भिलाईनगर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर का नाम एक बार फिर सामने आया है। इस बार उस पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है। आरोप है कि बाइक से जा रहे प्रॉपर्टी डीलर को पहले बेसबॉल के डंडे से हमला कर गिराया, फिर चाकू कटर और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए गए। पीड़ित के पैर और गर्दन पर 8 से 10 बार किए गए हैं। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें : बड़ी खबर : पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई का निधन, 72 की उम्र में ली अंतिम सांस

भिलाईनगर थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि योगेश सुर्यवंशी (32 वर्ष) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 2 जुलाई की रात करीब 11.30 बजे वे सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर रिसाली की ओर लौट रहे थे। जब वे डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से पल्सर बाइक पर आए युवकों ने उनके सिर पर बेसबॉल के डंडे से हमला कर दिया।

narayana

प्रार्थी प्रॉपर्टी डीलर योगेश ने पुलिस को बताया कि किसी तरह बाइक वो संभालकर आगे बढ़ा, लेकिन आरोपियों ने फिर उनका पीछा किया और बाइक के पहिए में डंडा फंसा दिया। इससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद हरीश यादव ने किसी धारदार हथियार से उनके गले के पास हमला किया।

जब वे जान बचाकर भागने लगे तो प्रखर चंद्राकर और अमन मूर्ति ने उन्हें पकड़ लिया। एफआईआर के अनुसार अमन मूर्ति ने गर्दन के पास चाकू से वार किए, जबकि प्रखर चंद्राकर ने कटर और बटनदार चाकू से दोनों पैरों पर लगातार 8 से 10 वार किए। हमले में योगेश लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

इसी दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने घायल योगेश को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।

योगेश ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनकी हत्या करने की नीयत से हमला किया। उनकी शिकायत के आधार पर पहले नेवई थाना में जीरो नंबर पर अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद मामला भिलाई नगर थाना भेजा गया, जहां आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

सट्टा ऐप से जुड़ा है प्रखर चंद्राकर का नाम

लगातार कर रहा गुंडागर्दी यह पहला मामला नहीं है, जब प्रखर चंद्राकर का नाम हिंसक वारदात में सामने आया हो। करीब 9 महीने पहले रायपुर के तेलीबांधा स्थित जूक क्लब में भी उस पर दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा था। उस मामले में प्रखर चंद्राकर, पुलकित चंद्राकर और उनके साथियों ने मारपीट की थी। वीडियो में मारपीट के बाद आरोपी डांस करते हुए भी दिखाई दिए थे।

इससे पहले भी भिलाई सुपेला पुलिस प्रखर चंद्राकर को मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। 18 मई को सुपेला थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे युवकों के साथ मारपीट हुई थी। शिकायतकर्ता सौरभ वर्मा ने पुलिस को बताया था कि उनके दोस्त आयुष पर डंडे से हमला किया था। जांच के बाद पुलिस ने प्रखर चंद्राकर को भिलाई नगर के घड़ी चौक से गिरफ्तार किया।

भिलाई निगम कर्मियों की 25 मांगों पर सहमति

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए गठित संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई। इसमें कई मांगों पर सहमति बनी। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में छ.ग. स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ और छ.ग. कर्मचारी कांग्रेस संघ के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में 25 सूत्रीय मांगों पर गहन चर्चा के बाद निर्णय लिए गए। कुछ मांगें निगम स्तर पर और अधिकांश शासन स्तर पर कारवाई के लिए भेजी गई हैं। कर्मचारी समस्याओं पर चर्चा के लिए परामर्शदात्री समिति की बैठक अब हर 2 माह में होगी। पहले यह 3 माह में एक बार तय थी। एलएसजीडी डिप्लोमा पास 47 कर्मचारियों को दो वेतनवृद्धि का लाभ दिया जा रहा है।

11 कर्मचारियों के लिए संचालनालय को पत्र भेजा गया। निगम में रिक्त पदों पर तत्काल पदोन्नति के लिए बैठक की गई। डाटा एंट्री ऑपरेटर, लाईनमेन, वाहन चालक आदि तकनीकी पदों का चैनल निर्धारण कर पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। एनपीएस राशि हर माह खाते में जमा की जाएगी। वर्तमान में यह 2-3 माह के अंतराल में हो रहा है।

सेवा सहकारी समितियों में भंडारित खाद के तीन नमूने गुणवत्ता जांच में फेल

दुर्ग। सेवा सहकारी समितियों में भंडारित खाद के तीन नमूने गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए हैं। मामले में विक्रेता व निर्माता कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अब तक प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 8 नमूने अमानक मिल चुके हैं।

इन कंपनियों के है अमानक खाद प्रयोग शाला में परीक्षण के दौरान गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए नमूनों में एक पाटन विकासखंड के सेवा सहकारी समिति औंधी से लिए गए थे। यहां भण्डारित बीईसी फर्टिलाइजर कंपनी के एसएसपी खाद अमानक मिले है। इसी प्रकार सेवा सहकारी समिति पहंडोर में भंडारित एग्रोफास इंडिया लिमिटेड कंपनी की भी एसएसपी खाद का एक नमूना गुणवत्ता विहीन पाया गया है।

वहीं सेवा सहकारी समिति चंगोरी में भण्डारित श्री गणपति फर्टिलाइजर्स लिमिटेड कंपनी की एसएसपी (जी) खाद का एक नमूना प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के अनुसार अमानक पाए गए हैं। अमानक पाए गए खाद के लाट में सेवा सहकारी समिति औंधी में 2 सेवा सहकारी समिति पहंडोर में 1.800 एवं सेवा सहकारी समिति चंगोरी में कुल 10 टन खाद है। जिले में लगभग 50 टन खाद गुणवत्ता जांच में फेल हो चुके हैं।

विक्रय पर लगा दिया गया है प्रतिबंध : उप संचालक कृषि संदीप भोई का कहना है कि अमानक पाए खाद के लाट की विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही निर्माता कंपनी व विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।

सेक्टर-9 अस्पताल को आऊटसोर्सिंग में देने का विरोध

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के सेक्टर-9 अस्पताल के संभावित निजीकरण को लेकर संयुक्त ट्रेड यूनियनों की बैठक हुई। बैठक में अस्पताल को सार्वजनिक क्षेत्र में बनाए रखने तथा इसके संरक्षण के लिए व्यापक जनआंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में इंटक, एटक, एक्टू सीटू, एचएमएस, लोईमू एवं स्टील वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि अस्पताल के संभावित निजीकरण को लेकर कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं आम नागरिकों के बीच जनजागरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। विभिन्न केंटीनों एवं अस्पताल परिसर में पर्चे वितरित कर लोगों से 14 जुलाई को शाम 6 बजे सेक्टर-9 अस्पताल के मुख्य द्वार पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई।

जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं की रक्षा का संघर्ष

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सेक्टर-9 अस्पताल लंबे समय से कर्मियों, सेवानिवृत्त कर्मियों तथा क्षेत्र की जनता को • चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। यूनियनों का कहना है कि यदि अस्पताल का संचालन निजी अथवा कॉरपोरेट प्रबंधन को सौंपा गया, तो इससे चिकित्सा सेवाओं की लागत बढ़ने और कमचारियों, पेंशनरों तथा आम नागरिकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसलिए किसी भी प्रकार के निजीकरण, लीज अथवा कॉरपोरेट प्रबंधन को सौंपने के प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

14 जुलाई को विशाल प्रदर्शन का आह्वान

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 14 जुलाई को शाम 6 बजे सेक्टर-9 अस्पताल के मुख्य द्वार पर संयुक्त ट्रेड यूनियनों के नेतृत्व में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

चंद्रामौर्या टॉकीज के सामने शुरू हुआ सर्विस रोड का निर्माण

भिलाईनगर। शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक चंद्रामौर्या टॉकीज से पावर हाउस चौक तक यातायात का दबाव कम करने के लिए भिलाई नगर निगम ने 1.57 करोड़ रुपए की लागत से नई सर्विस रोड का निर्माण शुरू कर दिया है।

नगर निगम द्वारा नेशनल हाईवे की सर्विस रोड के समानांतर डामरीकरण सड़क और नाली का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निगम का दावा है कि इस सड़क के बनने से आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी। पूर्व में पावर हाउस से चंद्रामौर्या चौक जाने वाली पुरानी सर्विस सड़क पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में आ गई थी। इसके चलते फ्लाईओवर के बगल वाली सर्विस सड़क पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया था।

इसी दबाव को कम करने के लिए नगर निगम ने 1.57 करोड़ रुपए स्वीकृत कर समानांतर सर्विस सड़क बनाने की स्वीकृति दी। अधिकारियों का मानना है कि नई सड़क बनने से भारी यातायात का नागरिकों दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर इंजीनियरों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

हाल ही में मजार के पास से अतिक्रमण भी हटाया गया था, लेकिन उक्त स्थल पर अभी भी यातायात का दबाव अधिक बना हुआ है। नई सर्विस रोड शुरू होने से टाउनशिप क्षेत्र की ओर जाने वाले को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं शिवनाथ विस्तार योजना की भूमि पर संचालित विभिन्न गैरेज और कबाड़ की दुकानों तक भारी वाहनों व फोर व्हीलर के आवागमन के लिए चौड़ी सड़क उपलब्ध होने से ट्रैफिक व्यवस्था सुगम होगी।

जालबांधा ग्रामीण बैंक में तकनीकी खामी से बैंकिंग व्यवस्था ठप

जालबांधा। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की जालबांधा शाखा में पिछले नौ दिनों से तकनीकी खराबी के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हैं। कंप्यूटर सिस्टम बंद होने से नकद निकासी सहित अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित हो गई हैं जिससे क्षेत्र के किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

खरीफ सीजन के बीच किसानों को कृषि कार्यों के लिए तत्काल नकदी की जरूरत है। कई किसान डीजल खरीदने और अन्य कृषि खर्चों के लिए बैंक पहुंचे लेकिन लेनदेन नहीं होने से उन्हें बिना राशि निकाले लौटना पड़ा। वहीं, अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री खरीदने में भी दिक्कतें आ रही हैं। नकदी संकट का असर स्थानीय बाजार और छोटे व्यापारियों के कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है।

ग्राहकों का कहना है कि बैंक प्रबंधन पिछले कई दिनों से तकनीकी समस्या जल्द दूर होने का भरोसा दे रहा है लेकिन अब तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित गति से प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। जालबांधा क्षेत्र में यह एकमात्र बैंक शाखा होने के कारण हजारों खाताधारक इसी पर निर्भर हैं।

लगातार बाधित बैंकिंग सेवाओं से आमजन को आर्थिक और दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल तकनीकी खामी दूर कर नियमित बैंकिंग सेवाएं बहाल करने की मांग की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H