भिलाईनगर। महारत्न कम्पनी सेल ने शुक्रवार को पहली तिमाही का वित्तीय परिणाम घोषित कर दिया। कम्पनी ने नए वित्त वर्ष की शानदार शुरुआत की है। कार्मिकों ने कम्पनी को कर पूर्व 2159 करोड़ और कर पश्चात 1636 करोड़ का शुद्ध लाभ दिलाया है। बीएसपी ने 7485 करोड़ रुपए का सर्वाधिक रेवेन्यू अर्जित करने के बाद भी 838 करोड़ लाभ के साथ तीसरे स्थान पर रहा। राउरकेला ने सर्वाधिक 857 करोड़, बोकारो ने 844 करोड़ और दुर्गापुर ने 168 करोड़ लाभ कमाया।
यह भी पढ़ें : CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन तक बरसेंगे बदरा! आज 23 जिलों में बारिश का अलर्ट
सेल ने 30 जून, 2026 को समाप्त हुई तिमाही के लिए अपने वित्तीय परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए। कम्पनी ने पहली तिमाही में 4.76 मिलियन टन क्रूड स्टील, 4.16 मिलियन टन का विक्रय किया। ऑपरेशन से 26246 करोड़ रेवेन्यू अर्जित किया जबकि ब्याज, कर, मूल्यहास और ऋण चुकाने से पहले की कमाई रुपया करोड़ 4,356 है। अप्रत्याशित वस्तुएं और कर से पहले का लाभ रुपया करोड़ 2,303 है।

बिना प्रस्ताव के व्यय किए जाने पर जनपद पंचायत सदस्यों ने जताई आपत्ति
दुर्ग। जनपद पंचायत दुर्ग की सामान्य सभा बैठक में 15 वें वित्त की राशि का मामला गर्माया रहा बिना प्रस्ताव के 15 वित्त के ब्याज की राशि व्यय किए जाने पर बैठक में सदस्यों ने आपत्ति जताई जनपद उपाध्यक्ष ने उक्त राशि स्वीकृति के अनुमोदन पर भी सवाल उठाया।
उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने बैठक में ग्राम अंजोरा ढाबा में एक साल पूर्व पाइप लाइन के लिए 31 लाख रूपए स्वीकृति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसके लिए 21 लाख जनपद पंचायत व 10 लाख ग्राम पंचायत द्वारा दिए गए उन्होंने जानना चाहा कि जनपद पंचायत द्वारा उक्त राशि कहां से ही दी गई है। इस पर बताया गया कि उक्त राशि 15 वें वित्त के व्याज की है।
उपाध्यक्ष हिरवानी व सदस्यों ने सवाल उठाया कि बिना प्रस्ताव उक्त राशि स्वीकृति का अनुमोदन कैसे हो गया। उन्होंने इस पर रोष व्यक्त करते हुए आपत्ति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पृथक से बैठक कर इस पर चर्चा करने प्रस्ताव ले व उक्त बैठक में 15 वें वित्त के आय व्यय की जानकारी रखी।
सदस्य ढालेश साहू ने कहा कि जनपद पंचायत दुर्ग द्वारा जारी 11 जून को जारी प्रशासनिक स्वीकृति आदेश 15वें वित्त 2026-27 अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में पानी टैंकर, फॉगिंग मशीन, वाटर कूलर, डस्टबिन, कचरा रिक्शा एवं अन्य सामग्री क्रय तथा स्थापना कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। सदस्यों को उक्त कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
सदस्य नंद कुमार साहू ने रसमड़ा स्कूल में बच्चों को वितरित यूनीफार्म की गुणवत्ता पर सवाल उठाते कहा कि पहली ही धुलाई में इसके रंग उधड़ गए जिसकी जांच की जाए। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि रसमड़ा में नलजल योजना का पानी पीने योग्य नहीं है। विभाग इसकी गुणवत्ता सुधारे या जलकर लेना बंद करे।
लीलावती देशमुख ने जिला सहकारी बैंक द्वारा निकुम, खाड़ा व आलबरस सहकारी समिति को दिए गए ईआरपी, केआरपी एवं डीएमआर तथा समिति का डेटा मांगा सदस्यों ने राशन कार्ड में नाम काटने व जोड़ने कार्य ग्राम पंचायतों को देने की मांग रखी। साथ ही बैठक में अनेक विभागों अधिकारियों की अनुपस्थिति पर आक्रोश व्यक्त करते हुए इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने प्रस्ताव पारित किया। बैठक में अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, सीईओ प्रकाश मेश्राम, सभी सदस्य गण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
रिसाली निगम अब वाहन के लिए दूसरे निकाय पर नहीं रहेगा आश्रित
भिलाईनगर। महापौर शशि सिन्हा ने नगर निगम रिसाली का संसाधन बढ़ाने का फैसला लिया है। उन्होंने महापौर परिषद की बैठक में सक्शन कम जेटिंग मशीन, हॉपर टिपर, डम्फर और ई कार्ट खरीदने पर मुहर लगाई है। परिषद की बैठक में अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।
आमतौर पर रिसाली निगम को बड़े सेप्टिक टैंक की सफाई करने सक्शन मशीन के लिए दूसरे निकाय पर निर्भर रहना पड़ता था। अब रिसाली के पास खुद का वाहन होगा। शुक्रवार निर्णय लिया गया कि तीन-तीन हजार लीटर क्षमता वाले दो वाहन की खरीदी की जाएगी। सक्शन मशीन के साथ तीन हजार लीटर की जेटिंग सुविधा भी रहेगी।
इसके अलावा डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए 33 नग ई कार्ट की भी खरीदी की जाएगी। यही नहीं हॉपर टिपर डम्फर 2 नग खरीदने का अंतिम निर्णय लिया गया। महापौर परिषद के सदस्यों का कहना था कि संसाधन बढ़ने से दूसरे निकाय पर निर्भरता पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
बैठक में महापौर परिषद के सद्स्य जहीर अब्बास, सनीर साहू, अनिल देशमुख, संजू नेताम, रोहित धनकर, ममता यादव, रंजीता बेनुआ, जमुना ठाकुर के अलावा आयुक्त मोनिका वर्मा, कायर्पालन अभियंता सुनील दुबे समेत अन्य विभाग प्रमुख मौजूद थे। वहीं गोठान का संचालन रिसाली निगम करता था, जहां घुमंतू मवेशियों को पकड़कर रखा जाता था। अब राज्य सरकार की योजना के तहत गोठान का संचालन गोधाम योजना के तहत किया जाएगा। इसके लिए व्योम इंटरप्राइजेस तालपुरी को अधिकृत किया गया है।
साइबर ठगी से पहले ही खतरे का संकेत देगा नया एआई सिस्टम, खाता ब्लॉक होगा
भिलाईनगर। ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी भी तेजी से बढ़ रही है। ठग हर दिन नए तरीके अपनाकर लोगों के खाते से पैसे निकालने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे मामलों को जल्दी पकड़ने के लिए आईआईटी भिलाई और रूंगटा यूनिवर्सिटी के शोधकताओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित एक नई तकनीक तैयार की है। यह तकनीक पैसे भेजने या निकालने के दौरान कई जानकारियों की एक साथ जांच करेगी।
अगर उसे लगेगा कि लेनदेन में कुछ गड़बड़ है या ठगी की आशंका है तो वह तुरंत बैंक को चेतावनी दे देगी। इससे बैंक समय रहते ग्राहक से पुष्टि कर सकेगा या जरूरत पड़ने पर लेनदेन रोककर जांच शुरू कर सकेगा। इस नई तकनीक के लिए बैंकों से लिए गए करीब सवा लाख अकाउंट्स नंबर के आंकड़ों को सिस्टम में फीड किया गया।
शोध के दौरान इस तकनीक ने करीब 98 प्रतिशत मामलों में सही पहचान की। यह शोध आईआईटी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गगनराज गुप्ता और रूंगटा यूनिवर्सिटी की डीन स्कूल ऑफ रिसर्च डॉ. शाजिया इस्लाम ने मिलकर किया है।
बैंक फ्रीज कर देगा खाता यह तकनीक यह भी देखेगी कि पैसा किस खाते में भेजा जा रहा है, ग्राहक पहले किस तरह के लेनदेन करता रहा है, अचानक खर्च करने का तरीका बदला है या नहीं, लेनदेन किस समय हो रहा है और पैसे भेजने का तरीका पहले जैसा है या नहीं। इन सभी जानकारियों को मिलाकर यह तय करेगी कि लेनदेन सुरक्षित है या उसमें ठगी की आशंका है।
उत्तम कुमार ध्रुव ने पाटन एसडीएम का संभाला प्रभार
पाटन। पाटन के नवपदस्थ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उत्तम कुमार ध्रुव ने शुक्रवार को पाटन एसडीएम के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। लवकेश ध्रुव के धमधा स्थानांतरण के बाद शासन ने उत्तम कुमार ध्रुव को पाटन का नया एसडीएम नियुक्त किया है।
प्रभार संभालने के बाद ध्रुव ने पहले दिन एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के बाबुओं व कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने सभी कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभार ग्रहण करने के साथ ही एसडीएम कार्यालय पहुंचे किसानों एवं ग्रामीणों से भी उन्होंने मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
ड्यूटी के दौरान ताश- पत्ती खेलने पर 3 निगम कर्मचारी निलंबित
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय परिसर में ड्यूटी के दौरान ताश-पत्ती खेलते पाए जाने पर आयुक्त ने 3 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
21 जुलाई को तीनों कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। 22 जुलाई को दिया गया जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया। आरोप है कि कार्यालीन अवधि में मुख्य कार्यालय परिसर के भीतर तहसील कार्यालय के सामने ये कर्मचारी अपने पदीय कर्तव्यों के विपरीत ताश-पत्ती खेलते हुए पाए गए। इससे निगम की छवि धूमिल हुई है।
निलंबित विकास सिंह, सहायक राजस्व निरीक्षक, डहर सिंह बंजारे, सफाई कामगार व अशोक यादव, भृत्य है। तीनों के निलंबन अवधि में मुख्यालय जोन 4, शिवाजी नगर रहेगा। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
उतरने लगा शिवनाथ का जलस्तर
दुर्ग। बारिश थमने के बाद अब शिवनाथ नदी का जलस्तर उतरने लगा है। अब महमरा एनीकट के तीन फीट ऊपर तक पानी का बहाव हो रहा है। इधर शिवनाथ नदी में जलाशयों से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा भी कम कर दी गई है।
गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों की झड़ी में शिवनाथ का जल स्तर बढ़ने लगा था। गुरुवार को नदी पर दुर्ग स्थित महमरा एनीकट के 4 फीट ऊपर से भी अधिक पानी का बहाव होने लगा था। वहीं सूखा नाला एवं घुमरिया जलाशयों से साढ़े तीन हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जो रहा था जिसे कम कर अब 600 क्यूसेक कर दिया गया है। जिले में अब तक कुल 409.9 मिमी बारिश हो चुकी है जो कि आज की तिथि में सामान्य वर्षा 375.1 मिमी से 110 प्रतिशत है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है। विभाग के अनुसार समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अब जैसलमेर, दक्षिण पश्चिम राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्र में बने कम दबाव के केन्द्र कोटा, गुना, सीधी, डाल्टन गंज और वहां से दक्षिण पूर्व की ओर उत्तरी पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक आ रही है।
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष के लिए चार प्रत्याशी मैदान में
राजनांदगांव। जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव आगामी 29 जुलाई को कराया जाना है । आज नाम वापसी की अंतिम तिथि होने के चलते अध्यक्ष पद से एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया है। चार प्रत्याशी अभी भी चुनावी मैदान में है। सचिव पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। नाम वापसी के साथ ही प्रत्याशियों ने जीत दर्ज करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव 29 मार्च को कराया जाना है। कुल 14 पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जानी है। आज नाम वापसी की अंतिम तिथि होने के चलते अध्यक्ष पद सहित अन्य पदों में नामांकन दाखिल करने वाले कुछ प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है। फिर भी जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज नाम वापसी की अंतिम तिथि होने के चलते अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एक प्रत्याशी अशोक देवांगन ने नाम वापस ले लिया है। इस प्रकार से अब अध्यक्ष पद के लिए नारायण कन्नौजे, यमन कुमार देवांगन, आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव, और अरुण कुमार अनोखे अब चुनावी मैदान में हैं। इनके बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
इसी प्रकार से उपाध्यक्ष पुरुष पद के लिए राधेश्याम बंजारे, अमिताप श्रीवास्तव, मोरध्वज साहू, अशोक देवांगन तथा विनोद कुमार ठाकुर चुनाव लड़ रहे है। इसी प्रकार से उपाध्यक्ष महिला पद के लिए श्रीमती वीणा साहू, जय श्रीवास्तव के बीच सीधी टक्कर होगी। सचिव पद के लिए संतोष रजक, दोहन सिंह टंडन, रवि कुमार बोधानी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला रहेगा ।
सह सचिव के लिए महेंद्र सिंह ठाकुर तथा पंकज गुप्ता चुनावी मैदान में है। कोषाध्यक्ष आरक्षित महिला के लिए सुषमा चौहान तथा स्मिता गुप्ता के बीच सीधी टक्कर होगी। कार्यकारिणी सदस्य पुरुष में अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, गुरु शंकर नेताम, नरेश कुमार गंजीर, संजीव श्रीवास्तव तथा सुरेंद्र सिंह ठाकुर चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुणेन्द्र शाव ने बताया कि आज नाम वापसी की अंतिम तिथि थी। नाम वापसी के बाद चुनाव लड़ने वाले सभी पदों के लिए प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। 29 जुलाई को चुनाव संपन्न कराया जाएगा और 30 जुलाई को मतगणना संपन्न कराई जाएगी।
महाविद्यालयों में तीसरी सूची जारी, फिर भी सीटें खाली
राजनांदगांव। जिले के महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष प्रवेश के लिए तीसरी मेरिट सूची जारी कर दी गई है। इसके बावजूद कई पाठ्यक्रमों में सीटें अभी भी खाली हैं। जिले महाविद्यालय में भी विज्ञान एवं वाणिज्य के सबसे बड़े स्वशासी दिग्विजय संकाय की कई सीटों पर प्रवेश नहीं हो सका है। जबकि यहां पर सर्वाधिक सीटें बताई जा रही है । महाविद्यालय प्रबंधन की माने तो अब तक इन पाठ्यक्रमों में 60% ही दाखिला हो पाया है।
महाविद्यालय में बीएससी (गणित) और बीकॉम में अपेक्षित संख्या में विद्यार्थी प्रवेश नहीं ले रहे हैं, जिसके कारण इन दोनों संकायों में सीटें अभी भी रिक्त हैं। वहीं बीए और बीसीए में भी सभी सीटें नहीं भर पाईं हैं। दूसरी ओर, कुछ लोकप्रिय पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों की रुचि बनी हुई है।
महाविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि तीसरी सूची के विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। प्रवेश पूर्ण होने के बाद यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार अगली प्रवेश प्रक्रिया या कॉलेज स्तर की काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें भरा जाएगा।
राजनांदगांव जिले के शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि रोजगारोन्मुखी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की ओर विद्यार्थियों का रुझान बढ़ने लगा है, जिसके कारण ऐसी स्थिति बन रही है। निजी संस्थानों में प्रवेश तथा अन्य विश्वविद्यालयों में दाखिले के कारण कुछ पारंपरिक पाठ्यक्रमों में सीटें खाली रह रही हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
27 जुलाई की शाम नहीं होगी पेयजल सप्लाई
राजनांदगांव। नगर निगम द्वारा स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने जल सयंत्रगृह मोहारा के 17 एमएलडी फिल्टर प्लांट में लामेला (सी.एल.एफ.) की सफाई कार्य किया जाना है। सफाई के कारण उक्त प्लांट से भरने वाली टंकिया नही भर पायेगी। जिस वजह से दिनांक 27 जुलाई 2026 दिन सोमवार को शाम के समय पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। 28 जुलाई मंगलवार सुबह से पानी सप्लाई यथावत रहेगी।
सी.एल.एफ. सफाई के संबंध में नगर निगम आयुक्त जी. आर. मरकाम ने बताया कि स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल सप्लाई के लिए 17 एमएलडी फिल्टर प्लांट के सीएफएल सफाई की वजह से उक्त प्लांट से भरने वाली टंकी नहीं भरने के कारण 27 जुलाई सोमवार को शहर के बसंतपुर, क्लब चैक, तेलीपारा, ग्रीन सिटी, राजीव नगर बसंतपुर, बंगाली चाल, भोईपारा, हास्पिटल कालोनी, शिवनगर, आर. के. नगर, अनुपम नगर, सहदेव नगर, कौरिनभाठा, सर्किट हाउस, सृष्टि कालोनी, कुंज विहार कालोनी, गायत्री कालोनी, जलतरंग कालोनी, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, बर्फानी आश्रम, महेश नगर में आपूर्ति प्रभावित होगी.
इसके अलावा आर्शीवाद कालोनी, हरिओम नगर, रिद्धी सिद्धी कालोनी, गोकुल नगर, लक्ष्मीनगर, जीवन ए-कालोनी, गांधी नगर, आशा नगर, रेवाडीह, पेण्ड्री, ईस्कॉन विहार कॉलोनी, जीवन आवास, अटल विहार कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज, ममता नगर, वर्धमान नगर, पूनम कॉलोनी, 18 एकड़, लेबर कॉलोनी, तुलसीपुर, सिविल लाईन, लालबाग, नवागांव, बापूटोला, बिड़ी श्रमिक कालोनी, मोतीपुर, नया ढाबा, रामनगर आधा क्षेत्र में शाम को पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी। 28 जुलाई को सुबह समय में पेयजल सप्लाई यथावत होगी।
नापतौल विभाग पूरी तरह से बाजार से गायब !
राजनांदगांव। जिले के विभिन्न बाजारों में विभाग की लचर व्यवस्था को शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई दुकानों नापतौल लेकर लगातार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सही तौल नहीं हो रही है। अभी भी पुरानी पद्धति का ही सहारा लिया जा रहा है । लेकिन नापतौल विभाग की जांच और निगरानी नाममात्र की रह गई है। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नापतौल विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी के कारण नियमित निरीक्षण और भौतिक सत्यापन प्रभावित है। कई मामलों में भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। पर्याप्त अमले के अभाव में विभाग सभी बाजारों में नियमित जांच नहीं कर पा रहा है। जबकि बाजार में करोड़ों का लेनदेन होता है। खाद्यान्न से लेकर सब्जी और फल की सर्वाधिक बिक्री जिला मुख्यालय में भी होती है। खरीदी बिक्री के दौरान कांटामारी की शिकायतें रहती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


