जुलाई को पोस्ट पिपली बुरगी से लगभग 5 किमी दूर, जिजावंडी टोला की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ से पहले बाई ओर स्थित गांव के साइनबोर्ड के नीचे लोहे के कोण पर एक लाल कपड़े का बैनर मिला, और एक सफेद कागज का पोस्टर जमीन पर एक पत्थर के नीचे और किनारे पर पड़ा मिला। उक्त पोस्टर और बैनर पर नागरिकों के मन में भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से पाठ लिखा गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, गढ़चिरोली के पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर आरोपी का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई। इसी के आधार पर 14 जुलाई को पोस्ट पिपली बुरगी में धारा 353 (1) (बी), 189 (2), 190, 61 (2) आईपीसी, धारा 10, 13, 20, 39 गैरकानूनी गतिविधियां अधिनियम और धारा 135 महाराष्ट्र के पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया गया। उक्त जांच के दौरान, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पाया गया कि शिव अनिल मिस्त्री (48 वर्ष), निवासी तरुणनगर, तहसील पखांजुर, जिला कांकेर छत्तीसगढ़ तथा रोहित रणजीत मल्लिक (25 वर्ष), निवासी वाटेली, तहसील एटापल्ली, जिला गढ़चिरोली, ने माओवादी होने का ढोंग करते हुए नागरिकों में आतंक फैलाने के इरादे से उक्त पर्चे और बैनर लगाए थे। इसके बाद, गढ़चिरोली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जारी है।

टंकी का काम अधूरा, पानी कहां से आएगा पता नहीं

राजनांदगांव। गठुला में जल जीवन मिशन के तहत किए गए अधूरे निर्माण के बाद धर्मापुर में भी इसी तरह की लापरवाही सामने आई है। यहां भी ठेकेदार द्वारा मिशन का काम अधूरा छोड़कर भाग गया है। टंकी के चारों ओर घेरा बनाया जाना था। इसका भी निर्माण पूरा नही किया गया है। यही नही टंकी बनने के बाद यह तय नही है कि पानी कहां से आएगा। सरपंच की माने तो करीब एक हजार फीट बोरवेल्स किए जाने के बाद पानी एक बूंद नही मिला। ऐसे में टंकी का औचित्य समझ से परे है।

ग्राम पंचायत धर्मापुर में जल जीवन मिशन के ठेकेदार द्वारा किए गए व्यापक पैमाने पर लापरवाही स्पष्ट नजर आ रही है। टंकी बनाने के लिए लगाए गए बांस की बल्लियों को तक नही निकाला गया है । इस मसले को लेकर जब ग्राम पंचायत के सरपंच कोमल सिंह टंडर जानकारी ली गई तो उन्होने बताया कि कई बार उन्होने ठेकेदार विशाल सिंह से संपर्क किया। इस टंकी का निर्माण प्रताप कंट्रव श न राजनांदगांव द्वारा किया गया है। टंकी बने तीन साल बीत चुका है। लेकिन पानी का उपलब्धता नही होने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

लाखों रूपए की टंकी जर्जर स्थिति में पहुंचने लगी है। केन्द्र सरकार द्वारा हर घर नल कनेक्शन दिए जाने के लिए जल ही जीवन मिशन लाया गया था। इस मिशन का उछेश्य रहा कि जीवन के लिए जल अमूल्य है और इसे हर घर तक पहुंचाना है। लेकिन पूरी योजना ही लापरवाही की भेंट चढ़ गई। है । टंकी बनाने से पहले पानी कहां से आएगी इस पर प्लान बनाने के बजाय पीएचई विभाग द्वारा कमीशन के चक्कर में पहले पाइप लाइन बिछवाया गया। जिसके बाद टँकी बनाई गई। वहीं अब पानी कहां आएगा इस पर अफसर भी जवाब नही से दे पा रहे है।

पानी के लिए मचा हाहाकार

धर्मापुर के ग्रामीणों की माने तो पूरा इलाका ड्राई जोन में है। सरपंच ने बताया कि टंकी बनाने के बाद करीब एक हजार फीट तक बोरवेल्स की खुदाई की गई थी। लेकिन इसके बाद भी एक बूंद पानी नही मिल पाया और आज बगैर पानी के टंकी उपयोगविहिन साबित हो रही है।

ग्रामीणों की नाराजगी अब सीधे अफसर और जब ठेकेदार पर फूटने लगा हैं। इस संबंध में ठेकेदार विशाल सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होने कुछ भी नही बताया, इधर ग्रामीणों की माने तो पीएचई विभाग के ईई पल कोठार से उनके मोबाइल नंबर पर लगातार संपर्क किया जा रहा है। लेकिन वे फोन नही उठाती है। ऐसे में ग्रामीण प्रशासन से शिकायत करने की तैयारी में है।

गंडई में आज जिला स्तरीय लक्ष्य प्रतिभा सम्मान एवं करियर गाइडेंस समारोह

गंडई-पंडरिया। लक्ष्य छत्तीसगढ़ की जिला इकाई खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में रविवार को कृषि उपज मंडी गंडई में जिला स्तरीय लक्ष्य प्रतिभा सम्मान एवं करियर गाइडेंस समारोह- 2026 आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। समारोह में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें। उच्च शिक्षा प्रतियोगी परीक्षाओं रोजगार के अवसरों और करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।

विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य की तैयारी को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव के प्रो. डॉ. डी.के. वर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा के बीएमओ डॉ. अश्वनी वर्मा अपने विचार रखेंगे।

रूला रही महंगी बिजली बिल और कटौती भी कर रहा परेशान

राजनांदगांव। स्मार्ट मीटर के लगने के बाद अचानक बढ़े बिजली बिल ने उपभोक्ताओं की नींद उड़ा दी है। जुलाई माह में भले ही शासन द्वार बढ़े बिल के दाम लागू कर दिए गए है। लेकिन इसका झटका जून माह के बिल में ही देखने को मिल रहा है। जिसमें ज्यादातर पीडित उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के है।

जिले में लगातार बिजली कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे है। निशुल्क लगाए गए इस मीटर से साइलेंस वसूली उपभोक्ताओं से की जा रही है। अभी जुलाई माह में नए टैरिफ दर लागू कर दिया गया है। ऐसे में अगस्त माह का बिल भी बढ़कर आएगा। ज्यादातर उपभोक्ताओं के पहले से तीन गुणा तक अधिक बिल आए है।

सोमनी के हितेश साहू ने बताया कि जून माह में अचाकन बिल बढ़ा है, उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद ऐसी स्थिति बन रही है। इधर स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल बढ़ने की लगातार शिकायत के बाद भी कंपनी सुनवाई में गंभीरता नहीं दिखा रही है। जिससे उपभोक्ताओ में जमकर नाराजगी सामने आ रही हैं।

प्रयास आवासीय विद्यालयों में शुरू 9वीं प्रवेश की काउंसलिंग

खैरागढ़। प्रवास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों की काउन्सलिंग शुरू हो गई है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विभाग ने चयनित विद्यार्थियों की सूची एवं काउन्सलिंग की तिथियां वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, काउन्सलिंग 5 अगस्त तक संबंधित आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा ।

काउन्सलिंग के समय विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक) अंकसूची प्रधानपाठक या प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत प्रमाण-पत्र जाति प्रमाण-पत्र तथा पात्रता अनुसार नक्सल पीड़ित विशेष पिछड़ी जनजाति अल्पसंख्यक दिव्यांग अनाथ विधवा या परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा पुलिस अर्द्धसैनिक सशस्त्र बल अथवा शहीद सैनिक के बच्चों से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m