Bihar News: बिहार में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से सामने आया है, जहां कल गुरुवार की दोपहर दिनदहाड़े एक 70 वर्षीय बुजुर्ग मोहम्मद रईस की गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना चौक थाना क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी मोड़ के पास की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे शेयर करते हुए राजद ने बिहार सरकार पर निशाना भी साधा है।

गर्दन पर किए कई वार

सामने आए वीडियो में आरोपी कुछ दूर तक बुजुर्ग के साथ जाता हुआ दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में चापड़ (धारदार हथियार) भी नजर आ रहा है, जैसे वह मोड़ के पास पहुंचता है। हमलावर बुजुर्ग के गर्दन पर एक के बाद एक करके कई वार करता है, जिससे मोहम्मद रईस वहीं गिर पड़ता है। अधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो जाती है।

फुफेरे भाई पर लगा हत्या का आरोप

मृतक की बेटी शबनम खातून ने बताया कि उसके पिता की हत्या फुफेरे भाई मोहम्मद अयाज ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पहले भी पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। पारिवारिक विवाद को हत्या का वजह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजद ने बिहार पुलिस और सरकार को घेरा

राजद ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर बिहार सरकार पर हमला बोला है। राजद ने अपनी पोस्ट में लिखा-Trigger Warning यही है नीतीश के निर्लज्ज चाटुकारों का “सपनों का बिहार”! राजद ने आगे लिखा- हर रोज हर गांव गली में हत्या, हर शहर मोहल्ले में बलात्कार! सोई नाकारी बिहार पुलिस, बेफ़िक्र भ्रष्ट भाजपा नीतीश सरकार! पटना में खुलेआम हत्या! हत्यारे को कानून और पुलिस का कोई डर नहीं! भागने की कोई जल्दबाजी नहीं!

ये भी पढ़ें- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पर टूटा दुखों का पहाड़, इलाज के दौरान मुंबई के अस्पताल में मां का निधन