दिल्ली विश्वविद्यालय में आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा छात्र पर्व मनाया जा रहा है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए मतदान शुरू हो चुका है। इस साल करीब 1.4 लाख से अधिक छात्र अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मॉर्निंग कॉलेजों में मतदान की प्रक्रिया सुबह 8:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:00 बजे तक चलेगी। वहीं, इवनिंग कॉलेजों के छात्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान कर सकेंगे। मतदान को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के साथ-साथ व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया गया है।
DUSU चुनाव में छात्रसंघ के चार प्रमुख पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच मुकाबला है। वहीं, वामपंथी छात्र संगठनों के AISA-SFI गठबंधन की ओर से भी चारों प्रमुख पदों पर उम्मीदवार मैदान में हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ID के बिना प्रवेश नहीं
DUSU चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कैंपस में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और वैध आईडी कार्ड के बिना छात्रों को कॉलेज परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट की हिंसा और लिंगदोह समिति के नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त टिप्पणी के बाद प्रशासन चुनाव को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। इस बार चुनाव प्रचार के दौरान हॉस्टल सुविधा, सस्ती शिक्षा, कैंपस सुरक्षा और मेट्रो पास जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए हैं। मतदान के बाद 19 सितंबर को वोटों की गिनती होगी। इसी के साथ यह तय होगा कि DUSU के चार प्रमुख पदों पर किसे जीत मिलती है।
दो पालियों में हो रहा मतदान
DUSU चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के लिए मतदान दो अलग-अलग पालियों में कराया जा रहा है। डे कॉलेजों (मॉर्निंग शिफ्ट) में सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक छात्र वोट डाल रहे हैं। वहीं, इवनिंग कॉलेजों के छात्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान केंद्रों पर भीड़ और अनावश्यक जमावड़े को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
2,000 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान तैनात
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए नॉर्थ और साउथ कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। शांतिपूर्ण मतदान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,000 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों को तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अलावा बाइक सवार पुलिस टीमें, फुट पेट्रोलिंग और पीसीआर वैन लगातार दोनों परिसरों में मुस्तैद हैं।
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
डूसू चुनाव के दौरान हुई हिंसा और दीवारों को गंदा करने की घटनाओं पर दिल्ली हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए चुनाव परिणाम पर रोक लगाने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद से डीयू प्रशासन और दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। मतदान केंद्रों के बाहर किसी भी तरह की झड़प या हिंसा को रोकने के लिए बैरिकेडिंग समेत कई इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों के बाहर लगाए गए बैरिकेड सुरक्षा व्यवस्था की सख्ती को दर्शा रहे हैं।
नॉर्थ कैंपस में चप्पे-चप्पे पर पुलिस, वाहनों पर भी नजर
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए नॉर्थ और साउथ कैंपस में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती की गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी के मुताबिक, किसी भी बाहरी व्यक्ति या उपद्रवी को कैंपस में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। कैंपस में आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
देशबंधु कॉलेज में वोटिंग शुरू
दिल्ली विश्वविद्यालय के देशबंधु कॉलेज में DUSU चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मॉर्निंग कॉलेज में सुबह 8:30 बजे से वोटिंग हो रही है, जबकि इवनिंग कॉलेज के छात्रों के लिए दोपहर 3:00 बजे से मतदान शुरू होगा। चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। चुनाव से पहले परिसर में लगे बैनर-पोस्टर हटाते और सफाई करते कर्मचारी भी नजर आए।
वोटिंग के लिए कॉलेज ID कार्ड जरूरी
विश्वविद्यालय चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वैध कॉलेज पहचान पत्र (ID Card) के बिना छात्रों को मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हालांकि, प्रथम वर्ष के जिन छात्रों को अभी तक स्थायी आईडी कार्ड नहीं मिला है, वे फीस स्लिप और आधार कार्ड दिखाकर मतदान कर सकेंगे। सुरक्षा बलों की ओर से प्रवेश द्वारों पर पहचान पत्रों की जांच की जा रही है और बिना वैध दस्तावेज के किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
मॉर्निंग कॉलेजों में वोटिंग शुरू, छात्रों में उत्साह
दिल्ली विश्वविद्यालय के मॉर्निंग कॉलेजों में सुबह 8:30 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। हंसराज, हिंदू, रामजस और मिरांडा हाउस जैसे प्रमुख कॉलेजों के बाहर सुबह से ही छात्रों की कतारें देखने को मिल रही हैं। खासकर नए मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। मॉर्निंग कॉलेजों में मतदान दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



