दुर्ग। आपदा में किस तरह से शातिर अवसर तलाश लेते हैं, इसका उदाहरण दुर्ग में देखने को मिला, जहां ज्वेलरी दुकान में आग के बाद चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। CCTV में कैद पूरी घटना में आरोपी साफ नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: CG Morning News : बारिश के कारण प्रदेश के सभी स्कूलों में आज छुट्टी… दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे कांग्रेस नेता… सरगी नाला उफान पर… पढ़ें और भी खबरें…

बता दें कि भिलाई के जवाहर मार्केट सोनार लाइन स्थित गजानन ज्वेलर्स में 21 सितंबर की रात करीब 2:40 बजे आग लगी थी। आग इतनी तेज थी कि दुकान का शटर भी गिर गया। गार्ड ने आग देखकर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 3:13 बजे पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आग काफी फैल चुकी थी।

दुकान में आग से करीब 25–30 लाख रुपए के नुकसान की बात सामने आई। आग बुझने के बाद सोने-चांदी के डिजाइन काटने वाली डाई, औजार और अन्य सामान एक तरफ बोरे में रखे गए थे। CCTV में एक संदिग्ध सुबह 6:15 बजे 2 बोरे, 7:47 बजे 3 बोरे और 8:30 बजे स्कूटी से एक युवक के साथ 3 बोरे ले जाता दिखा। बताया गया कि बोरी में करीब 5 लाख रुपये कीमत का सामान था, जिसे आग के बाद चोरी कर ले जाया गया है।

खम्हरिया में 15 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

उतई। लोक निर्माण विभाग द्वारा खम्हरिया (धनोरा) में लगभग 16 एकड़ भूमि पर 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक संभागीय खेल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। परियोजना के लिए खेल विभाग द्वारा पहली किस्त के रूप में 4 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है।

प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में 800 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल मैदान, दर्शक दीर्घा (सीटिंग गैलरी), बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम और प्रशासनिक भवन प्रमुख रूप से शामिल होंगे। खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए अलग क्षेत्र, वीआईपी एवं विशिष्ट अतिथि क्षेत्र तथा दर्शकों के लिए पर्याप्त प्रवेश निकास व्यवस्था होगी। प्रशासनिक भवन के लिए लगभग 80 लाख रुपये की लागत से प्रशासनिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें स्टेडियम कार्यालय, प्रबंधक कक्ष, बैठक कक्ष, सुरक्षा कक्ष, प्राथमिक उपचार कक्ष एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

भूमि 16 एकड़, निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग

इस परियोजना के लिए भूमि 16 एकड़ है। स्वीकृत परियोजना की लागत लिए 15करोड़ रुपये है। लोक निर्माण विभाग रूम निर्माण कार्य निर्धारित खेल विभाग के मापदंडों के अनुसार पूर्ण कराया जाएगा। पहली किस्त के रूप में 4 करोड़ रुपये की गई है। प्रस्तावित स्टेडियम में 800 मीटरका सिंथेटिक रनिंग ट्रैक विकसित किया जा रहा है। ट्रैक के अंदर एवं आसपास लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, हाई जंप, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो एवं जैवलिन थ्रो सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के लिए आवश्यक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।

नवकार राइस मिल में खाद्य विभाग की दबिश, जब्त किया धान व चावल

दुर्ग। नवकार राइस मिल कोलिहापुरी में खाद्य विभाग की टीम ने दबिश देकर जांच की। जांच के दौरान मिलिंग के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर स्टाक में मौजूद धान व चावल जब्त किया गया। विभाग ने धान उठाव कर कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स को नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, जिले के 36 मिलर्स ने बस्तर जिले में उपार्जित धान का कस्टम मिलिंग के लिए उठाव किया है। जिन्होंने बस्तर व दुर्ग दोनों जिले में नान में कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किया। जिसके लिए उन्हें नोटिस जारी किया गया है। इसी तारतम्य में कार्रवाई करते हुए नवकार राइस मिल, ग्राम कोलिहापुरी, दुर्ग में कस्टम मिलिंग वर्ष 2025-26 का चावल जमा नहीं करने के संबंध में जांच की गई।

मिल परिसर में उपलब्ध शासकीय धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। अभिलेखानुसार अपेक्षित स्टॉक एवं मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान करने पर स्टॉक बराबर पाया गया। मौके पर 16,571.20 क्विंटल धान, 102 क्विंटल चावल तथा 480 क्विंटल पाखड़ धान पाया गया। मिल संचालक द्वारा धान की मिलिंग एवं जमा प्रक्रिया समय पर पूर्ण नहीं होने का कारण मिल की मशीनरी संबंधी समस्या एवं बारिश के कारण मिलिंग प्रभावित होना बताया गया।

उक्त मिलर्स द्वारा निर्धारित समय में धान की मिलिंग कर जमा नहीं किए जाने के कारण उपलब्ध स्टॉक का पंचनामा तैयार कर छग कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।

दोस्त की विधवा पत्नी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। दोस्त की विधवा पत्नी को डरा धमकाकर डोंगरगढ़ के लाज में दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है। आरोपी पीड़ित महिला को उसकी फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करता था । शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया द्वारा थाना उपस्थित आकर लिखित आवेदन पर रिपोर्ट दर्ज की गई, जिसमें उसने बताया कि फरदफोड़, तहसील मारी, थाना देवरी, जिला बालोद निवासी आरोपी लोकेश साहू उसके पति की मृत्यु के पूर्व से ही उसके घर आना-जाना करता था। आरोपी के पास प्रार्थिया का मोबाइल नंबर था, जिस कारण दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी।

आरोपी द्वारा माह अगस्त 2025 में प्रार्थिया को जबरदस्ती डोंगरगढ़ इंडियन लॉज-1 में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाया गया आरोपी द्वारा प्रार्थिया को घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी तथा बीच-बीच में उसके घर संतोषी नगर, लखोली, राजनांदगांव में आकर भी शारीरिक संबंध बनाता था । प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 4179/2026, धारा 64 (2) (एम), 351 (2) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर डोंगरगढ़ पुलिस टीम ने आरोपी लोकेश साहू पिता धीराजी साहू उम्र 26 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 11 फरदफोड़ थाना देवरी जिला बालोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान अपराध घटित करना स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

नाबालिग से दुष्कर्म पर आरोपी को 20 साल सश्रम कारावास की सजा

राजनांदगांव। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को न्यायालय ने 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।

विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो) प्रिया कांकरिया ने बताया कि, अभियुक्त सोहन यादव उर्फ संतु पिता स्व. जगदीश यादव, उम्र 30 साल, निवासी ग्राम जंगलेसर, पुलिस चौंकी सुरगी, जिला राजनांदगांव हाल पता ग्राम बोईरडीह, पुलिस चौकी चिखली, थाना कोतवाली, जिला राजनांदगांव द्वारा नाबालिग बालिका को शादी का प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर भगाकर अपने साथ ले गया और लगातार उसके सथ शारीरिक संबंध बनाया गया, जिसके परिणामस्वरूप पीड़िता गर्भवती हो गई।

पीड़िता के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस चौंकी चिखली, थाना कोतवाली द्वारा मामला पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया था तथा प्रकरण के सम्पूर्ण अन्वेषण उपरान्त भारतीय दण्ड विधान एवं पॉक्सो एक्ट के तहत् अभियोग पत्र विचारण हेतु विशेष न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।

प्रकरण के सम्पूर्ण विचारण उपरान्त फैसला सुनाते हुए फास्ट ट्रेक स्पेशल कोर्ट पॉक्सो राजनांदगाँव के न्यायाधीश अनिल कुमार बारा द्वारा अभियुक्त सोहन यादव उर्फ सत्तु को दोषी पाये जाने पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 366 के तहत् 2 वर्ष का सश्रम कारावास एवं पांच सौ रूपये का अर्थदंड, अर्थदंड की राशि अदा न किये जाने की स्थिति में एक माह का सश्रम कारावास अतिरिक्त, भारतीय दण्ड संहिता की धारा 376 (3) के तहत् 20 वर्ष का सश्रम कारावास एवं पांच सौ रुपए का अर्थदंड, अर्थदंड की राशि अदा न किये जाने की स्थिति में एक माह का सश्रम कारावास अतिरिक्त तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 ( पॉक्सो एक्ट) की धारा 6 के तहत् 20 वर्ष का सश्रम कारावास एवं दस हजार रूपये का अर्थदंड, अर्थदंड की राशि अदा न किये जाने की स्थिति में 6 माह का सश्रम कारावास अतिरिक्त की सजा से दण्डित किये जाने का दण्डादेश पारित किया गया।

बाढ़ संभावित क्षेत्रों में अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर राजस्व अधिकारियों एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा जिले के बाढ़ संभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं सीईओ जनपद पंचायत ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों- कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।

ग्राम पंचायत भंवरमरा में बाढ़ संभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। मौके पर स्थिति सामान्य पाई गई। ग्राम पंचायत के सचिव एवं सरपंच को मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क करने, आवश्यकतानुसार रस्सी एवं टॉर्च की व्यवस्था रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। डोंगरगांव तहसील के बाढ़ संभावित ग्राम आलीखूंटा एवं बाकल का निरीक्षण कर सरपंच एवं ग्रामीणों से चर्चा की गई। उन्हें नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।

वर्तमान में अतिवृष्टि से किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है । भर्रेगांव एनीकट का भी निरीक्षण किया गया। तहसील छुरिया के ग्राम नांदियाखुर्द स्थित पुल का निरीक्षण किया गया। पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण बांस से बेरिकेडिंग कर आवागमन को सुरक्षित किया गया है। ग्रामीणों को पुल पार नहीं करने तथा नदी किनारे सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

ग्राम टेका स्थित छिपा नाला एनीकट का निरीक्षण कर लोगों को एनीकट पार नहीं करने की समझाइश दी गई। तहसील डोंगरगढ़ अंतर्गत ग्राम कोलेंद्र एवं घोटिया में भी स्थिति का जायजा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।

इसी तरह ग्राम धमनसरा से जंगलेसर जाने वाले पुल तथा सुरगी सर्किल के बाढ़ संभावित ग्रामों का निरीक्षण किया गया। धामनसरा एवं सुरगी क्षेत्र के ग्रामों में भी वर्तमान में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं पाई गई। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि नदी, नालों, एनीकट एवं पुलों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में जोखिम न लें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m