Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाईनगर. खुर्सीपार थाना अंतर्गत एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. पुलिस मर्ग कायम कर शव की पहचान में जुट गई है. खुर्सीपार टीआई लक्ष्मण केवंट ने बताया कि रविवार की देर रात 12 बजे रेलवे क्रासिंग खुर्सीपार गेट पर एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. मृतक की उम्र 26 वर्ष के आसपास है. पुलिस शव की पहचान करने में जुटी हुई है.

आरोपी को छोड़ने के लिए अनुचित दबाव बनाने पर 2 आरक्षक निलंबित

भिलाईनगर. आबकारी एक्ट के आरोपी को छोड़ने के लिए अनुचित दबाव बनाने और थाना खुर्सीपार में अभद्र व्यवहार और अनुशासनहीन आचरण करने के मामले में दुर्ग पुलिस के दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार आरक्षक सोनू चौहान, थाना छावनी और आरक्षक चंद्रभान चौहान, थाना खुर्सीपार ने 22 अगस्त की रात थाना खुर्सीपार में प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु के साथ आबकारी एक्ट के आरोपी को छोड़ने के लिए अनुचित दबाव बनाया. इस दौरान दोनों आरक्षकों द्वारा अभद्र व्यवहार और अनुशासनहीन आचरण किए जाने की बात सामने आई. मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान दोनों आरक्षकों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.

पं.प्रदीप मिश्रा की कथा से लौट रहे युवक की हादसे में मौत

भिलाईनगर. सेक्टर-6 में सतनाम भवन के पास शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. मृतक अपने दोस्त के साथ पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा से लौट रहा था. इसी दौरान उनकी गाड़ी की ट्रैक्टर से टकरा गई. इससे उसकी मौत हो गई. पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है.

भिलाईनगर पुलिस ने बताया कि रामनगर निवासी दुष्यंत सिन्हा (20 वर्ष) अपने दोस्त के साथ कथा में शामिल होने गए थे. देर रात दोनों वापस लौट रहे थे. जैसे ही वे सेक्टर-6 स्थित सतनाम भवन के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. टक्कर से दुष्यंत को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनके दोस्त को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक के मौके से फरार हो गया. शुरुआती जानकारी में हादसे में शामिल ट्रैक्टर भिलाई नगर निगम का बताया जा रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

कृषि विवि के पेपर लीक मामले में प्राचार्य और मास्टर माइंड बर्खास्त

भिलाई. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की 7 अगस्त को आयोजित प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा को भी निरस्त कर दिया है. पुलिस जांच में इस परीक्षा के प्रश्नपत्र के भी लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया. इससे पहले 20 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद उसे निरस्त किया गया था. अब दोनों परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी. विश्वविद्यालय की आपात बैठक में पेपर की गोपनीयता बनाए रखने में कथित चूक को लेकर दुर्ग स्थित भारती कृषि महाविद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है. पेपर लीक मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दोषी छात्रों के खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. दोनों परीक्षाओं की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग कॉलेज में विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त ऑब्जर्वरों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा प्रक्रिया में जिम्मेदारी तय करने की दिशा में भी कार्रवाई शुरू कर दी है. पेपर लीक की घटना के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा व्यवस्था में तत्काल बदलाव किया है. 22 अगस्त की परीक्षा के प्रश्नपत्र हार्ड कॉपी के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के माध्यम से संबंधित कॉलेजों को भेजे गए. सुबह 10 बजे होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र कॉलेजों को सुबह 9:30 बजे उपलब्ध कराया गया. विश्वविद्यालय के अनुसार 24 अगस्त की परीक्षा भी इसी व्यवस्था के तहत आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग और कॉलेजों के परीक्षा हॉल में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है. दुर्ग के भारती कॉलेज प्रबंधन ने भी मामले में कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में प्राचार्य डॉ. एके दुबे को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है. पेपर लीक के मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया को भी नौकरी से निकाल दिया गया है. विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

रेलवे स्टेशन के पास अंडर ब्रिज निर्माण को लेकर प्रदर्शन

राजनांदगांव. जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित परमालकसा रेलवे स्टेशन के पास अंडर ब्रिज बनाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को  प्रदर्शन किया. स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द इस दिशा में ध्यान देने की अपील की. इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध रहें. आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने रेल रोको आंदोलन से पीछे हटे तब जाकर रेलवे ने राहत की सांस ली. जानकारी के मुताबिक परमालकसा रेलवे स्टेशन के पास ग्रामीणों के आने-जाने के लिए पुलिया की व्यवस्था है. बारिश के दिनों में पानी भरने से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ जाती है. इस परेशानी से राहत पाने के लिए रविवार को ग्रामीणों ने अंडर ब्रिज की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. जीआरपी चौकी राजनंदगांव से मिली जानकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशन परमालकसा रेलवे स्टेशन के पास ग्राम अचानकपुर भाटापारा के समीप रेलवे अंडर ब्रिज के अंदर अत्यधिक पानी भरने से सरपंच प्रेमचंद साहू, एवं महेंद्र लहरे के नेतृत्व में लगभग 250 से 300 महिला/पुरुष एकत्रित हुए, जिसमें अंडर ब्रिज के पास के रास्ते का निर्माण कार्य जल्द से जल्द करवाने की मांग की गई. इस संबंध में स्टेशन मास्टर परमालकसा को ज्ञापन दिया गया. स्टेशन मास्टर ने रेलवे के अधिकारी से संपर्क कर रास्ते का निर्माण कार्य जल्द से जल्द चालू करवाने के लिए सरपंच एवं ग्रामीणजनो को आश्वासन दिया. तब जाकर ग्रामीण माने. इस दौरान जीआरपी के 18 अधिकारी-कर्मचारी, आरपीएफ से 22 अधिकारी-कर्मचारी और जिला बल के अधिकारी- कर्मचारी कानून व्यवस्था ड्यूटी में उपस्थित रहे. लगभग 12 बजे के आसपास स्टेशन मास्टर के आशवासन के बाद रेल रोको आंदोलन समाप्त किया गया. आश्वासन मिलने से ग्रामीण भी शांत हुए. ग्रामीणों का कहना है की बारिश के दिनों में पुलिया में पानी भर जाने से आने-जाने में काफी दिक्कत होती है. यहां पर अंडर ब्रिज की अत्यंत आवश्यकता महसूस की जा रही है.

आज निकलेगी बाबा महाकाल की पालकी यात्रा

राजनांदगांव. पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को संस्कारधानी राजनांदगांव में बाबा महाकाल की भव्य शाही पालकी यात्रा निकाली जाएगी. दोपहर 2 बजे नगर की सिद्धपीठ मां शीतला मंदिर के दरबार से प्रारंभ होने वाली इस पालकी यात्रा को लेकर शहर के शिवभक्तों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों में विशेष उत्साह है. इस अवसर पर बाबा महाकाल चंद्रमौलेश्वर राजा स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकलेंगे और अपनी प्रजा को सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना का आशीर्वाद प्रदान करेंगे. सावन मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है. ऐसे पावन अवसर पर बाबा महाकाल का राजसी स्वरूप में नगर भ्रमण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर होगा. भक्तों का विश्वास है कि राजा स्वरूप में बाबा महाकाल जब अपनी प्रजा से मिलने नगर भ्रमण पर निकलते हैं, तो वे भक्तों की मनोकामनाएं सुनते हैं और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करते हैं. बाबा महाकाल की पालकी को पूरे राजसी सम्मान के साथ नगर भ्रमण कराया जाएगा. पालकी यात्रा में त्रिशूल, डमरू, नंदी, शंख, ढोल-मंजीरे सहित विभिन्न धार्मिक वाद्ययंत्रों की गूंज सुनाई देगी. शिवभक्तों द्वारा हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष के बीच बाबा की पालकी आगे बढ़ेगी. अंतिम सोमवार में पालकी यात्रा का मार्ग शहर के मध्य भाग में केंद्रित होगा. मां शीतला के दरबार से प्रारंभहो जमातपारा, फव्वारा चौक, महाकाल चौक, सिनेमा लाइन, आजाद चौक, भारत माता चौक, महेश पथ, बालाजी मंदिर गंज चौक, लोहार पारा होते हुए भरकापारा काली माई मंदिर में शिव का शक्ति से मिलन हो यात्रा विश्राम करेगी. पालकी यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा बाबा महाकाल की पालकी का दर्शन, पूजन एवं स्वागत किया जाएगा. विभिन्न स्थानों पर भक्तजन बाबा की आरती कर पुष्पवर्षा करेंगे और प्रसाद आदि का वितरण भी किया जाएगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H