मिथलेश गुप्ता, जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि पारिवारिक विवाद के चलते बहू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 70 वर्षीय ससुर की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने आधी रात को घर में घुसकर पहले लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से बुजुर्ग पर हमला किया, फिर उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या कर दी।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार तथा एसडीओपी जशपुर के मार्गदर्शन में थाना दुलदुला पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया।
घर में मृत आस्था में मिली थी बुजुर्ग की लाश
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर निवासी 70 वर्षीय चुगरू प्रधान अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।

पारिवारिक विवाद के चलते बहू ने रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने तीन परिचितों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इस बीच 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया। इसके बाद बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
24 घंटे में हत्या के आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर से मिली सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
एसएसपी ने दी टीम को बधाई
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गंभीर अपराध का त्वरित एवं वैज्ञानिक तरीके से खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है। इस अंधे हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा थाना दुलदुला पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम और विवेचना में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से संभव हो सका।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
सुगंती बेसरा (36 वर्ष), ग्राम बोड़ाजोर, थाना दुलदुला — मृतक की बहू एवं मुख्य साजिशकर्ता।
साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष), थाना दुलदुला।
आनंद यादव (20 वर्ष), ग्राम परसाटोली, थाना दुलदुला।
रोहित सिंह (21 वर्ष), ग्राम मधुटोली, थाना जशपुर।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

