Durg Cylinder Blast : दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खपरी गांव में मंगलवार को घर में रखा सिलेंडर ब्लास्ट होने से दर्दनाक हादसा हुआ. एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, इनमें 2 बहनें, पिता और एक डेढ़ साल की बच्ची शामिल है. घटना का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. बिजली खंभे में लगी आग तेजी से फैलते चली गई और पूरे घर को चपेट में ले लिया. वीडियो में धमाके का दृश्य भी कैद हुआ है.
कैसे हुई घटना?
जानकारी के मुताबिक, बिजली खंभे में शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लगी. खंभे के नीचे घर के प्लास्टिक और तिरपाल से बने छपर में लगी आग फैलते हुए किचन तक जा पहुंची, जिससे गैस सिलेंडर फट गया. धमाका इतना जोरदार था कि आग की लपटों ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया. घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकल नहीं सके और जिंदा जल गए.
दो बहनें, पिता और एक मासूम की मौत
जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय घर में 2 बहनें चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और डेढ़ साल की गोपिका वैष्णव भी मौजूद थीं. घर में दोनों बहनों के पिता अनिल वैष्णव (45 वर्ष) भी मौजूद थे. हादसा इतना भयावह था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों के शव को पंचनामा कर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. वहीं अनिल वैष्णव की पत्नी, बेटा और एक बेटी घर के बाहर थे, जिससे उनकी जान बच गई. हालांकि, बाहर मौजूद बेटी की डेढ़ साल की मासूम बच्ची घर के अंदर थी, जिसकी भी आग में जलकर मौत हो गई.
मौके पर पहुंचे सांसद, मंत्री समेत आला अधिकारी
आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काफी फैल हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घर के अंदर से 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. घटना की सूचना पर सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे.
मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख रुपए के मृतकों की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की विशेष सहायता राशि देने की घोषणा की है. यह राशि शासन के नियमानुसार दी जाने वाली 4-4 लाख रुपये की सहायता के अतिरिक्त होगी. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को परिजनों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने एवं घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं.
देखें वीडियो
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

