Lifestyle Desk- गर्मियों का मौसम अपने साथ तेज धूप, पसीना और उमस लेकर आता है. इस दौरान शरीर के कई हिस्सों पर मौसम का असर दिखाई देता है, लेकिन कान से जुड़ी समस्याएं भी तेजी से बढ़ने लगती हैं. खासतौर पर कान में खुजली, दर्द, भारीपन, पानी भरने जैसा एहसास और इंफेक्शन जैसी दिक्कतें लोगों को परेशान करने लगती हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, गर्मी और नमी के कारण बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपते हैं, जिससे कान का बाहरी हिस्सा संक्रमित हो सकता है. स्विमिंग, ज्यादा पसीना और कानों की सही सफाई न होना भी इन समस्याओं की बड़ी वजह मानी जाती है.

ये हैं गर्मी में ईयर इंफेक्शन के कारण
गर्मियों में कई लोग राहत पाने के लिए स्विमिंग पूल का सहारा लेते हैं. हालांकि, लंबे समय तक पानी में रहने से कान के अंदर नमी बनी रहती है, जिससे “स्विमर ईयर” यानी बाहरी कान के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. गंदे या क्लोरीनयुक्त पानी के संपर्क में आने से बैक्टीरिया कान में प्रवेश कर सकते हैं और सूजन, दर्द या पस जैसी समस्या पैदा कर सकते हैं.
इसके अलावा, लगातार पसीना आने और धूल-मिट्टी के संपर्क में रहने से भी कान में खुजली और जलन होने लगती है. कई लोग कान साफ करने के लिए कॉटन बड्स या नुकीली चीजों का इस्तेमाल करते हैं, जो नुकसानदायक साबित हो सकता है. इससे कान की अंदरूनी त्वचा छिल सकती है और संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
कान में संक्रमण होने पर कुछ सामान्य लक्षण दिखाई देते हैं. जैसे कान में तेज खुजली, हल्का या तेज दर्द, सुनने में परेशानी, कान बंद होने जैसा एहसास, बदबूदार पानी निकलना या सूजन महसूस होना. यदि समय रहते इन लक्षणों पर ध्यान न दिया जाए तो संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है.
इस तरह से करें काम की देखभाल
गर्मियों में कानों की देखभाल करना बेहद जरूरी है. नहाने या स्विमिंग के बाद कानों को अच्छी तरह सुखाना चाहिए. यदि कान में पानी चला जाए तो सिर को हल्का झुकाकर पानी बाहर निकालने की कोशिश करें. कान में बार-बार उंगली डालने या तेज वस्तु इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. साथ ही बहुत ज्यादा ईयरफोन लगाने से भी कान में गर्मी और नमी बढ़ सकती है, जिससे संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है.
कब जाएँ डॉक्टर के पास
अगर कान में लगातार दर्द, सूजन या सुनने में दिक्कत हो रही हो तो घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. बिना सलाह के कान में किसी भी तरह की दवा या तेल डालना नुकसान पहुंचा सकता है. थोड़ी सावधानी और साफ-सफाई अपनाकर गर्मियों में कान से जुड़ी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है. सही देखभाल न सिर्फ संक्रमण से बचाती है, बल्कि कानों की सेहत को भी लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करती है.

