Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update, भिलाई। दुर्ग जिले में जुआ के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर एक बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न थानों से 26 जुआ प्रकरणों में 97 जुआरियों को पकड़ा है। उनके पास से पुलिस ने 2 लाख 7 हजार 10 रुपए नगद बरामद किया है।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जेवरा सिरसा, जामुल, पाटन, अमलेश्वर, धमधा, पद्मनाभपुर, रानीतराई, खुर्सीपार समेत थाना व चौकियों में पुलिस ने कार्रवाई किया। इस दौरान पुलिस ने नंद कुमार मारकण्डे, मिथलेश वर्मा, मनोज शर्मा, टीकम ढीवर, कुलेश्वर देवांगन, परमेश्वर, तामेश्वर ढीमर, सुभाष यादव, राधेश्याम बढ़ानी, देवेन्द्र देवांगन, राहुल शर्मा, सोनू निषाद, खिलेश, शंकर धीवर, प्रवीण मरकाम, तुषार यादव, धनेश्वर देवांगन, ओमप्रकाश यादव, श्रवण कुमार, अमित कुमार, चुरावन साहू, निलेश साहू, सुरेश ध्रुव, कैलाश चेलक, टाकेश्वर साहू, भास्कर मढ़रिया को पकड़ा गया है। इनके पास नगद और ताश पत्ती समेत वाहनों को जब्त किया है।

पुलिस ने ग्राम बासिन, घासीदास नगर, सांकरा बाजार चौक, ग्राम मोतीपुर, नयाबाड़ा पाहंदा, धमधा कलारपारा, ग्राम डेंगाभाट, कांजी हाउस बिरझापुर, रविशंकर स्टेडियम के पीछे, रानीतराई ग्राम असोगा, चंडी चौक, खुर्सीपार, छावनी स्थित ओम लक्ष्मी स्टूडियो के ऊपर, नंदिनी नगर, मोहन नगर, नेवई, उतई, बोरी में दबिश देकर कार्रवाई की गई।

अवैध शराब का परिवहन करते युवक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी शराब जब्त की है। 5.580 बल्क लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 2,480 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को थाना खैरागढ़ पुलिस की टीम अपराध पतासाजी के लिए नगर भ्रमण पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धरमपुरा शराब भट्ठी तिराहा के पास एक व्यक्ति सफेद बोरी में अवैध शराब रखकर पैदल परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

बोरी से मिले 31 पौवा देशी शराब

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय यादव (28 वर्ष), पिता महेश यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 11 धरमपुरा, खैरागढ़ बताया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद बोरी से 31 नग रोमियो देशी प्लेन मदिरा के पौवा बरामद किए।

आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खैरागढ़ में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

निगम क्षेत्र में बंद रहेगी मांस बिक्री

महावीर निर्वाणोत्सव के अवसर पर 9 नवंबर को भिलाई नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरण एवं नगरीय विकास विभाग द्वारा जारी परिपत्र के अनुपालन में नगर पालिक निगम भिलाई के स्वास्थ्य अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, 9 नवंबर को महावीर निर्वाणोत्सव के दिन निगम क्षेत्र के सभी पशुवध केंद्रों और मांस बिक्री केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान पशुवध और मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

नगर निगम प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों और संचालकों से आदेश का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रेड्डी अन्ना 108 पैनल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 90 हजार रुपये नगद, 15 एटीएम कार्ड, 17 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

टाटा सर्विस सेंटर में चल रहा था सट्टे का कारोबार

एएसपी मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड और टाटा सर्विस सेंटर में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने चार युवकों को पकड़कर पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित तिवारी निवासी सेक्टर-11, जोन-2 खुर्सीपार, विकास कुमार साहू निवासी मछली मार्केट, जोन-2 खुर्सीपार, शुभम कुमार पाल निवासी सेक्टर-11, जोन-2 खुर्सीपार और यशमीत सिंह निवासी जोन-3 खुर्सीपार के रूप में हुई है।

लैपटॉप, मोबाइल और एटीएम कार्ड जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 17 मोबाइल फोन और 90 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा रेड्डी अन्ना 108 एप्लीकेशन पैनल से जुड़े कई डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध गेमिंग एप्लीकेशन के झांसे में न आएं। अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। कमीशन या आर्थिक लालच में अपना बैंक खाता दूसरों को इस्तेमाल करने देना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H