चंडीगढ़। पंजाब के स्थानीय निकाय एवं संसदीय कार्य मंत्री संजीव अरोरा के चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 आवास समेत दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी तैनात रहे। बताया जा रहा है कि करीब 20 वाहनों में पहुंची टीम ने लंबे समय तक दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

100 करोड़ से अधिक के फर्जी जीएसटी बिलों का मामला

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के कार्यालयों और संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों समेत कुल पांच स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। जांच एजेंसी को कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी खरीद बिलों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इनपुट मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन

कारोबार से जुड़े फर्जी खरीद बिलों के जरिए अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा किया गया। आरोप है कि दिल्ली की कई गैर-मौजूद फर्मों के नाम पर फर्जी खरीद दिखाकर जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का लाभ लिया गया। जांच एजेंसी को यह भी संदेह है कि निर्यात के माध्यम से धन को दुबई से भारत वापस लाने की कोशिश की गई, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।

एक साल में तीसरी बार कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर यह तीसरी और एक महीने के भीतर दूसरी ईडी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले भी एजेंसी पंजाब में कई कारोबारी और राजनीतिक रूप से चर्चित चेहरों के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।

हाल ही में मोहाली स्थित वेस्टर्न टावर में दो बिल्डरों से जुड़े मामले में ईडी ने कार्रवाई की थी, जहां भारी मात्रा में नकदी मिलने के दावे चर्चा में रहे। इससे पहले राज्यसभा सदस्य Ashok Mittal और अन्य कारोबारियों के परिसरों पर भी जांच एजेंसियों ने छापेमारी की थी।

मुख्यमंत्री मान ने भाजपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि एक साल में तीसरी और एक महीने में दूसरी रेड के बावजूद कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पंजाब को डराया या दबाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने भाजपा और ईडी के बीच “अनैतिक गठजोड़” का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब की जनता इसका जवाब देगी।

मजीठिया बोले- आर्थिक अनियमितताओं की जांच जरूरी

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता Bikram Singh Majithia ने कहा कि हाल के मामलों से यह साफ हो रहा है कि पंजाब में बड़े स्तर पर आर्थिक अनियमितताओं की जांच की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को ईमानदार बताते थे, अब उनके करीबी लगातार जांच एजेंसियों के घेरे में आ रहे हैं।

हरपाल चीमा ने बताया राजनीतिक साजिश

वित्त मंत्री Harpal Singh Cheema ने वीडियो जारी कर भाजपा पर राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले विपक्षी दलों को बदनाम करने के लिए पुराने मामलों और वीडियो को सामने लाने की रणनीति अपनाई जाती है।


चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग भाजपा की राजनीति को समझते हैं और ऐसे हथकंडों से प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए सबसे अधिक कुर्बानियां दी हैं और जनता हर राजनीतिक साजिश का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

फिलहाल, ईडी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, जबकि भाजपा नेताओं का कहना है कि जांच एजेंसियां कानून के दायरे में रहकर अपना काम कर रही हैं। पंजाब की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में और तीखी बयानबाजी देखने को मिल सकती है।