Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : राजनांदगांव. एलआईसी पॉलिसीधारकों के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने एक एलआईसी एजेंट को गिरफ्तार किया है. आरोपी एजेंट ने योजनाबद्ध तरीके से पॉलिसीधारकों के वास्तविक पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर नई पॉलिसियां खुलवाई और पुरानी पॉलिसियों को नियमित नहीं कराया. इसके चलते कई पॉलिसियां लैप्स हो गईं और पॉलिसीधारक को करीब 6 लाख 39 हजार 571 रुपए का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. पुलिस के अनुसार प्रार्थी मुकेश नाम से एलआईसी एजेंट देवेन्द्र सोनकर के माध्यम से विभिन्न बीमा पॉलिसियां ली थीं. 7 अप्रैल 2026 को जब उसने एलआईसी कार्यालय में अपनी पॉलिसियों के संबंध में जानकारी ली, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ. जांच में पता चला कि आरोपी ने पॉलिसीधारकों के पते की जगह अपना पता सोनकर ने अपने और परिवार के सदस्यों के दर्ज कराया था. साथ ही पुरानी पॉलिसियों को नियमित कराने के बजाय नई पॉलिसियां कराई गईं. पुरानी पॉलिसियों के लैप्स होने के कारण पॉलिसीधारक को लगभग 6,39,571 रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ. शिकायत के आधार पर बसंतपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के बाद आरोपी देवेन्द्र सोनकर के खिलाफ अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 318 (4), 316 (5) भारतीय न्याय संहिता में अपराध दर्ज किया गया. पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया.
चाकू लहराकर डरा रहा था, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव. थाना बसंतपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नंदई चौक स्थित आम स्थान पर एक व्यक्ति धारदार चाकू लहराकर आम नागरिकों को भयभीत कर रहा है. सूचना पर थाना बसंतपुर पुलिस द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी रितेश यादव उर्फ लारो यादव को पकड़ा गया. आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर जप्त किया गया. आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 410/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया.
कमीशन विवाद में हत्या, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव . चिखली चौकी क्षेत्र के दीनदयाल नगर में जमीन खरीदी-बिक्री के कमीशन की रकम को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी ने लोहे के सब्बल से मृतक के सिर और माथे पर कई गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे हॉल में छिपा दिया और मकान में ताला लगाकर फरार होने की कोशिश की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया . पुलिस के अनुसार 3 चिखली सितंबर को दीनदयाल नगर में हत्या की सूचना मिली थी. सूचना पर चौकी चिखली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. प्रार्थी विकास देवांगन की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक अर्जुन वाधवानी 2 सितंबर की रात घर से निकला था, लेकिन सुबह तक वापस नहीं लौटा. परिजन और परिचित उसकी तलाश करते हुए दीनदयाल नगर स्थित आरोपी सुनील वर्मा के किराये के मकान तक पहुंचे. मकान के पीछे हॉल में चादर में लिपटा अर्जुन का शव मिलने पर मामले का खुलासा हुआ. पुलिस पूछताछ में आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू ने बताया कि वह और मृतक अर्जुन वाधवानी जमीन खरीदी-बिक्री का काम करते थे. जमीन के एक सौदे से करीब छह लाख रुपये कमीशन मिला था. आरोपी अपने हिस्से की आधी रकम मृतक से मांग रहा था, लेकिन अर्जुन पिछले करीब छह-सात महीने से रकम देने में टालमटोल कर रहा था. घटना वाले दिन भी दोनों के बीच आरोपी के किराये के मकान में कमीशन की रकम को लेकर विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर सुनील ने मकान में रखे लोहे के सब्बल से अर्जुन के सिर और माथे पर लगातार कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे हॉल में रख दिया और मकान में ताला लगा दिया. आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने कपड़ों को छिपाने के लिए मृतक की कार का इस्तेमाल किया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और मृतक की कार जब्त कर ली है. पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू पिता उमाशंकर वर्मा, उम्र 29 वर्ष, निवासी रामनगर वार्ड क्रमांक 8, वर्तमान निवासी चिखली दीनदयाल नगर, चौकी चिखली, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है. उसे 4 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
विश्राम गृह और वन विभाग के बिजली कनेक्शन कटे
पंडरिया. शासकीय विभागों द्वारा लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किए जाने के मामले में बिजली विभाग ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में विभाग ने नगर के विश्राम गृह और वन विभाग कार्यालय के बिजली कनेक्शन काट दिए हैं. विश्राम गृह पर करीब 90 हजार रुपये जबकि वन विभाग पर लगभग 40 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया बताया जा रहा है. बिजली कनेक्शन कटने के बाद विश्राम गृह की व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं. यहां पेयजल पंखे और प्रकाश व्यवस्था ठप होने से अधिकारियों तथा आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विश्राम गृह में ठहरने वाले लोगों को भी बिजली के अभाव में असुविधा उठानी पड़ रही है. इससे पहले बीते बुधवार को बिजली विभाग ने बस स्टैंड के समीप स्थित सुलभ शौचालय का कनेक्शन भी बकाया राशि के चलते काट दिया था. लगातार की जा रही कार्रवाई से बिजली बिल के भुगतान में लापरवाही बरतने वाले अन्य शासकीय विभागों में भी हड़कंप की स्थिति है. बिजली विभाग के जेई हरि प्रसाद जंघेल ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण संबंधित कनेक्शन काटे गए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया राशि का पूरा भुगतान किए जाने तक कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ही आगे कनेक्शन जोड़ने और कटे रहने की कार्रवाई की जाएगी. वहीं पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर राधेश्याम वर्मा से बिजली विभाग द्वारा बकाया राशि को लेकर नोटिस दिए जाने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें नोटिस के संबंध में जानकारी नहीं है. बिजली विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी विभागों पर बकाया राशि की वसूली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. लगातार कनेक्शन काटे जाने से अब बकाया बिजली बिल वाले अन्य विभागों पर भी भुगतान का दबाव बढ़ गया है.
चलती बाइक में लगी आग, अग्निशमन टीम ने पाया काबू
दुर्ग. थाना स्मृति नगर नेहरू नगर चौक पुलिस टावर के सामने चलती बाइक में अचानक आग लग गई. जानकारी मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर तुरंत टीम मौके पर पहुंची. अग्निशमन दल ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. 4 सितंबर की आधी रात को नेहरू नगर चौक पुलिस टावर के सामने प्रकाश सिंह की बाइक सीजी 07 बी एस 0625 में आग लग गई. अचानक आग लगने की तत्काल सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई. सूचना मिलते ही अग्निशमन की दमकल टीम मौके पर रवाना की गई. अग्निशमन कर्मियों द्वारा आगजनी स्थान पहुंचने पर देखा कि आग ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया है. इस पर कर्मियों ने तुरंत एक गाड़ी पानी की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया. आग लगने का कारण अज्ञात माना जा रहा है. टीम में धन्नु यादव, अग्निशमन कर्मचारी नरोत्तम टंडन, धर्मेंद्र कुमार, पवित्र सागर, सेजित कुमार ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.
खरीफ बीज उत्पादन पंजीयन की बढ़ी तारीख
बालोद. छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विभाग ने जिले के किसानों के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर राहत और प्रोत्साहन से जुड़ी जानकारी जारी की है. खरीफ 2026 बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है वहीं कृषक उन्नति योजना के तहत् धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को 15,000 रुपए प्रति एकड़ तक की आदान सहायता दी जाएगी. वे किसान जिन्होंने बीज प्रक्रिया केंद्र झलमला या जिले की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों से खरीफ फसलों का बीज खरीदा है, वे बीज उत्पादन कार्यक्रम के अंतर्गत अपना पंजीयन करा सकते हैं. पंजीयन के लिए किसानों को बीज क्रय की रसीद, आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका (बी-1) और एग्रीस्टैक कृषक आईडी की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी. किसान निर्धारित पंजीयन शुल्क के साथ बीज प्रक्रिया केंद्र, झलमला या अपनी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में जाकर पंजीयन करा सकते हैं. खरीफ वर्ष 2026 में धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी या कपास की फसल लेने वाले किसानों को 15,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी. वहीं जो किसान पहले से ही दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी या कपास जैसी फसलों की खेती कर रहे हैं, उन्हें 10,000 रुपए प्रति एकड़ की सहायता मिलेगी. योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभअंतरण के माध्यम से भेजी जाएगी. योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल और एग्रीस्टैक पर पंजीयन होना अनिवार्य है. कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान दें. समय पर पंजीयन कराएं, फसल में विविधता लाएं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



