Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाईनगर. नवंबर-दिसम्बर में प्रस्तावित तीन नगर निगमों-भिलाई निगम, रिसाली निगम व भिलाई-चरोदा के चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया 9 सितंबर को होगी. कलामंदिर सिविक सेंटर में लाटरी से वार्डों का आरक्षण किया जाएगा. कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सोमवार को आरक्षण प्रक्रिया के लिए आदेश जारी कर दिया है. छत्तीसगढ़ नगर पालिका अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण नियम 1994 के अधीन नगर पालिक निगम भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा के वार्डों का आरक्षण किया जाएगा. तीनों निगमों को मिलाकर कुल 150 वार्ड हैं. वार्ड आरक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किस वार्ड से किस वर्ग का पार्षद प्रत्याशी चुनाव लड़ पाएगा या लड़ पाएगी. बता दें कि महापौर पद के लिए पूर्व में ही आरक्षण हो चुका है. भिलाई निगम का महापौर ओबीसी वर्ग, रिसाली निगम का महापौर अनुसूचित जाति महिला, भिलाई-चरोदा निगम महापौर ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हो चुका है. यानी दो निगम में ओबीसी और एक निगम में अनुसूचित जाति की महिला महापौर होना तय माना जा रहा है.

पूर्व PM वाजपेयी की मूर्ति में आ रही दरार

बेमेतरा. छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को चिरस्थायी रखने और उनके द्वारा शुरू की गई ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण कराया गया है परंतु मारो नगर पंचायत में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लोकार्पण के 6-7 माह में ही खंडित होने लगी है. जगह-जगह से मूर्ति में दरारें आ रही हैं, प्लास्टर उखड़ने लगा है. नगर पंचायत मारो में करीब 20 लाख की लागत से अटल परिसर का निर्माण वार्ड 7 में बस स्टैंड के पास कराया गया है. जहां अटल जी की प्रतिमा लगाया गया है. जिसका लोकार्पण 25 दिसंबर 2025 को उनके जन्म दिवस पर किया गया परंतु लोकार्पण के कुछ माह बाद ही प्रतिमा खराब होने लगी है. वार्ड वासियों ने बताया कि अटल जी की स्थापित प्रतिमा के दाहिने पैर के घुटने के नीचे प्लास्टर उखड़ गया है. इसके अलावा कमर तथा जांघ के पास भी दरारें आ रही है. यह दरारें बीते दो-तीन माह से देखा जा रहा है. इससे ऐसा प्रतीत होता है कि मारो नगर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित ठेकेदार द्वारा अटल परिसर निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया है. अनावरण के 6-7 माह में ही प्रतिमा में दरार होना जांच का विषय हो सकता है. साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है.

विद्युत उपभोक्ताओं के लिए E-KYC प्रक्रिया शुरू

दुर्ग. छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शनों एवं उनके रिकॉर्ड को अधिक प्रमाणिक, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. विद्युत रीजन दुर्ग के अंतर्गत दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले के लगभग 10 लाख 09 हजार 521 निम्नदाब उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराया जाएगा, जिसकी शुरुआत 1 सितंबर से होगी. यह प्रक्रिया उपभोक्ता डेटाबेस को सटीक बनाने और यह सुनिश्चित करने में मदद करेगी कि कनेक्शन का उपयोग करने वाला व्यक्ति वास्तविक एवं वैध है. ई-केवाईसी के माध्यम से विद्युत कनेक्शन से संबंधित उपभोक्ता की पहचान का सत्यापन किया जाएगा. इससे यह सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी कि विद्युत कनेक्शन जिस व्यक्ति के नाम पर दर्ज है, वह वास्तविक एवं वैध उपभोक्ता है तथा वर्तमान में कनेक्शन का उपयोग कौन कर रहा है. इस प्रक्रिया से विद्युत कंपनी को अपने उपभोक्ता रिकॉर्ड को व्यवस्थित एवं अद्यतन करने के साथ वास्तविक उपभोक्ताओं का प्रमाणिक डेटाबेस तैयार करने में मदद मिलेगी.

उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-केवाईसी के लिए तीन आसान विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं. उपभोक्ता “मोर बिजली मोबाइल ऐप” के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन ई केवाईसी कर सकते हैं. इसके अलावा नजदीकी वितरण केंद्र अथवा जोन कार्यालय में उपस्थित होकर अधिकृत कर्मचारियों के माध्यम से ई-केवाईसी कराया जा सकता है, अथवा मीटर रीडर उपभोक्ता के घर पहुंचकर मोबाइल एप के माध्यम से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करेगा. ई-केवाईसी के दौरान उपभोक्ता की पहचान का सत्यापन आधार ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ओटीपी, फिंगरप्रिंट अथवा फेस ऑथेंटिकेशन से किया जा सकेगा. यदि किसी उपभोक्ता का नाम विद्युत कनेक्शन एवं आधार कार्ड में अलग है, तो पहले विद्युत कनेक्शन में नाम सुधार करना होगा, जिसके लिए केवल नाम में त्रुटि होने पर कोई प्रोसेसिंग शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि मालिकाना हक में परिवर्तन होने पर नियमानुसार शुल्क और दस्तावेज देने होंगे. विद्युत कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ई-केवाईसी की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है और इसके लिए उपभोक्ता से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि ई-केवाईसी के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति को राशि न दें. उपभोक्ता केवल अधिकृत माध्यमों से ही ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें और किसी संदिग्ध लिंक या अनधिकृत ऑनलाइन माध्यम का उपयोग न करें.

नशीली टेबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर. धमधा रोड सब्जी मंडी में 600 नशीले अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ मोहनगर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 2.40 लाख रुपए की नशीली दवाएं एवं नगदी बरामद की है. ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि थाना मोहन नगर पुलिस को नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के संबंध में सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम धमधा रोड सब्जी मंडी दुर्ग क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए कार्रवाई की. मौके पर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 600 नग नशीली टेबलेट अल्प्राजोलम एवं 230 रुपये नगद बरामद हुए. पूछताछ एवं प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान कृष्णा दास मानिकपुरी (25 वर्ष) निवासी कुदरा पारा ग्रीन चौक दुर्ग के रूप में हुई है. बरामद नशीली टेबलेट की अनुमानित कीमत 2,40,000 रुपए है. आरोपी के विरुद्ध थाना मोहन नगर में धारा 8, 22, 27 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है

हाईवे में ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत

राजनांदगांव. बड़े वाहन चालकों की लापरवाही से नेशनल हाईवे में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है. रविवार की रात भी एक ऐसा ही हादसा हुआ . राजनांदगांव में अपने रिश्तेदार के घर से अपने घर भिलाई जा रहे एक युवक की मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार ट्रक ने ठोंक दिया. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा ठाकुर टोला टोल प्लाजा के आगे खुटेरी चौक के पास हुआ. जानकारी के अनुसार सूर्य नगर वार्ड नंबर 36 पावर हाउस भिलाई निवासी आदित्य पिता राजू लगभग लगभग 5.30 बजे मोटरसाइकिल विश्वकर्मा उम्र 25 वर्ष रविवार की शाम क्रमांक सीजी 04 डी वी 4009 में अपने घर से अपने मामा के लड़के को छोड़ने पेंड्री राजनांदगांव गया था. रात लगभग 9 बजे वह अपने मामा के घर से अपने निवास सूर्य नगर पावर हाउस भिलाई जा रहा था. बताया जाता है कि जैसे ही वह ठाकुर टोला टोल प्लाजा के आगे खुटेरी चौक के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक ओडी 01 बीएच 5969 के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए आदित्य की मोटरसाइकिल को जोरदार ठोकर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की चपेट में आने से आदित्य विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई . हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेजा. आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है . पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ धारा 106 /1 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. घटना की जांच की जा रही है. नेशनल हाईवे में 2 दिन में हुए दो हादसों में दो लोगों की जान जा चुकी है, वहीं एक युवक घायल हैं. बीती रात खुटेरी चौक के पास हुए हादसे से पूर्व एक अन्य दुर्घटना शुक्रवार की दोपहर ट्रांसपोर्ट नगर चौक के पास हुई. जहां एक ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए सामने जा रही मोटरसाइकिल को ठोंक दिया.

ग्रीन फार्म हाउस में चोरी मामले में दो गिरफ्तार

राजनांदगांव. सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस ग्राम देवादा में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है. जानकारी के अनुसार गत 20 अगस्त की रात्रि ग्राम देवादा स्थित सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों द्वारा 10 नग ए.सी. आउटडोर, 3 सबमर्सिबल पंप, 1 नग वाटर पंप, एचपी पंप, एचटीपी पंप, सीसीटीवी कैमरे एवं ब्लूटूथ साउंड बॉक्स सहित कुल 56,500/- रूपये कीमत का सामान चोरी कर लिया गया था. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में धारा 305 (ए), 331 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में सोमनी पुलिस और साइबर सेल के संयुक्त टीम ने संदेही विजय सोनवानी पिता अलखराम सोनवानी उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम धीरी आबादीपारा, थाना सोमनी एवं नागेश्वर प्रसाद साहू पिता स्व. रोहित राम साहू उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम खल्लारी थाना गुण्डरदेही जिला बालोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर उक्त चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया. आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई. आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गयाहै. प्रकरण में फरार अन्य आरोपी की तलाश एवं शेष चोरी गए सामान की बरामदगी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H