Durg-Rajnandgaon News Update : दुर्ग. पुरानी भिलाई क्षेत्र में एक महिला के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे अलग-अलग बैंकों से लाखों रुपये का ऋण लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है. न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है. मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है.

पुरानी भिलाई क्षेत्र के चरोदा में रहने वाली अख्तरी बेगम (57) ने धोखाधड़ी की शिकायत की है. महिला ने बताया कि उसने 2006 में मकान निर्माण के संबंध में पूर्व परिचित एल. महेश्वर राय को जानकारी दी थी. इसी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए उसके नाम व संपत्ति के आधार पर करीब 20 लाख रुपये का लोन ले लिया गया. लोन की किश्त रह महीने उनके बैंक एकांउट से कटता रहा. महिला ने बताया कि 2021 में भारतीय स्टेट बैंक, पदुमनगर चरोदा शाखा से पांच लाख 80 हजार रुपये और फरवरी 2025 में रेलवे अर्बन बैंक से भी पांच लाख 80 हजार रुपये का लोन उसके नाम पर लिया गया. इसकी किश्त भी महिला के सैलरी एकाउंट से कटती रही. पुलिस जांच में पता चला कि एल. महेश्वर राय के दुर्घटना के बाद के सांईवारा (37), निवासी पंचशील नगर, पुरानी भिलाई ने पीड़िता के बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और मोबाइल सिम अपने पास रख लिए. उसने 2021 से 2025 के एटीएम और चेक के माध्यम से खातों से लगभग पांच लाख रुपये की महिला के खाते से निकाले. इसमें से 80 हजार रुपये अपनी मां के खाते में और बाकि की रकम परिचित के खाते में ट्रांसफर कर दी.

जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को मामला प्रमाणित पाए जाने पर अपराध कायम किया फिर आरोपी के सांईवारा उम्र 37 वर्ष, निवासी पंचशील नगर,पुरानी भिलाई जिला दुर्ग की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. उसके कब्जे से महिला के चेकबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं. आरोपी को अदालत में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है.

सामूहिक दुष्कर्म के फरार आरोपियों ने किया सरेंडर

दुर्ग. नाबालिग से सामुहिक दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो अरोपियों ने न्यायालय में समर्पण कर दिया है. न्यायालय ने दोनों आरोपियों दो दिन के पुलिस रिमांड पर दिया था. पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल में भेज दिया गया है. मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया गया है.

दुर्ग जिले के महिला थाने में नाबालिग ने सामुहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है. मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है. मामले में भीमनारायण पांडे (65) निवासी मीनाक्षी नगर बोरसी और संजय पंडित (42) निवासी शांति नगर भिलाई फरार चल रहे थे. फरार आरोपियों ने 13 फरवरी को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया. न्यायालय की अनुमति के बाद दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी भीमनारायण पांडे की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार जब्त की गई. वहीं संजय पंडित से पूछताछ के बाद दो मोबाइल और कार जब्त की गई. दोनों आरोपियों की निशानदेही पर रेस्ट हाउस दुर्ग, रेस्ट हाउस उतई सहित अन्य संबंधित स्थानों का गवाहों की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया. इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई.

इनकी हो चुकी है गिरफ्तारी

नाबालिग से सामुहिक दुष्कर्म के मामले में पूर्व में विजय स्वाइन (37), अनिल चौधरी (60), गोविंद सिंह नागवंशी (62), कृपा शंकर उर्फ राजू कश्यप (58) और अमित वर्मा (47) को गिरफ्तार किया जा चुका है. सभी आरोपी फिलहाल जेल में है. मामले में कुछ और लोगों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है.

लूटपाट का आरोपी गिरफ्तार

प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि विगत 15 जनवरी को दोपहर लगभग एक बजे वह अपने साथी के साथ अपनी स्कूटी एक्टिवा सीजी 24 जे 1299 से मोहारा शराब भट्ठी शराब खरीदने गया था. उसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा प्रार्थी को अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ मुक्का एवं गमछे में बंधे पत्थर से मारपीट कर जान से खत्म करने की धमकी दी गई. प्रार्थी के हाथ में रखे 200 एवं पर्स में रखे 3000 नगद और अन्य दस्तावेज लूटकर फरार हो गए.

आरोपी देव यदु पिता शिवकुमार यदु, उम्र 23 वर्ष, निवासी झुलेलाल वार्ड चौखडियापारा, थाना बसंतपुर के मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 309(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी देव यदु मोहारा भट्ठी के पास घूम रहा है. पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथी सौरभ मानिकपुरी के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया. जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया. इस मामले में सौरभ मानिकपुरी को पूर्व में ही गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है. आरोपी देव यदु के विरुद्ध थाना बसंतपुर में विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज पहले ही हैं.

महाशिवरात्रि पर प्रतिबंध के बावजूद बेचा मटन, मना करने पर पुलिस वालों से भीड़ा!

राजनांदगांव. महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में पशुगृह एवं समस्त मांस-मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए थे. आदेशानुसार उक्त दिवस पर किसी भी दुकान में मांस विक्रय पाए जाने पर मांस जप्त कर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई  किए जाने के लिए  निर्देशित किया गया था. इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि मुस्तकीन कुरैशी पिता शेर मोहम्मद, निवासी कसाईपारा थाना कोतवाली, कमला कॉलेज रोड के पास ठेला लगाकर मटन विक्रय के लिए  खड़ा है. पुलिस दल को आते देखकर वह मटन छिपाने लगा. पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा मना करने पर वह विवाद और झगड़ा करने पर उतारू हो गया. अनावेदक को मौके पर गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया.

मंडी में धान की आवक बढ़ी, उपार्जन केंद्रों से भी उठ रहा धान

राजनांदगांव. जिले के उपार्जन केंद्रों में धान की खरीदी पर विराम लग जाने के बाद से अब कृषि उपज मंडी बसंतपुर में धान की आवक बढ़ गई है. तो वहीं दूसरी और उपार्जन केंद्रों से अधिक से अधिक धान का उठाव भी होने लगा है. आधिकारिक सूत्रों की माने तो प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख क्विंटल धान का उठाव किया जा रहा है. ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर राजनांदगांव जिले के उपार्जन केंद्रों में इस वर्ष 6 फरवरी तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी सुनिश्चित कराई गई है. जिले में इस वर्ष 1,24,000 पंजीकृत किसानों से लगभग 64 लाख क्विंटल के आसपास धान खरीदा गया है. धान की खरीदी पूर्ण हो जाने के बाद से मिल मालिक द्वारा उपार्जन केंद्रों से लगातार धान का उठाव किया जा रहा है. तो वहीं दूसरी ओर राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित बसंतपुर कृषि उपज मंडी परिसर में इन दिनों आसपास के क्षेत्र से प्रतिदिन सैकड़ो की संख्या में किसान पहुंचकर अपनी धान बेच रहे हैं. मंडी प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में नया महामाया धान से लेकर स्वर्णा आई आर 64 1010 सहित अन्य किस्म की धान बहुतायत में पहुंच रही है. वर्तमान में 10000 कट्टा धान प्रतिदिन पहुंच रहा है.