31 ठिकानों पर छापेमारी में 1.02 करोड़ नकद जब्त, 200 से अधिक संपत्तियों और डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़े अहम दस्तावेज मिले

रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रांची जोनल कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत धनबाद में अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी, कोयला उठाव में रंगदारी और जबरन वसूली से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने 28 जुलाई को अनिल गोयल, एलबी सिंह, हरेंद्र चौहान, गणेश यादव, पप्पू मंडल, रोहित यादव, माधो सिंह समेत अन्य व्यक्तियों और संस्थाओं से जुड़े 31 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

160 करोड़ रुपये का निवेश फ्रीज

तलाशी अभियान के दौरान ईडी ने एलबी सिंह द्वारा विभिन्न म्यूचुअल फंड योजनाओं में किए गए लगभग 160 करोड़ रुपये के निवेश को फ्रीज कर दिया। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 1.02 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी भी बरामद की गई।

200 से ज्यादा संपत्तियों का मिला रिकॉर्ड

ईडी को छापेमारी के दौरान 200 से अधिक अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल डेटा भी मिले हैं। इसके साथ ही कई डिजिटल डिवाइस, अकाउंट बुक्स और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच जारी

ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई धनबाद में अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी, रंगदारी वसूली और उससे अर्जित अवैध धन के मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच के तहत की गई है। जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अब मामले में आगे की जांच तेज की जाएगी।