Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : दुर्ग. पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर द्वारा सार्वजनिक रूप से महाभारत के संदर्भ में यादव समाज को लेकर दिए गए बयान को लेकर समाज के लोगों ने आपत्ति व्यक्त की है. साथ ही इसे दुर्भाग्यपूर्ण और घोर निंदनीय बताया है. इसके लिए उन्होंने अजय चंद्राकर से समाज के लोगों से क्षमा मांगने की मांग की है. समाज के अध्यक्ष गोविंदा लखन यादव ने कहा है कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों के शब्दों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है. इसलिए उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे किसी भी समाज, जाति अथवा समुदाय के संबंध में बोलते समय अत्यंत संयम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दें. उन्होंने कहा कि महाभारत जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक-सांस्कृतिक महाकाव्य के प्रसंगों को इस प्रकार प्रस्तुत करना कि इससे किसी वर्तमान सामाजिक समुदाय की गरिमा या भावनाओं को ठेस पहुँचे, किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है. यादव समाज भगवान श्रीकृष्ण की परंपरा, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ समाज है. इसलिए यादव समाज के संबंध में किसी भी प्रकार की अवमाननापूर्ण या उपेक्षापूर्ण टिप्पणी समाज की भावनाओं को आहत कर सकती है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्राप्त है, लेकिन इस स्वतंत्रता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी जुड़ा हुआ है. किसी समाज के प्रति पूर्वाग्रह, उपेक्षा अथवा अपमान का भाव प्रदर्शित करने वाले शब्द सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं हैं. ऐसे वक्तव्य न केवल अस्वीकार्य हैं, बल्कि सार्वजनिक जीवन की गरिमा के भी विरुद्ध हैं इस बयान की हम कड़े शब्दों में घोर निंदा करते हैं अजय चंद्राकर से अपेक्षा करते हैं कि वे अपने वक्तव्य पर गंभीरता से विचार करें और यादव समाज की भावनाओं को समझते हुए सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करें और यादव समाज से सम्मानपूर्वक क्षमा मांगें. बता दें कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में जारी खींचतान को लेकर भाजपा विधायक चंद्राकर ने महाभारत के प्रसंग का जिक्र किया और कहा कि चुनाव नहीं यह ‘यादवी संघर्ष’ हो रहा है. इस चुनाव के बाद कांग्रेस भी समाप्त हो जाएगी.

BSP के 198 अनफिट ब्लाक ध्वस्त करने की तैयारी

भिलाईनगर. बीएसपी के टू बी टाइप 198 ब्लाक अनफिट घोषित किये जा चुके हैं. अब इन्हें ध्वस्त किया जाना जरूरी माना जा रहा है. इनमें केवल एक-दो लीजधारी रह रहे हैं. इनके चलते जर्जर होने के बावजूद ब्लाक ध्वस्त नहीं किये जा सके हैं. प्रबंधन अब अनफिट घोषित आवासों को सख्ती से खाली कराने के मूड में है ताकि उन्हें ध्वस्त किया जा सके. बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने टू बी टाइप आवासों का सर्वे कराने के बाद 206 ब्लाक को असुरक्षित पाया. इन्हें अनफिट घोषित किया गया. इनमें से 107 ब्लाक को ध्वस्त कर दिया गया. इस तरह 99 ब्लाक शेष रह गए. दूसरे चरण में 61 ब्लाक को तथा अंतिम चरण में 38 ब्लाक को असुरक्षित घोषित कर दिया गया. अनफिट आवास जानलेवा बन चुके प्रबंधन मानता है कि इन जर्जर आवासों के कभी भी ढहने का खतरा है. ऐसे में इन्हें जल्द से जल्द खाली कराना जरूरी है. जानलेवा हादसा होने पर बात प्रबंधन पर आएगी. प्रबंधन ने इसीलिए खाली आवासों की सूची जारी कर लीजधारियों को तीन बार विकल्प चुनने का मौका दिया है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में लीजधारियों ने आवास खाली नहीं किया. ऐसे में प्रबंधन को लग रहा है कि लीजधारियों को तीन माह का समय देने के बाद उनके लीज निरस्तीकरण की कार्रवाई के अलावा और कोई विकल्प नहीं है. यही वजह है कि उसने इस दिशा में कार्यवाही शुरु कर दी है. आगामी तीन माह बाद ही पता चलेगा कि कितने लीजधारी आवास खाली करते हैं. इस तरह तीन चरणों में कुल 305 ब्लाक रहने के अयोग्य मानते हुए अनफिट व असुरक्षित घोषित किए गए. 305 में के वल 107 ब्लाक ही ध्वस्त किए गए. इस तरह 198 अभी भी असुरक्षित खड़े हैं और वहां रहने वाले लीजधारियों के लिए जानलेवा हो सकते हैं. अनफिट घोषित ब्लाक व आवास में रहने वाले बीएसपी के नियमित कार्मिकों ने दूसरा विकल्प चुन लिया. लाइसेंसधारियों को भी दूसरे आवास का विकल्प दे दिया गया लेकिन लीजधारी बेहतर विकल्प नहीं मिलने के कारण अभी तक जर्जर आवासों में ही रह रहे हैं.

शिक्षकों का लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन

मारो. छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक, समग्र शिक्षक फेडरेशन विकासखंड नवागढ़ के बैनर तले शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 22 अगस्त को ब्लॉक स्तरीय विशाल रैली और धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा. फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल गोयल के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नवागढ़ एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नवागढ़ को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की सूचना दी. रैली के माध्यम से शिक्षक सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति निवारण, टीईटी संबंधी विसंगति, पदोन्नति में वरिष्ठता एवं अन्य शिक्षक हित की मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करेंगे. इस अवसर पर छग सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौशल प्रसाद अवस्थी भी उपस्थित रहकर शिक्षकों का मार्गदर्शन करेंगे. ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल गोयल ने नवागढ़ ब्लॉक के समस्त शिक्षक साथियों से अपील की है कि वे 22 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में दोपहर 12 बजे बीआरसी भवन के सामने एकत्रित हो और रैली को सफल बनाएं. इन्होंने कहा कि संगठन में ही शक्ति है, एकजुट होकर ही हम अपने हक की लड़ाई लड़ सकते है.

70 परिवारों को बिजली समस्या से मिली राहत

दल्लीराजहरा. वार्ड 2 कच्चे दफाई क्षेत्र के निवासी लगभग 2 साल से लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बंद होने की समस्या से जूझ रहे थे. कारण था शीतला माता मंदिर से दिलीप सिंह सिन्हा के घर तक सिंगल कोर केबल लगाया जाना. इसी एक केबल लाइन से घरों की बिजली और सड़क की स्ट्रीट लाइट दोनों का कनेक्शन था. लोड बढ़ने से लो-वोल्टेज की समस्या तो थी ही, साथ ही स्ट्रीट लाइट के बल्ब 24 घंटे जलते रहते थे, जिससे बिजली की खपत बढ़ती थी और बल्ब जल्दी खराब हो जाते थे. वार्डवासियों ने इसकी शिकायत भाजपा युवा नेता सोमेश जायसवाल से की. उन्होंने सुशासन तिहार के माध्यम से बिजली विभाग में आवेदन लगाया. आवेदन के फलस्वरूप बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 बिजली के खंभों में लगभग 300 मीटर की उच्च गुणवत्ता वाली 70 एमएम की नई केबल लाइन बदल दी है. इस नई लाइन के लगने से अब 70 से अधिक घरों में रहने वाले निवासियों को सीधा लाभ पहुंचा है.

भाजपा युवा नेता सोमेश जायसवाल ने बताया कि सुशासन त्यौहार में आवेदन देने के बाद भी मामला लंबित था जिसकी चर्चा संजय बैंस से की गई थी. उन्होंने जनहित का मामला मानते हुए तुरंत जे ई विद्युत विभाग से चर्चा की. जिसके परिणाम से वार्ड वासियों को समस्या से मुक्ति मिली है.

सोमेश जायसवाल ने बताया कि “राज्य सरकार के द्वारा समस्याओं के समाधान में थोड़ा विलंब जरूर हुआ, लेकिन देर ही सही 70 घरों की 2 साल पुरानी समस्या का निराकरण हो गया है. अब न तो घरों में लो-वोल्टेज की समस्या होगी, न ही स्ट्रीट लाइट के बल्ब बार-बार खराब होंगे. गर्मी के दिनों में कूलर-पंखे भी बिना किसी बाधा के चलेंगे. नई केबल लगने से वार्डवासियों में खुशी है और उन्होंने सोमेश जायसवाल और बिजली विभाग का धन्यवाद किया है.

किसानों का अनाज लेकर धोखाधड़ी कर पैसे नहीं देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

बालोद. किसानों का अनाज लेकर धोखाधड़ी कर पैसे नहीं देने वाले 2 आरोपी भानुप्रताप सिन्हा व इमेन्द्र कुमार ठाकुर को सूचना के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया गया. उक्त आरोपी ग्राम सॉहपुर व रमतरा के करीब 25 किसानों से करीब 10,00,000 रूपये का अनाज लेकर पैसे ना देकर धोखाधड़ी किए. घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन अनुमानित कीमत 5,00,000 रूपये को भी जब्त किया गया. मामले के अनुसार प्रार्थी मिथलेष कुमार साहू सॉहपुर थाना गुरूर ने 20 अगस्त को अपने गांव के किसान एवं ग्राम रमतरा के किसानों के साथ सामूहिक रूप से थाना आकर लिखित आवेदन पत्र प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि माह अप्रैल 2026 में हितेश्वर मण्डावी और भानु सिन्हा ग्राम सोंहपुर के लोग हमारे गांव आये थे और सोंहपुर के इमेन्द्र कुमार ठाकुर के माध्यम से हितेष्वर मण्डावी से अनाज खरीदी बिक्री करने के संबंध में मिलवाया था और अनाज का मौखिक सौदा होने के बाद 20.91 क्विंटल चना को मार्केट से अधिक मूल्य में करीब 5,200 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी करने का लालच देकर प्रार्थी व अन्य किसानों का अनाज पिकअप वाहन में भरकर ले गए थे और कुछ माह में पूरा पैसा देना बोले थे जो लगभग 1,08,000 रूपये नही दिए हैं. इसी प्रकार गांव के अन्य 12 किसानों का चना, अरहर, लाखड़ी एवं बटरी कुल कीमती लगभग 5,74,500 रूपये तथा ग्राम रमतरा के कुल 12 किसानों से चना, अरहर, लाखड़ी एवं बटरी को खरीदी बिक्री कर कुल कीमती लगभग 5,05,000 रूपये का दोनों गांव से अनाज खरीदकर 10,79,500 रूपये नही देकर धोखाधड़ी किया है.

रहस्यमय ढंग से लापता प्रधान आरक्षक की तलाश में जुटी पुलिस

दुर्ग. उतई स्थित सीआईएसएफ आरटीसी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है. अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए उतई थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि उतई में पदस्थ प्रधान आरक्षक आकाशदीप शर्मा 17 अगस्त से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है. वह ड्यूटी पर उपस्थित होने के बाद बैरक से बिना बताए कहीं चला गया और अब तक उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है. उतई पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 140 (3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है. पुलिस ने बताया कि सीआईएसफ आरटीसी के रिजर्व इंस्पेक्टर ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि प्रधान आरक्षक आकाशदीप शर्मा 29 वर्ष उतई में पदस्थ था. 17 अगस्त को आकाशदीप की सामान्य पारी में ड्यूटी थी लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ था. वह बैरक से भी बिना किसी को बताए चला गया. ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद आसपास तलाश की गई और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है. किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा आकाशदीप को अपने पास रख लेने की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस जांच में जुटी है.

सफाईकर्मियों ने आंदोलन की दी चेतावनी

राजनांदगांव. नगर निगम में सफाई ठेका कर्मचारियों को लगभग 7 माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है. इस मामले को लेकर आज सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया. शहर की सफाई व्यवस्था में ठेके के अंतर्गत कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं मिलने से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. आगामी रक्षाबंधन पर्व को लेकर कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. जिसके चलते उनमें आक्रोश भी बढ़ रहा है. नगर निगम परिसर में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते कहा कि नियमित वेतन नहीं मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ी हुई है. उधार लेकर घर का गुजारा करना पड़ रहा है. कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के चलते अब उधार भी नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने शासन-प्रशासन से गुहार लगाते कहा है कि शासन द्वारा तय मापदंड के अनुसार प्रत्येक 10 तारीख को वेतन भुगतान किया जाए. सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक ने कहा कि लगातार सफाई कर्मचारियों को अनदेखा किया जा रहा है. नगर निगम के पास सिर्फ सफाई कर्मचारियों को वेतन देने रुपए नहीं है. उन्होंने बताया कि नगर निगम अंतर्गत कार्यरत बाम्बे ठेका संचालक द्वारा ईपीएफ की राशि भी जमा नहीं की जा रही है. उन्होंने बताया कि ठेका सफाई कर्मचारियों दिया जाना है, लेकिन ठेकेदार के माध्यम से 7 से 8 हजार का ही भुगतान किया जाता है.  निगम में नियमित सफाई कर्मचारियों को दो माह से और ठेका सफाई कर्मचारियों को बीते 7 माह से वेतन नहीं दिया गया है, जिससे आक्रोश है. कर्मचारियों ने इस मामले में नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम से अपनी पीड़ा व्यक्ति की. जिसके बाद उन्होंने सोमवार तक वेतन भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया है. अपने प्रदर्शन के दौरान शीघ्र वेतन भुगतान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H