भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में लोको पायलट की नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवक से 5 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ग्राम डुण्डेरा निवासी चंद्र प्रकाश साहू के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे CM साय… कांग्रेस करेगी बढ़ते अपराध के खिलाफ प्रदर्शन… फिल्म फेस्टिवल में जुटेंगे बड़े कलाकार… RDA कार्यालय का होगा घेराव… पढ़ें और भी खबरें

पुलिस ने बताया कि पारिजात बी-ब्लॉक तालपुरी, भिलाई निवासी दीपक कुमार देवदास (39 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराया कि वह मैकेनिकल ब्रांच से पॉलिटेक्निक करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान फरवरी 2025 में उसकी मुलाकात चंद्र प्रकाश साहू से ग्राम डुण्डेरा में हुई। चंद्र प्रकाश ने कथित तौर पर उसे भिलाई इस्पात संयंत्र में लोको पायलट की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने तीन माह के भीतर नौकरी लग जाने की बात कही और अलग-अलग समय पर उससे रकम लेता रहा। कभी इंटरव्यू होने की बात तो कभी वैकेंसी निकलने का झांसा देकर फरवरी 2025 से जनवरी 2026 तक पैसे लिए गए। शिकायत के मुताबिक, आरोपी 5 लाख रुपये यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए और 30 हजार रुपये नगद, यानी कुल 5 लाख 30 हजार रुपये लिए।

दीपक ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे और अन्य करीब 15-20 लोगों से भी नौकरी लगाने के नाम पर रकम लेने की बात कही थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो उसने आरोपी से रकम वापस मांगी। इस पर कथित तौर पर चंद्र प्रकाश ने पैसे किसी अन्य व्यक्ति को दे देने की बात कही और रकम वापस करने से इनकार कर दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी अपना मोबाइल बंद कर देता था और घर से भी गायब हो जाता था। इसके बाद दीपक ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के माध्यम से लिखित शिकायत प्रस्तुत कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कारवाई करने तथा अपनी 5.30 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने की मांग की।

पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर धारा 318 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शरू कर दी है।

खातों में 10 लाख से अधिक संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा, 13 गिरफ्तार

भिलाईनगर। साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 13 म्यूल बैंक खाताधारकों पर पुलिस ने कार्रवाई की है । कमीशन के लालच में बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं सिम कार्ड उपलब्ध कराने का तथ्य सामने आया और खातों में 10 लाख रुपए से अधिक संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर अपराधों एवं म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने थाना सुपेला, थाना भिलाई नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपीगण अपने एवं अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों को कमीशन / प्रतिफल के लालच में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन एवं हस्तांतरण के लिए उपलब्ध करा रहे थे।

एजेंटों के माध्यम से बैंक खातों से संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं सिम कार्ड प्राप्त कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित खाताधारकों ने 2 हजार से 15 हजार रुपए तक के कमीशन / प्रतिफल के बदले अपने बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज एवं साधन अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए गए। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करने एवं छिपाने के लिए किया गया।

प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना सुपेला में धारा 318 (2), 318 (3), 318 (4) बीएनएस के तहत 10 आरोपियों तथा थाना भिलाई नगर में धारा 318 (2), 318 (3), 318 (4) बीएनएस के तहत 03 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

प्रकाशकांत को थाना भट्ठी से हटाया, चंद्रवंशी नए प्रभारी

भिलाईनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के आदेश की अनदेखी करना भिलाई भट्टी थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। निरीक्षक प्रकाश कांत को भिलाई भट्ठी से हटाकर लाइन अटैच कर दिया गया। वहीं निरीक्षक दिलेश्वर चंद्रवंशी भिलाई भट्टी के नए थाना प्रभारी होंगे। उन्होंने भिलाई भट्ठी में आमद भी दे दिया है। दिलेश्वर चंद्रवंशी इसके पूर्व बालोद जिले में तैनात थे। वहीं आरक्षक कृष्णा सिंह थाना भिलाई भट्ठी से एएनटीएफ जिला दुर्ग व आरक्षक पन्ने लाल एएनटीएफ जिला दुर्ग से रक्षित केन्द्र तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया है।

भिलाई निगम में प्राक्कलन से लेकर अंतिम भुगतान तक तय हुई समय सीमा

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ शासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम भिलाई में कराए जाने वाले निर्माण कार्यों के लिए 15 बिंदुओं पर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उक्त आदेश सचिव आर. शंगीता ने जारी किया है।

निर्देशों में कहा गया है कि मुख्य प्राक्कलन और स्वीकृति में पारदर्शिता कोई भी प्रस्ताव बनाने से पहले स्थल निरीक्षण करना अनिवार्य है। भूमि विवाद मुक्त होना चाहिए। प्राक्कलन में एसओआर का स्पष्ट उल्लेख और ड्राइंग- डिजाइन के साथ प्रस्तुत करना होगा। 50 हजार तक सहायक अभियंता, 50 लाख तक कार्यपालन अभियंता 2 करोड़ तक अधीक्षण अभियंता और उससे अधिक पर मुख्य अभियंता देंगे।

प्रशासनिक स्वीकृति की सीमा तय नगर निगम में जनसंख्या के आधार पर आयुक्त, मेयर इन कौंसिल और निगम को वित्तीय शक्ति दी गई है। भिलाई नगर निगम 10 लाख से अधिक आबादी वाले क्षेत्र में आ रहा है इसके लिए निगम आयुक्त 1.5 करोड़ तक, मेयर इन कौंसिल 1.5 से 6 करोड़ तक और निगम 6 से 10 करोड़ तक की स्वीकृति दे सकेगा। इससे अधिक राशि के लिए राज्य शासन की पूर्व स्वीकृति जरूरी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को जारी निविदाओं की समीक्षा होगी। निर्देशों के उल्लंघन या विसंगति पाए जाने पर आयुक्त और अभियंता के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

दादर रोड निर्माण के लिए रेलवे से एनओसी के आश्वासन पर टूटा 48 घंटों का अनशन

चरोदा। चरौदा के जर्जर दादर रोड के निर्माण को लेकर वार्ड-23 के पार्षद तनेन्द्र ठाकरे का 48 घंटे से अधिक समय से चल रहा अनशन रविवार को रेलवे द्वारा अनापत्ति पत्र देने के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। महापौर निर्मल कोसरे ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया, वहीं बाद में बस स्टैंड क्रॉसिंग पर सांसद और विधायक का पुतला दहन किया गया। बस स्टैंड से दादर को जोड़ने वाली रेलवे भूमि पर बनी सड़क वर्षों से जर्जर स्थिति में है ।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार मुरूम डालकर मार्ग को चलने योग्य बनाने का प्रयास किया, लेकिन बरसात में सड़क फिर खराब हो जाती है। स्थायी निर्माण की मांग को लेकर पार्षद तनेन्द्र ठाकरे 7 अगस्त से अनशन पर बैठे थे। मांग पूरी नहीं होने पर रविवार को चक्काजाम और पुतला दहन की भी घोषणा की थी। अनशन स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर ने सोमवार बुलाकर सुबह 11 बजे कार्यालय अनापत्ति पत्र देने का आश्वासन दिया है।

वहीं वार्डवासियों की सहमति के बाद अनशन समाप्त कराया गया। इसके बाद महापौर के नेतृत्व में जलस निकाला गया और हनुमान मंदिर क्रॉसिंग पर सांसद व विधायक का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया और पानी डालकर आग बुझा दी। सभा में सुजीत बघेल, लवेश मदनकर, मोहन साहू, मनीष बंछोर, डॉ. परमजीत सिंह, रिंकू सरकार सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शासकीय आईटीआई दुर्ग में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 18 को

दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र दुर्ग और शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में 18 अगस्त को शासकीय आईटीआई दुर्ग परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

उपसंचालक (रोजगार) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के नियोजक अपने संस्थानों में रिक्त पदों पर भर्ती कर सकते हैं। ऐसे सभी निजी नियोजक जो इस मेले के जरिए भर्तियां करना चाहते हैं, वे 14 अगस्त से पूर्व अपने संस्थान के रिक्त पदों की जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग को अधिसूचित करना सुनिश्चित करेंगे।

पोर्टल पर रिक्तियां प्रेषित करने के लिए नियोक्ताओं का रोजगार मेला हेतु नियोक्ता पंजीयन होना अनिवार्य है, जिसके लिए जीएसटी क्रमांक एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। योजना एवं आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में संपर्क किया जा सकता है।

इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर को केन्द्र की स्वीकृति

राजनांदगांव। जिले में इलेक्ट्रानिक मैन्यूफैक्चरिंग कलस्टर 2.0 की स्वीकृति केन्द्र सरकार द्वारा दी गई है। नगरनिगम द्वारा शहर में आयोजित किए गए कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डां रमन सिंह ने इसकी जानकारी दी है। उन्होने मंच से कहा कि कल ही इसकी स्वीकृति केन्द्र सरकार द्वारा दी गई है। इसके लिए उन्होने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय उद्योग मंत्री अश्वनी वैष्णव व सांसद संतोष पांडे का आभार जताया।

डां रमन सिंह ने बताया कि, इस कलस्टर के लगने से जिले के नौ हजार बेरोजगारों को नौकरी प्रदान की जाएगी। इस इलेक्ट्रानिक हब में करीब 342 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। वहीं करीब तीन हजार निवेशक यहां निवेश करेगें । उल्लेखनीय है कि इलेक्ट्रानिक मैन्यूफैक्चरिंग कलस्टर के लिए लंबे समय से प्रवास किया जा रहा था । सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार इसका निर्माण डोंगरगांव के पटेवा में होगा। इसके लिए उद्योग विभाग द्वारा मुआवजा की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है।

पूर्व में यहां पतंजलि योगपीठ का उद्योग खुलना था, लेकिन अब इसी जगह इलेक्ट्रानिक कलस्टर की तैयारी कर ली गई हैं। बहरहाल इस कलस्टर के खुलने से बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। वहीं आसपास के इलाको में विकास के नए अवसर खुलेगें। उद्योग विभाग के जीएम सानू वर्गीस ने बताया कि, निवेशकों का यहां दौरा हो चुका है, पूरी प्रक्रिया राज्य और केन्द्र सरकार की निगरानी में हो रही है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 1035 वाहन चालकों से वसूला सवा 5 लाख रुपए जुर्माना

राजनांदगांव। आगामी त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए राजनांदगांव शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की गई।

यातायात पुलिस द्वारा शहर के नया बस स्टैंड चौक, महावीर चौक, खैरागढ़ रोड, भगत सिंह चौक, पुराना रेस्ट हाउस, रेल्वे स्टेशन रोड, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड, राम दरबार, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, गंज चौक, कुआं चौक, नंदई चौक, महामाया चौंक, तिरंगा चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सिनेमा लाइन, जूनी हटरी, मानव मंदिर चौक, फौवारा चौक, गांधी चौक, दुर्गा चौक, सदर लाइन फुर्सत के पल चौक, कविता कॉम्पलेक्स चौक, अम्बेडकर चौक, आरके नगर जाने वाली सर्विस रोड एवं मोतीपुर अंडर ब्रिज रोड* सहित शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कार्यवाही नो- पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 1556 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई बिना वैध लाइसेंस ई-रिक्शा चलाने वाले 29 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन प्रवेश कराने वाले 3 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 9,000 का जुर्माना वसूल किया गया। यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 429 वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार यातायात पुलिस द्वारा कुल 1035 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 5 लाख 26 हजार 300 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m