सोनू वर्मा नूंह। जिले भर में ईद-उल-अजहा का पर्व को शांतिपूर्ण और सादगीपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने देश, प्रदेश और पूरी दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। बच्चों और युवाओं में ईद को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

जिले के नूंह, पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका, तावडू सहित आसपास के क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। जगह-जगह लोगों ने जरूरतमंदों की मदद कर इंसानियत और भाईचारे की मिसाल पेश की।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

ईद के पर्व को लेकर जिला प्रशासन और नूंह पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस की विशेष निगरानी रही। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार गश्त भी की गई।

जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे, जिन्होंने हालात पर नजर बनाए रखी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते पूरे जिले में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।