दीपक उपाध्याय, पीथमपुर/ रेनु अग्रवाल, धार/ बीडी शर्मा, दमोह/इमरान खान, खण्डवा। देश और दुनिया के साथ-साथ पूरे मध्य प्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बेहद अदब, अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही राज्य के अलग-अलग जिलों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों का सैलाब उमड़ पड़ा। नमाज मुकम्मल होने के बाद अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस खास मौके पर मस्जिदों में विशेष रूप से देश की तरक्की, अमन-चैन और आपसी सौहार्द के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गई।

पीथमपुर में जामिया इस्लामिया में 2 हजार से अधिक लोगों ने पढ़ी नमाज

औद्योगिक नगरी पीथमपुर और आसपास के क्षेत्रों में त्योहार को लेकर भारी उत्साह देखा गया। जामिया इस्लामिया से लेकर धन्नड़ खुर्द बनजारी तक सुबह से ही रौनक रही। क्षेत्र के सबसे बड़े धार्मिक केंद्र ‘जामिया इस्लामिया बनजारी’ में 2,000 से अधिक अकीदतमंदों ने एक साथ शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की।

सोशल मीडिया को लेकर विशेष अपील

नमाज के बाद जामिया इस्लामिया के प्रिंसिपल मौलाना तसव्वुर साहब ने युवाओं से खास अपील करते हुए कहा कि वे शासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए कुर्बानी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट न करने की हिदायत दी। सुरक्षा के लिहाज से पीथमपुर, चौपाटी, धन्नड़ और सागौर में भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा।

धार में ऐतिहासिक व संरक्षित इमारत में अदा की गई नमाज

धार जिले में भी ईद-उल-अजहा का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक इमारत में पहुंचकर ईद की नमाज अदा की। शहर काजी वकार सादिक ने देश में शांति और भाईचारे का संदेश देते हुए सामूहिक दुआ कराई। इस मौके पर जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज सहित समस्त जिलेवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं।

दमोह में हाफिज मुनव्वर रजा ने पढ़ाई मुख्य नमाज, प्रशासन रहा अलर्ट

दमोह जिले में भी बकरीद के मौके पर गजब का उत्साह दिख रहा है। शहर की मुख्य ईदगाह मस्जिद में हाफ़िज़ मुनव्वर रज़ा ने ईद की विशेष नमाज़ संपन्न कराई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे के गले लगकर ‘ईद मुबारक’ कहा। जिला प्रशासन, पुलिस और नगरपालिका की टीम सुबह से ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मैदान में मुस्तैद रही। सीएसपी एच.आर. पाण्डे और ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष आजम खान ने भी सभी को पर्व की बधाई दी।

खंडवा में सुबह 9 बजे ईदगाह पर हुई मुख्य नमाज, सादगी से मनाने का संदेश

खंडवा जिले में बकरीद का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर काजी सैयद निशार अली ने बताया कि जिले भर की मस्जिदों और मदरसों में अलग-अलग समय पर नमाज पढ़ी गई, जबकि मुख्य नमाज सुबह 9 बजे ईदगाह पर अदा की गई। नमाज के बाद इमामों और मौलानाओं ने समाज के लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने, मिल-बांटकर सादगी के साथ त्योहार मनाने और खुले में कुर्बानी न करने की अपील की। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल अलर्ट मोड पर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m