कानपुर में डीएम कंपाउंड स्थित ऑफिसर्स क्लब की जमीन से बरामद कंकाल की पहचान करीब दो साल बाद डीएनए जांच के जरिए एकता गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में जिम ट्रेनर विमल सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
कानपुर. उत्तर प्रदेश के कानपुर में एकता गुप्ता हत्याकांड में करीब दो साल बाद डीएनए जांच रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है. डीएम कंपाउंड से सटे ऑफिसर्स क्लब परिसर की जमीन से बरामद कंकाल की पहचान एकता गुप्ता के रूप में हुई है. कोतवाली थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने डीएनए रिपोर्ट में मिलान होने की पुष्टि की है.
एकता गुप्ता सिविल लाइंस के गोपाल नगर निवासी कारोबारी राहुल गुप्ता की पत्नी थीं. वह ग्रीन पार्क स्थित जिम में व्यायाम करने जाती थीं. 24 जून 2024 को वह रोजाना की तरह घर से जिम जाने के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं.
जिम ट्रेनर पर लगा आरोप
पत्नी के लापता होने के बाद राहुल गुप्ता ने जिम ट्रेनर विमल सोनी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था. उन्होंने एकता की हत्या किए जाने की आशंका भी जताई थी. हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही थी.
26 अक्टूबर 2024 को पुलिस ने विमल सोनी को गिरफ्तार कर पूछताछ की. इस दौरान उसने एकता की हत्या करने और शव को डीएम कंपाउंड स्थित ऑफिसर्स क्लब परिसर में जमीन के नीचे दफनाने की बात बताई.
जमीन से मिला था कंकाल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसे ऑफिसर्स क्लब परिसर ले गई. वहां खुदाई कराने पर जमीन के भीतर से एक महिला का कंकाल बरामद हुआ. इसके अलावा विमल की बाइक डीएम आवास परिसर में मुख्य गेट के पास खड़ी मिली थी.
पूछताछ में विमल ने पुलिस को बताया था कि उसकी शादी तय हो गई थी और एकता इस शादी में बाधा बन रही थी. इसी वजह से उसने हत्या की थी. हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आया कि विमल की शादी करीब एक साल पहले ही टूट चुकी थी.
डीएनए रिपोर्ट से हुई पुष्टि
कंकाल मिलने के बाद पुलिस के सामने उसकी पहचान सुनिश्चित करने की चुनौती थी. इसकी पुष्टि के लिए कंकाल की खोपड़ी और एकता की मां के नाखून, बाल सहित अन्य नमूने लेकर फोरेंसिक लैब भेजे गए थे.
सामान्य परिस्थितियों में डीएनए जांच की रिपोर्ट तीन से छह महीने के भीतर आने की उम्मीद रहती है, लेकिन इस मामले में करीब दो साल बाद रिपोर्ट मिली. कोतवाली थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी के मुताबिक, डीएनए नमूनों का मिलान हो गया है. जांच में पुष्टि हुई है कि ऑफिसर्स क्लब परिसर से मिला कंकाल एकता गुप्ता का ही था.

