राजनांदगांव। शहर में ऐतिहासिक गणेश विसर्जन झांकी में सुरक्षा के लिए पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। अलग-अलग स्थानों पर लगभग 800 जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा उपद्रवियों पर ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त अतिरिक्त बल सहित लगभग 800 पुलिस जवानों को शहर विसर्जन मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों, बाहरी मार्गों एवं विसर्जन स्थलों पर अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ तैनात किया गया है।
जमीन पर पुलिस बल की व्यापक मौजूदगी के साथ-साथ 04 ड्रोन, 10 निगरानी मचान, सीसीटीवी एवं विशेष निगरानी दलों के माध्यम से शहर की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाएगी। गणेश विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा सामान्य तैनाती के साथ-साथ कई विशेष दलों को सक्रिय किया गया है। शहर को अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित कर बल की तैनाती की गई है तथा प्रत्येक महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।

बाहरी गश्त, मोटरसाइकिल गश्त, स्थिर पुलिस प्वाइंट, त्वरित कार्रवाई दल एवं सुरक्षित अतिरिक्त बल लगातार सक्रिय रहेंगे। किसी भी स्थान से प्राप्त सूचना पर तत्काल पुलिस बल पहुंच सके, इसके लिए चलित दलों को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखा गया है। विसर्जन के दौरान चाकूबाजी आपसी विवाद, झगड़ा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अपराध निरोधक एवं अपराध दल सक्रिय रहेंगे।
बीएसपी के अनफिट बिल्डिंग के सामने छात्रा के अपहरण की कोशिश, दो गिरफ्तार
भिलाईनगर। सेक्टर 6 स्थित अक्षयपात्र के सामने स्थित अनफिट बिल्डिंग के सामने से ट्यूशन से लौट रही एक छात्रा को दिनदहाड़े दो युवकों ने घेर लिया और उसे जबरन साथ लेकर जाने लगे इस पर छात्रा के शोर मचाने से वहां एक व्यक्ति यहां पहुंचा और उसने उन युवकों को वहां से खदेड़ा। डरी सहमी छात्रा की मदद करने वाले इस व्यक्ति ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने छात्रा से पूछताछ के बाद आरोपियों श्याम तुमेरकी (26 वर्ष) निवासी एलआईसी कालोनी सेक्टर-6 के पीछे झोपड़पट्टी व एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। भिलाईनगर पुलिस ने मामले में धारा 74, 296, 351 (3), 3 (5), 8 पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
गौरतलब हो कि लंबे समय से खंडहर बन चुके भवन और बिल्डिंग अपराधियों और नशेड़ियों के लिए एक आरामदायक जगह बन चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने ऐसे खंडहरों को चिन्हित कर इसे डिसमेंटरल करने जिला प्रशासन, निगम और बीएसपी प्रबंधन को पत्र भी लिखा। खंडहर आवासों को डिस्मेंटल तो किया जा रहा है, लेकिन इसकी गति बहुच धीमी है। हालात यह है कि टाउनशिप के सेक्टर 6, सेक्टर 7 सहित कई जगह खड़ी अनफिट बिल्डिंग और क्वार्टर के सामने से गुजरने में अब युवतियों- महिलाओं को डर लगने लगा है।
दिन दहाड़े हुई इस घटना के बाद फिर एक बार बेटियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल उठने लगे हैं। इधर एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि तीन- चार महीने पहले भी ऐसी घटना हुई थी। इसके बाद उन्होंने बीएसपी प्रबंधन को पत्र लिखकर अनफिट बिल्डिंग को डिस्मेंटल करने का आग्रह किया था।
टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर 2.37 लाख की ठगी
भिलाईनगर। नंदिनी थाना अंतर्गत ग्राम बानबरद में टेलीग्राम के जरिए निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति और उसकी पत्नी से कुल 2 लाख 37 हजार 140 रुपये की ऑनलाइन ठगी की है। शिकायत के आधार पर नंदिनी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
नंदिनी पुलिस ने बताया कि ग्राम बानबरद वार्ड क्रमांक 13 निवासी तुलेश्वर बघेल (28 वर्ष) भिलाई स्टील प्लांट में ठेकेदारी का काम करता है। शिकायत में उसने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने निवेश संबंधी आकर्षक ऑफर भेजा । कम समय में अधिक लाभ और रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। आरोपी ने खुद को ब्लैक रॉक कंपनी का मैनेजर बताया और ग्रुप में दिए निर्देशों के अनुसार निवेश करने के लिए कहा।
आरोपी के झांसे में आकर तुलेश्वर ने अपने बैंक खाते से 21 अक्टूबर 2025 को 88,640 रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में उसे कुछ लाभ दिखाया गया, लेकिन जब उसने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। इसके बाद आरोपियों ने उसकी आईडी लॉक होने की बात कहते हुए उसे अनलॉक कराने के लिए 1.50 लाख रुपये जमा करने को कहा।
आरोपियों की धमकी और दबाव में आकर तुलेश्वर ने 26 अक्टूबर 2025 को 74,250 रुपये अपने खाते से और 74,250 रुपये अपनी पत्नी कन्या कुमारी बघेल के खाते से बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 2,37,140 रुपये आरोपियों के खातों में पहुंच गए। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपियों ने तुलेश्वर से संपर्क बंद कर दिया और उसे टेलीग्राम ग्रुप से भी हटा दिया। बाद में उसे अपने साथ साइबर फ्रॉड होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने नंदिनी नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सेल के निदेशक कार्मिक सुरक्षा की समीक्षा करने पहुंचे
भिलाईनगर। बीएसपी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं और मौतों को सेल के कार्पोरेट आफिस ने बहुत गंभीरता से लिया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि मौत के दूसरे ही दिन नईदिल्ली से सेल के निदेशक कार्मिक भिलाई पहुँचे। असल में इस्पात मंत्रालय ने कुछ अर्से पहले सार्वजनिक क्षेत्र की कम्पनी में लगातार मौतों पर नाराजगी जताई थी क्योंकि मामला लोकसभा में उठ गया था। निदेशक केके सिंह ने आज दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाओं व मौतों को रोकने गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए।
सेल के निदेशक (कार्मिक) के के सिंह ने बुधवार को भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा कर वर्तमान सुरक्षा प्रणालियों की समीक्षा की। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र के साथ ब्लास्ट फर्नेस में विगत दिनों हुई दुर्घटना के घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान कार्यपालक निदेशक (एमटीआई) व अतिरिक्त प्रभार कार्यपालक निदेशक (एसएसओ) संजय धर, कार्यपालक निदेशक (ऑपरेशंस) प्रदीप कुमार बैसाखिया, मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस ) मनोज कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (एसईडी) पुष्पा एम्ब्रोस, मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) प्रशांत ओझा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सिंह ने सभी कार्यपालक निदेशकों एवं मुख्य महाप्रबंधकों के साथ इस्पात भवन में आयोजित बैठक में संयंत्र में वर्तमान में अपनाई जा रही सुरक्षा प्रक्रियाओं एवं प्रणालियों की समीक्षा की। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदमों एवं उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
सीएसवीटीयू के खिलाड़ियों को मिलेगा अब ज्यादा भत्ता
भिलाईनगर। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और प्रतियोगिताओं के दौरान छात्र – खिलाड़ियों की आर्थिक जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने अहम पहल की है।
विश्वविद्यालय खेल समिति की बैठक में अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के लिए 1 300 रुपए और विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए 500 रुपए प्रतिदिन दैनिक भत्ता देने पर सहमति बनी। वहीं खिलाड़ियों के स्वास्थ्य बीमा और प्रतियोगिता आयोजन से जुड़े वित्तीय प्रावधानों पर वित्त विभाग से परीक्षण के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति एवं विश्वविद्यालय खेल समिति के पदेन अध्यक्ष डॉ. अरुण अरोरा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विश्वविद्यालय खेल नियमावली-2026 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने खेल गतिविधियों को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और छात्रहितैषी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में बीआईटी दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अनुप मिश्रा, शासकीय कन्या पॉलीटेक्निक रायपुर की प्राचार्य डॉ. वर्षा चौरसिया सहित विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यपरिषद द्वारा नियुक्त सदस्यों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य राजेश चौहान और पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी ख्वाजा अहमद ने भी सहभागिता की।
खेल नियमावली के स्वास्थ्य सुविधाओं, खिलाड़ियों के बीमा तथा प्रतियोगिताओं से जुड़े कुछ वित्तीय प्रावधानों को वित्त विभाग से परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया। इन विषयों पर अंतिम निर्णय के लिए समिति की पुनः बैठक होगी। समिति ने माना कि नई नियमावली से संबद्ध महाविद्यालयों में खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण, प्रतियोगिता आयोजन और विश्वविद्यालय टीमों के गठन में एकरूपता आएगी। बैठक में कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी पदेन सदस्य सचिव तथा विश्वविद्यालय खेल विभाग के भारसाधक किशोर कुमार भारद्वाज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
भिलाई – दुर्ग में आज से गणेश भगवान मूर्ति विसर्जन पर रूट डायवर्ट
भिलाईनगर। गणेश पर्व के समापन पर 24 से 26 सितंबर तक शिवनाथ नदी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाना है। विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणेश समितियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा रूट डायवर्ट किया जायेगा। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि विसर्जन के दौरान अंजोरा से पुलगांव की ओर तथा पुलगांव से अंजोरा की ओर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहन, भारी वाहन एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान केवल गणेश प्रतिमा विसर्जन से संबंधित वाहनों को ही आवश्यकतानुसार इस मार्ग पर प्रवेश दिया जाएगा। अंजोरा की ओर से आने वाले मालवाहक एवं भारी वाहनों को यातायात पुलिस ने बाइपास मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार अंडा से आने वाले भारी / मध्यम वाहनों को रिसामा, गाड़ाडीह, फुंडा, रायपुर की डायवर्ट किया जायेगा, ताकि विसर्जन मार्ग पर यातायात का दबाव कम रहे तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यहां किया जाएगा विसर्जन- मुर्गा चौक, 25 मिलियन चौक, सेक्टर 09 चौक, 32 बंगला तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी है।
तालाबों में नहीं, शिवनाथ में चिन्हांकित जगहों पर होगा मूर्ति विसर्जन
दुर्ग। नगर निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार की अध्यक्षता एवं आयुक्त लीना कोसम की उपस्थिति में बुधवार को दोपहर 3 बजे डाटा सेंटर में मेयर इन काउंसिल की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष शहर के तालाबों में मूर्ति विसर्जन नहीं किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित व्यवस्था के तहत शिवनाथ नदी में ही करें।
महापौर अलका बाघमार ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि गणेशोत्सव हमारी आस्था और श्रद्धा का पर्व है। पर्यावरण एवं जलस्रोतों की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के तालाबों को मूर्ति विसर्जन से मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे प्रतिमाओं का विसर्जन शिवनाथ नदी में निर्धारित स्थान पर ही करें और निगम प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें। इसके अलावा नगरोत्थान योजना, निर्माण कार्य, सड़क चौड़ीकरण, निगम मद, व्यवस्थापन, जलगृह एवं बाजार विभाग सहित शहर के विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राशन कार्ड बनाने और संशोधन के लिए दस्तावेजों की सूची जारी
डोंगरगढ़। राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची जारी की गई है। नई जानकारी के अनुसार प्राथमिकता, निराश्रित, अंत्योदय, हरा तथा एपीएल सामान्य राशन कार्ड के लिए अलग-अलग दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं।
प्राथमिकता कार्ड के लिए पटवारी प्रतिवेदन, आय व निवास प्रमाण पत्र, मुखिया एवं सदस्यों के फोटो, मोबाइल नंबर, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा मनरेगा कार्ड आदि दस्तावेज मांगे गए हैं।
निराश्रित कार्ड के लिए 60 वर्ष से अधिक आयु की महिला या पुरुष के लिए निराश्रित पेंशन प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज आवश्यक हैं। अंत्योदय कार्ड के लिए परिवार से संबंधित प्रमाण पत्र, दिव्यांगता, गंभीर बीमारी अथवा अन्य निर्धारित श्रेणी के प्रमाण पत्र मांगे गए हैं।
हरा कार्ड के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु, दिव्यांगता, आय, निवास, जाति एवं अन्य दस्तावेज आवश्यक हैं। वहीं एपीएल सामान्य कार्ड के लिए आय एवं निवास प्रमाण पत्र, फोटो, मोबाइल नंबर, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और परिवार का ग्रुप फोटो जरूरी बताया गया है।
कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने अथवा स्थानांतरण के लिए भी अलग दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं। सभी दस्तावेजों की मूल स्कैन कॉपी जेपीजी अथवा पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करने की सूचना दी गई। है। मोबाइल नंबर, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र को अनिवार्य बताया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


