संजय वाणी, आलीराजपुर। जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की हत्या उसके ही सगे बड़े भाई ने ईर्ष्या और पारिवारिक विवाद के चलते कर दी। उदयगढ़ पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को मात्र चार दिनों में सुलझाते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

खाट पर लहूलुहान हालत में मिला था शव

पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को ग्राम बड़ी उत्ती के बीलवाल फलिया में 19 वर्षीय पातलिया उर्फ प्रकाश का शव खेत में आम के पेड़ के नीचे बनी झोपड़ी के पास खाट पर लहूलुहान हालत में मिला था। मृतक के चेहरे, सिर, कान और नाक पर गंभीर चोटों के निशान थे।

जुर्म छिपाने बड़े भाई ने बनाई कहानी

मृतक के बड़े भाई कालू पिता भंवरसिंह बीलवाल ने ही उदयगढ़ थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि वह रात में ढाबे पर खाना खाने गया था और वापस लौटने पर उसका भाई घर पर नहीं मिला। बाद में खेत पर जाकर देखने पर उसका शव मिला।

पुलिस की पूछताछ में टूट गया कालू

मामले की जांच के दौरान पुलिस को कालू की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

परिवार में ज्यादा प्यार मिलने पर छोटे से जलता था बड़ा भाई

आरोपी ने बताया कि वह अपने छोटे भाई से ईर्ष्या रखता था क्योंकि परिवार में उसे ज्यादा महत्व दिया जाता था। कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद भी हुआ था।

शराब पिलाकर पत्थर से कुचला सिर

इसी रंजिश के चलते कालू ने हत्या की योजना बनाई। घटना वाली रात वह अपने छोटे भाई को साथ लेकर गया और उसे जमकर शराब पिलाई। जब पातलिया नशे में बेसुध हो गया तो आरोपी ने पत्थरों से उसके चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को गुमराह करने चली चाल

हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और खून से सना शर्ट बरामद कर लिया है।

कोर्ट ने भेजा जेल

उदयगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की सतर्क जांच और लगातार पूछताछ के चलते महज चार दिनों में इस अंधे कत्ल का खुलासा हो गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m