मनेंद्र पटेल, दुर्ग। सेप्टिक लाइन जाम थी, सफाईकर्मी उसे खोलने पहुंचे थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पाइप के भीतर एक ऐसा खौफनाक राज छिपा है, जो पूरे इलाके में सनसनी फैला देगा। पाइप के अंदर पॉलीथिन में लिपटा एक संदिग्ध पैकेट मिला। जब उसे बाहर निकालकर खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर सफाईकर्मियों के होश उड़ गए। पॉलीथिन के भीतर एक इंसानी सिर था, जो डिकम्पोज हालत में मिला।
मामला दुर्ग जिले के बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र में भिलाई निवास होटल के पीछे स्थित नर्सरी इलाके का है। इंसानी सिर मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानवर का सिर समझ रहे थे, लेकिन अंदर निकला इंसानी सिर
जानकारी के मुताबिक, इलाके में सेप्टिक लाइन जाम होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद ठेका श्रमिक सफाई करने पहुंचे। पाइप की सफाई के दौरान उन्हें अंदर पॉलीथिन में लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। पैकेट पाइप में फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

शुरुआत में कर्मचारियों को लगा कि पैकेट के भीतर किसी जानवर का सिर हो सकता है। लेकिन जैसे ही पॉलीथिन खोली गई, उनके सामने इंसानी सिर था। यह देखकर कर्मचारी घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हत्या के बाद सिर फेंके जाने की आशंका
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी दुर्ग शोभराज अग्रवाल समेत भिलाई नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि किसी व्यक्ति की हत्या के बाद सिर को यहां लाकर पाइप में फेंका गया होगा। हालांकि, हत्या हुई है या नहीं, सिर को पाइप में किसने और कब डाला, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।
सबसे बड़ा सवाल, आखिर किसका है यह सिर?
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। सिर मिलने के बाद पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है। साथ ही, अलग-अलग थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।
पुलिस मृतक के धड़ की तलाश में भी जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिर कहां से लाया गया, इसे सीवरेज लाइन में किसने फेंका और इस घटना के पीछे क्या वजह है।
फिलहाल इस खौफनाक मामले में कई सवाल अनसुलझे हैं। जिस पाइप को खोलने के लिए सफाईकर्मी पहुंचे थे, उसी के भीतर इंसानी सिर मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अब सबकी नजर पुलिस की जांच पर है, जिससे इस रहस्यमयी मामले की परतें खुल सकें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

