Lifestyle Desk- भारतीय रसोई में छोले एक ऐसी डिश है जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं. चाहे कुल्चे के साथ परोसे जाएं या गरमा-गरम पूड़ी के साथ, छोले हर मौके पर खाने का स्वाद बढ़ा देते हैं. खासकर मेहमानों के आने पर ज्यादातर घरों में छोले जरूर बनाए जाते हैं. लेकिन कई बार स्वाद अच्छा होने के बावजूद ग्रेवी पतली रह जाती है, जिससे पूरा मजा खराब हो जाता है. दरअसल, छोले की परफेक्ट ग्रेवी बनाने के पीछे सही मसालों, पानी के संतुलन और पकाने के तरीके का बड़ा हाथ होता है. कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप भी घर पर गाढ़ी और रेस्टोरेंट स्टाइल छोले की ग्रेवी तैयार कर सकते हैं.

अच्छी तरह भिगोना है जरूरी
सबसे पहले छोले को अच्छी तरह भिगोना बेहद जरूरी है. छोले को कम से कम 7 से 8 घंटे या रातभर पानी में भिगोकर रखें. इससे छोले जल्दी गलते हैं और उनका टेक्सचर बेहतर बनता है. उबालते समय चायपत्ती की पोटली या एक टी बैग डालने से छोले का रंग गहरा और आकर्षक बनता है, जैसा ढाबों और रेस्टोरेंट में देखने को मिलता है.
प्याज-टमाटर का सही इस्तेमाल
गाढ़ी ग्रेवी के लिए प्याज और टमाटर का सही इस्तेमाल बहुत जरूरी होता है. कई लोग जल्दीबाजी में मसाला ठीक से नहीं भूनते, जिससे ग्रेवी पतली रह जाती है. प्याज को सुनहरा भूरा होने तक अच्छी तरह पकाएं. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर तब तक भूनें जब तक कच्ची खुशबू खत्म न हो जाए. टमाटर डालने के बाद मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग दिखाई न देने लगे. यही प्रक्रिया छोले की ग्रेवी को गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाती है.
छोले मैश करके डालें
अगर फिर भी ग्रेवी पतली लग रही हो तो उबले हुए कुछ छोले मैश करके ग्रेवी में मिला दें. इससे ग्रेवी नेचुरल तरीके से गाढ़ी हो जाती है और स्वाद भी बढ़ जाता है. इसके अलावा एक चम्मच बेसन को हल्का भूनकर डालने से भी ग्रेवी का टेक्सचर बेहतर होता है. कई लोग काजू या खरबूजे के बीज का पेस्ट भी इस्तेमाल करते हैं, जिससे ग्रेवी रिच और क्रीमी बनती है.
पानी सही मात्रा में डालें
पानी का सही माप भी बेहद जरूरी है. छोले बनाते समय जरूरत से ज्यादा पानी डालने से ग्रेवी पतली हो जाती है. हमेशा थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पकाएं. अगर कुकर में छोले बना रहे हैं तो उबले छोले का पानी फेंकने की बजाय उसी का इस्तेमाल ग्रेवी में करें. इससे स्वाद और गाढ़ापन दोनों बढ़ते हैं.
ये मसाले आखिर में डालें
अंत में छोले में कसूरी मेथी, गरम मसाला और थोड़ा सा देसी घी डालकर 5 मिनट धीमी आंच पर पकाएं. इससे छोले में ढाबा स्टाइल खुशबू और स्वाद आ जाता है. ऊपर से हरा धनिया और अदरक की लंबी कतरन डालकर सर्व करें. इन आसान टिप्स को अपनाकर आप घर पर ही गाढ़ी, मसालेदार और स्वाद से भरपूर छोले की ग्रेवी बना सकते हैं, जिसे खाने के बाद हर कोई आपकी तारीफ करेगा.

