Lifestyle Desk – रसोई में हरी मिर्च का इस्तेमाल बहुत ज़्यादा होता है. इसके बिना कोई सब्जी, दाल और दूसरी डिशेस में स्पेशल तड़का नहीं लगता. लेकिन गर्मी के मौसम में इसे स्टोर करना एक बड़ी चुनौती बन जाता है. तेज गर्मी और नमी के कारण हरी मिर्च जल्दी सूख जाती है या सड़ने लगती है, जिससे बार-बार बाजार जाने की परेशानी बढ़ जाती है. अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको कुछ आसान और प्रभावी उपाय बतायेंगे जिन्हें अपनाकर आप हरी मिर्च को कई दिनों तक ताजा रख सकते हैं.

सूखे कपड़े में करें स्टोर

सबसे पहला और आसान तरीका है मिर्च को धोकर नहीं, बल्कि सूखे कपड़े से साफ करके स्टोर करना. अक्सर लोग मिर्च को धोकर फ्रिज में रख देते हैं, जिससे उसमें नमी रह जाती है और वह जल्दी खराब हो जाती है. इसलिए मिर्च को स्टोर करने से पहले उसे अच्छी तरह सूखा लें.

एयरटाइट कंटेनर का करें इस्तेमाल

दूसरा तरीका है एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल. हरी मिर्च को किसी भी खुले बर्तन में रखने के बजाय एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे हवा और नमी का असर कम होगा और मिर्च लंबे समय तक फ्रेश बनी रहेगी. आप चाहें तो डिब्बे के अंदर एक टिश्यू पेपर भी रख सकते हैं, जो अतिरिक्त नमी को सोख लेगा.

डंठल निकाल कर करें

मिर्च के डंठल (स्टेम) को हटा कर रखें. कई लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन डंठल हटाने से मिर्च जल्दी खराब नहीं होती. यह एक छोटा लेकिन असरदार उपाय है.

फ्रीजर में भी कर सकते हैं स्टोर

अगर आप मिर्च को और लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो उसे फ्रीजर में भी स्टोर कर सकते हैं. इसके लिए मिर्च को काटकर या साबुत ही जिप लॉक बैग में डालकर फ्रीजर में रखें. जरूरत पड़ने पर आप इसे सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, इससे मिर्च की कुरकुराहट थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन स्वाद बरकरार रहता है.

पेपर टॉवेल में लपेटें

इसके अलावा, मिर्च को पेपर टॉवल में लपेटकर फ्रिज में रखना भी एक अच्छा विकल्प है. यह तरीका मिर्च को सूखने और सड़ने से बचाता है.