Dushyant Chautala Farmers Case : जींद। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को काले झंडे दिखाने और खटकड़ टोल पर रास्ता बाधित करने के मामले में आठ किसानों को अदालत से राहत मिली है। नरवाना की अदालत ने सभी आठ किसानों को बरी कर दिया है। यह मामला मार्च 2022 में उचाना में आयोजित मैराथन कार्यक्रम के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा था।
बरी किए गए किसानों में खेड़ा खाप के प्रधान सतबीर पहलवान, नरेंद्र गतौली, प्रदीप सिहाग जुलाना, कविता खरकरामजी, प्रियंका खरकरामजी, सुशील नरवाल चांदपुर, संदीप बडौदा और ओम प्रकाश शादीपुर शामिल हैं।
2022 में दर्ज हुआ था मामला
खेड़ा खाप के प्रधान सतबीर पहलवान के मुताबिक, 23 मार्च 2022 को उचाना में दुष्यंत चौटाला की ओर से मैराथन आयोजित की गई थी। इस दौरान कुछ किसानों ने उन्हें काले झंडे दिखाए थे। पुलिस ने इस विरोध और खटकड़ टोल पर रास्ता बाधित करने के मामले में सतबीर पहलवान समेत कई किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
इसके बाद मामला नरवाना अदालत में चला। सोमवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने आठ किसानों को बरी करने का फैसला सुनाया।
सतबीर पहलवान बोले- मौके पर मौजूदगी के सबूत नहीं
सतबीर पहलवान ने बताया कि वे दुष्यंत चौटाला को काले झंडे दिखाने वाले लोगों में शामिल नहीं थे, फिर भी उनका नाम एफआईआर में दर्ज कर दिया गया था।
उन्होंने अदालत में अपनी बात रखते हुए मौके की तस्वीरें देखने की बात कही। उनके अनुसार, तस्वीरों में उनकी मौजूदगी नहीं दिखाई देती। इसी आधार पर अदालत ने उन्हें बरी कर दिया।
अदालत के इस फैसले से मामले में आरोपी बनाए गए आठ किसानों को राहत मिली है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

