राजधानी दिल्ली में एक बार फिर ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की है। सोमवार सुबह ED की टीमें आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दीपक सिंगला (Deepak Singla) समेत कई अन्य लोगों के ठिकानों पर पहुंचीं। यह कार्रवाई कथित बैंक लोन फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है। ED अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली के अलावा गोवा में भी एक साथ कई स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ED की टीम दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम सबूत जुटाने में लगी हुई है। कई परिसरों में सुबह से ही तलाशी जारी है और अधिकारियों द्वारा संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
दिल्ली की विश्वास नगर विधानसभा सीट से दीपक सिंगला आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रह चुके हैं। उनके X बायो के मुताबिक, वह MCD में पार्टी के सह-प्रभारी होने के साथ-साथ महाराष्ट्र और गोवा के प्रभारी भी हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब दीपक सिंगला ED की जांच के दायरे में आए हैं। इससे पहले वर्ष 2004 में भी उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। हालांकि उस मामले में क्या कार्रवाई हुई थी, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सिंगला पर छापेमारी से भड़की AAP
AAP ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने छापेमारी की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “ED, CBI और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को अपने पर्सनल गुंडों की तरह इस्तेमाल करके मोदी जी विपक्ष के नेताओं को चुनाव जीतने से रोक सकते हैं, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था को और रुपए की गिरती इज्जत को नहीं संभाल सकते।” सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन कार्रवाइयों की सच्चाई समझ चुकी है।
180 करोड़ की ठगी केस में भी छापेमारी
आम आदमी पार्टी (AAP) नेता दीपक सिंगला से जुड़े बैंक लोन फ्रॉड मामले के अलावा ED ने एक अन्य बड़े निवेश ठगी मामले में भी कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी करीब 180 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह मामला लोगों को निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये जुटाने से जुड़ा है। आरोप है कि निवेशकों से बड़ी रकम लेने के बाद उन्हें तय रिटर्न नहीं दिया गया और पैसों का दुरुपयोग किया गया। इसी मामले में दिल्ली के सुभाष नगर स्थित बाबाजी फाइनेंस ग्रुप से जुड़े राम सिंह के ठिकानों पर भी ED की टीम ने छापेमारी की। जांच एजेंसी वित्तीय दस्तावेज, बैंक खातों का रिकॉर्ड, डिजिटल डाटा और संपत्तियों से जुड़े कागजात खंगाल रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

