भिलाईनगर। भिलाई 3 निवासी मुस्कान तिवारी की मनगटा स्थित एक रिसॉर्ट में संदिग्ध अवस्था में शव मिलने के बाद पीएम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। जबरन शराब पिला कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इससे उसके शरीर में चोट भी आई है । सोमनी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने विशलिंगवुड्स रिसोर्ट को सील भी कर दिया है।
यह भी पढ़ें : CG Weather Update : लोगों को जल्द मिलेगी उमस से राहत, छत्तीसगढ़ में 23 जून तक मानसून पहुंचने के आसार
गौरतलब हो कि 17 जून की रात को पूनम टॉकीज में काम करने वाली भिलाई तीन निवासी मुस्कान तिवारी (24 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ पहले रायपुर क्लब गई हुई थी, वहां से वह देर रात को मनगटा स्थित रिसार्ट में पहुंची 18 जून की सुबह रिसोर्ट में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री, राजनांदगांव से प्राप्त सूचना पर थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की।

जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, मृतका के परिजनों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अवलोकन से यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों आशुतोष उर्फ आशु, छत्रपाल उर्फ बल्लू एवं घनश्याम बेलचंदन ने एक राय होकर मृतका को बहला-फुसलाकर रायपुर ले जाते समय रास्ते में जबरन शराब पिलाया। रायपुर क्लब ले गए व वापस विशलिंगवुड रिसार्ट मनगटा में मदहोशी हालत में युवती के साथ आशुतोष ने जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किया। इससे मृतका को चोटें भी आई।
प्रकरण में धारा 64, 115 (2), 3 ( 5 ) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों राजनांदगांव जिला निवासी आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष) व दुर्ग जिला निवासी घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घटना से संबंधित विशलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी नियमानुसार सील किया गया है।
बीएसपी से लोहा चोरी के मास्टर माइंड संजय सिंह की संपत्ति खंगाल रही पुलिस
भिलाईनगर। बीएसपी से ब्लू डस्ट की आड़ में 250 टन लोहा चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस मुख्य आरोपी संजय सिंह से बारीकियों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा उसकी संपत्ति की भी जानकारी जुटा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुख्य सूत्रधार संजय सिंह और उसके सहयोगी उपेंद्र ओझा से रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश कुमार सिंह ( 29 ) निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल और अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा (45) निवासी सेक्टर- 2 शामिल हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में पकड़े जा चुके आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पिछले कई महीनों से संजय सिंह के संपर्क में थे और बीएसपी से चोरी किए स्क्रैप को ब्लू डस्ट से भरी गाड़ियों में छिपाकर बाहर निकालने और उसे सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। सूत्रों के अनुसार संजय की निशानदेही पर जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, सिंडिकेट की नई परतें खुलती जा रही हैं।
पुलिस अब चोरी की पूरी सप्लाई चेन, आर्थिक लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। इस मामले की जांच अब केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं रह गई है। पुलिस की नजर अब उन लोगों पर भी है जो संजय सिंह के साथ साझेदारी में प्लांट संचालन और चोरी के लोहे को खपाने में जुड़े रहे हैं । विशेष रूप से एक पुराने कबाड़ी कारोबारी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
श्रमिकों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य, 30 जून अंतिम तिथि
दुर्ग। श्रम विभाग द्वारा जिले के पंजीकृत श्रमिकों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है। ई- केवाईसी की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार ई-केवाईसी के माध्यम से श्रमिकों के डाटा का सत्यापन एवं अद्यतन किया जाएगा, जिससे उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
वर्तमान में आधार के अनुसार डाटा संशोधन का कार्य सीएससी केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है, जहां श्रमिक आधार कार्ड के अनुरूप सत्यापन करा सकते हैं। केवल ई- केवाईसी पूर्ण करने वाले पंजीकृत श्रमिकों को ही योजनाओं का लाभ मिलेगा। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले श्रमिकों के नाम पोर्टल से हटाए जा सकते हैं तथा मृत अथवा अपात्र हितग्राहियों के नाम भी सूची से पृथक किए जाएंगे।
बीएसपी के जूनियर मैनेजर की लिखित परीक्षा 5 जुलाई को
भिलाईनगर। सेल मैनेजमेंट ने जूनियर मैनेजर (ई जीरो) की लिखित परीक्षा का आयोजन 5 जून को किया है। हालांकि सूत्रों ने यह भी कहा है कि यह भी एक टेंटेटिव डेट है। इसके पहले ए आई के जरिए एक फर्जी परिपत्र भी जारी हो गया था जिसमें परीक्षा की तिथि 19 जुलाई बताई गई। इसका मैनेजमेंट के जिम्मेदार अफसरों ने खंडन भी कर दिया था।
सड़क दुर्घटना में कंटेनर को काटकर ट्रक चालक को सुरक्षित निकाला
भिलाईनगर। कुम्हारी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में कंटेनर में चालक को यातायात पुलिस एवं कुम्हारी पुलिस ने कटर एवं राड की सहायता से वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर सुरक्षित बाहर निकाल कर उसकी जिंदगी बचाई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि बीती रात कुम्हारी क्षेत्र में रायपुर से दुर्ग मार्ग में काजी हाउस कटिंग के पास एक सड़क दुर्घटना के दौरान आईसर मालवाहक वाहन ट्रेलर के पीछे एक वाहन के टकरा जाने से गंभीर दुर्घटना घटित हुई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कंटेनर का चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया और स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ था।
इस घटना की सूचना प्राप्त होते ही यातायात पुलिस दुर्ग एवं कुम्हारी थाना की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों की सहायता से त्वरित राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। चालक के केबिन में फंसे होने के कारण कटर एवं राड की सहायता से वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्टेपनी में छिपाकर गांजा तस्करी 7.50 लाख रुपए का गांजा जब्त
भिलाईनगर। पिकअप वाहन में रखे दो स्टेपनी टायरों के अंदर छिपाकर गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1. 15 किलो 500 ग्राम मादक पदार्थ गांजा, पिकअप वाहन, 4 मोबाइल एवं बिक्री रकम सहित कुल 17,72,000 रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि शनिवार की दोपहर 1 बजे थाना जामुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घासीदास नगर मैदान में खड़ी एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखा गया है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की। वाहन में तीन व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान वाहन में रखे प्लास्टिक कैरेट के बीच दो स्टेपनी टायर पाए गए।
संदेह पर ऑटो मिस्त्री की सहायता से टायरों को खुलवाकर जांच की तो होने एक टायर के अंदर 16 पैकेट एवं दूसरे टायर के अंदर 15 पैकेट कुल 15 किलो 500 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।
आरोपी आकाश जांगड़े (18 वर्ष) निवासी बागडूमर, थाना नंदिनी, मुकेश कुमार सेन ( 22 वर्ष) निवासी अटल आवास बीजे-2120, घासीदास नगर और टिकेश्वर यादव (18 वर्ष) निवासी घासीदास नगर जामुल को पुलिस गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, बिक्री रकम 2,000 रुपये, पिकअप वाहन एवं 04 मोबाइल जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 21 (ख), 27 (क), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया है।
महाराष्ट्र तक सड़क चौड़ीकरण, टूटने लगा अतिक्रमण
राजनांदगांव / मानपुर। मानपुर से होकर महाराष्ट्र तक चौड़ीकरण का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। निर्माण के पहले नापजोख के बाद अतिक्रमण के दायरे में आने वाले इमारतों पर बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। राजनांदगांव से होकर मोहला मानपुर तक बनने वाली सड़क महाराष्ट्र को जोड़ेगी। जिससे यहां आवाजाही में तेजी से विस्तार होगा।
मानपुर में सड़क किनारे वर्षों से अवैध कब्जा कर मकान दुकान व बिल्डिंग हटाने अभियान चलाया जा रहा था, जहां अवैध कब्जों को तोड़ा जा रहा है। चौड़ीकरण कार्य इसलिए भी अहत है क्योकि यह महाराष्ट्र को जोड़ती है और काफी हैवी वाहन यहां से गुजरती है। लोगों का कहना है कि सरकार की इस पहल का असर होगा. विकास की तस्वीर देखने को मिल रही है। पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता सुनील चौरसिया ने बताया कि चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है।
हैवी वाहनों की होती है आवाजाही
पीडब्ल्यूडी से प्राप्त जानकारी अनुसार राजनांदगांव के बसंतपुर रोड़ से होकर करीब 96 किमी की 290 करोड़ की लागत से चौड़ी की जाएगी। वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई सिर्फ पांच मीटर है, जिससे वाहनों की आवाजाही में परेशानी होती है। इसे दस मीटर तक चौड़ा किए जाने के बाद दोनो साइड वनवे की आवाजाही होगी, जिससे यहां दुर्घटना भी कम होगी। राजनांदगांव से मोहला मानपुर तक रोजाना 35 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

