सोहराब आलम/ मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के झरौखर थाना क्षेत्र अंतर्गत भंगहा गांव में गोलीबारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 50 वर्षीय राकेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
विवाद के बाद हुई घटना
परिजनों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त राकेश सिंह घर के भीतर ही थे। बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, राकेश सिंह लहूलुहान होकर गिर चुके थे। हालांकि, अभी तक यह रहस्य बना हुआ है कि यह मामला हत्या का है या उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है।
पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
वारदात की सूचना मिलते ही झरौखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की टीम घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। घर के सदस्यों और पड़ोसियों से भी गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
अधिकारियों का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिकरहना एसडीपीओ उदय शंकर ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


