मध्य प्रदेश में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। कई जिलों में जल प्रलय की स्थिति बनी हुई है। ऐसी ही दो घटनाएं सामने आई हैं जहां मऊगंज में कच्चा मकान गिरने से 70 साल की वृद्धा की मौत हो गई। वहीं पन्ना में मंदिरों और घरों में बाढ़ का पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
कच्चा मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबने से 70 वर्षीय वृद्धा की मौत
अभय मिश्रा, मऊगंज। जिले में पिछले 72 घंटे से जारी तेज बारिश के बीच नईगढ़ी थाना क्षेत्र के सेनुआ गांव में बड़ा हादसा हो गया। बुधवार शाम एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान मकान के अंदर मौजूद 70 वर्षीय वृद्धा मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल वृद्धा को मलबे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान शाम करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान सरोज तिवारी देवी (70), पति रघुवंश प्रसाद तिवारी, निवासी सेनुआ के रूप में हुई है। डॉक्टर आरके पाठक के अनुसार वृद्धा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने नईगढ़ी थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी पीड़ी सोनवंशी के मुताबिक मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
72 घंटे की बारिश ने बढ़ाई चिंता: लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। सेनुआ की घटना ने एक बार फिर जर्जर और कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जलप्रलय से पन्ना बेहाल
इदरीश मोहम्मद, पन्ना। जिले में पिछले 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। शहर से लेकर गांवों तक जलप्रलय जैसे हालात बन गए हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।आशीष लॉज और राजा बाबू कॉलोनी के दर्जनों घरों में नाले का पानी घुस गया, जिससे लोग रातभर परेशान रहे।कलेक्ट्रेट के पास ऐतिहासिक महाराज सागर तालाब की बाउंड्री वॉल ढहने से पानी मुख्य सड़क पर आ गया, जिसके बाद पुलिस ने एहतियातन बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। प्रसिद्ध मानस स्थली लक्ष्मीपुर मंदिर प्रांगण और निवास में दो से तीन फीट पानी भरने से गृहस्थी का सारा सामान तबाह हो गया।
ग्रामीण इलाकों की स्थिति भी बेहद बेकाबू है। ग्राम तिलकवा में दर्जनों घर जलमग्न हो चुके हैं और ग्रामीण बाल्टियों व पंप के सहारे पानी निकालने को मजबूर हैं। यूनियन बैंक के पीछे समेत कई इलाकों की सड़कें लबालब होने से लोग घरों में कैद हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल राहत न मिलने की संभावना जताई है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



