वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के गोनावां गांव में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां परोहा नहर में डूबने से 66 वर्षीय बुजुर्ग कमलेश पासवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोनावां गांव निवासी परमेश्वर पासवान के पुत्र कमलेश पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।

शौच के लिए घर से निकले थे मृतक

मृतक के पुत्र वीरमणि ने बताया कि, उनके पिता सोमवार को शौच के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान बारिश भी हुई थी। शौच के बाद पानी छूने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह परोहा नहर के गहरे पानी में जा गिरे। परिजनों के अनुसार, कमलेश पासवान को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह पानी से बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मानपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है। मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि नहर में डूबने से बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- नालंदा में फांसी लगाने से 25 वर्षीय महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया