अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। जिले की ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में बारिश के मौसम में सरकारी स्कूलों की बदहाली की लगातार शिकायतें सामने आईं। गांव में संचालित सरकारी स्कूलों की व्यवस्था छोड़िए, मुख्यालय स्थित शिक्षा विभाग का कार्यालय ही बारिश के दिनों में समस्याओं से जूझ रहा है। आलम यह है कि स्थिति बदतर हो हो चुकी है और कंप्यूटर उपकरणों को बचाने के लिए अंदर पन्नी लगाकर व्यवस्था बनाई गई है।

बारिश का पानी अगर कंप्यूटर में गिर गया तो उपकरण खराब हो सकते हैं। कुछ ऐसा ही हाल कार्यालय के दूसरे कमरों का भी था जहां छतों से पानी टपक रहा है जिसने फर्श में गिरने की वजह से परेशानी को दोगुना कर दिया। पुराना भवन होने के कारण छत और फर्श ही नहीं बल्कि दीवारों से भी पानी रिस रहा है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के कमरे में भी कुर्सी भी बारिश की बूंदों से अछूती नहीं रही।
छत से पानी टपकने की वजह से विद्युत उपकरणों सहित कागजी दस्तावेजों में भी खराबी आने की बात को नकारा नहीं जा सकता है। कर्मचारियों की स्थिति बारिश में दयनीय हो जाती है, जिन्हें विभागीय काम करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

कर्मचारियों को भवन के अंदर काम करने में खतरा भी बना रहता है कि बारिश में कहीं कोई अनहोनी घटना घटित ना हो जाए। मामले की जानकारी विभाग के द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई है लेकिन मामले में व्यवस्था नहीं बन पाई है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या किसी अनहोनी का इंतजार किया जा रहा है?
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

