जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भील बस्ती में रहने वाले 90 वर्षीय लाखाराम और उनकी 85 वर्षीय पत्नी रेशमा की उनके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जब बुजुर्ग दंपती का भांजा चंदाराम उनसे मिलने पहुंचा, तब इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। लाखाराम का शव आंगन में और उनकी पत्नी का शव कमरे के भीतर पड़ा मिला। दोनों बुजुर्ग घर में अकेले रहते थे क्योंकि उनकी कोई संतान नहीं थी।
मृतका के पैर से कड़े गायब
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक शिवहरे और मोहनगढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में यह मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का लग रहा है, क्योंकि मृतका रेशमा के पैरों से चांदी के कड़े गायब पाए गए हैं।
संदिग्ध पैरों के मिले निशान
घर के आसपास संदिग्ध पैरों के निशान भी मिले हैं, जिनकी जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। हालांकि शवों पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, इसलिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस लूट और आपसी रंजिश समेत सभी पहलुओं से मामले की सघन जांच कर रही है।

