सोहराब आलम, मोतिहारी। बापू की कर्मभूमि चंपारण इन दिनों लगातार सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी और राशि गबन के आरोपों को लेकर सुर्खियों में छाया हुआ है। इस बार जो घोटाला सामने आया है, उसे जानकर आपके भी होश उड़ जाएंगे। दरअसल इस बार का मामला गरीबों के अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली कबीर अंत्येष्टि योजना से जुड़ा हुआ है।
पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर प्रखंड के डरमहा गांव में योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है। विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि कई ऐसे लोगों के नाम पर 3000 रुपये की राशि निकाली गई, जो योजना के पात्र नहीं थे।
जीवित व्यक्तियों के नाम पर भी निकाला गया पैसा
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ जीवित व्यक्तियों के नाम पर भी कफन की राशि का उठाव किया गया। मामला लगातार 20 सूत्री की बैठक में उठता रहा। स्थानीय विधायक शालिनी मिश्रा ने जिलाधिकारी से जांच की मांग की, जिसके बाद डीएम ने DRDA डायरेक्टर कुंदन कुमार से जांच कराई। जांच में करीब साढ़े चार लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई है।
पंचायत प्रतिनिधि और कर्मियों पर आरोप
आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधि और कर्मियों की मिलीभगत से अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिया गया, जबकि वास्तविक गरीब लाभुक योजना से वंचित रह गए। DRDA डायरेक्टर कुंदन कुमार ने भी जांच में गलत तरीके से राशि निकासी की पुष्टि की है। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। अब सवाल उठ रहा है कि अगर पूरे जिले में इस योजना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो गड़बड़ी का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें- भागलपुर में दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा

