कुंदन कुमार, पटना। BPSC TRE-4 भर्ती विज्ञापन को लेकर आज छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। इस बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आज ही राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की है। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, राज्यपाल महोदय से बातचीत हुई है। विभाग संबंधी कई मामले थे, उसको लेकर मैंने उनसे चर्चा की है।

किसी भी समय आ सकती है TRE-4 की वैकेंसी- शिक्षा मंत्री

वहीं, एक सवाल के जवाब में उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, किसी भी समय बीपीएससी द्वारा TRE-4 की वैकेंसी आ सकती है। शिक्षा विभाग ने उसकी पूरी प्रक्रिया कर ली है और बीपीएससी बहुत जल्द ही आवेदन आमंत्रित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि, छात्र आंदोलन क्यों कर रहे हैं? उन्हें तो पढ़ाई करनी चाहिए। किसी के बहकावे में आकर वह ऐसा नहीं करें। वह अपने घर पर जाएं और तैयारी करें। यही उनके लिए अच्छा होगा।

कोई और लेना चाहता है क्रेडिट- मिथिलेश तिवारी

शिक्षा मंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि, इस मामले (TRE-4 भर्ती) पर कोई और क्रेडिट लेना चाहते है। ये ठीक नहीं है। बिहार में छात्रों के लिए, जो सुविधा हम लोगों ने दिया है। वह सब कुछ दिख रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यहां तक की छात्र के शिकायत के लिए एक अलग से पोर्टल भी खोल दिया है, जिन छात्रों को जो शिकायत है। वह उस सहयोग पोर्टल पर जाकर अपनी शिकायत कर सकते हैं।

तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

राजद के राजभवन मार्च से जुड़े सवाल पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, तेजस्वी यादव की तस्वीर बहुत दिनों से अखबार में नहीं आई है। इसीलिए वह राजभवन मार्च करने की बात कर रहे हैं, जो बात उन्हें सदन के अंदर रहकर करना चाहिए, वह तो वह करते नहीं है, जिस समय सदन चलता है, उस समय में वह पर्यटन पर रहते हैं। वह किस तरह के नेता हैं? और किस तरह की राजनीति करते हैं? यह बिहार की जनता भी बखूबी जानती है।

आज से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे छात्र

छात्र नेता दिलीप कुमार की अगुवाई में आज 18 अगस्त (मंगलवार) से राजधानी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्र न्याय सत्याग्रह आंदोलन की शुरुआत की गई है। यह आंदोलन मुख्य रूप से TRE-4 के जरिए होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने समेत अन्य मांगों को लेकर किया जा रहा है। इसमें शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी शामिल है। सरकार जल्द से जल्द विज्ञापन जारी कर TRE-4 की परीक्षा कराए इसकी मांग की जा रही है।

सरकार को दिया है 24 घंटे का समय

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि, सरकार लगातार अपना बयान बदल रही है और अभी तक बीपीएससी नियुक्ति के लेकर आवेदन आमंत्रित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि, सरकार 24 घंटे के अंदर टीआरई-4 का विज्ञापन करे वर्ना हम लोग शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग करेंगे। शिक्षा मंत्री (मिथिलेश तिवारी) जो दावा कर रहे थे। वो फेल हो गया है। दूसरी बात अब शिक्षक को दो-दो परीक्षा लेकर बहाली करने की बात सामने आ रही है, जो कि गलत है। सरकार एक परीक्षा ले और उसी आधार पर शिक्षक की बहाली हो। यही हमारी मांग है। उन्होंने कहा कि, सरकार जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है, तब तक हमारा धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- संजय झा ने तेजस्वी को बताया ‘पार्ट टाइम पॉलिटिशियन’, राजभवन मार्च पर दी ये नसीहत