Rajasthan Desk, टोंक: राजस्थान के टोंक जिले में हुई बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या का पुलिस ने महज 5 दिनों में खुलासा कर दिया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि मृतका की पड़ोसन ही निकली, जिसने कर्ज से छुटकारा पाने के लिए हत्या की इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया था। उसने चांदी के कड़ों के लिए उसके हाथ-पैर और सिर धड़ से अलग कर दिए थे। टोंक एसपी रोशन मीना के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़िए पूरी खबर
पुलिस अधीक्षक (SP) रोशन मीना ने बताया कि आरोपी रसाल देवी (50) पर साहूकारों का भारी कर्ज था। उसने अपने बच्चों की शादी के लिए कर्ज लिया था, जो ब्याज समेत बढ़कर करीब 25 लाख रुपये हो चुका था। साहूकार उस पर लगातार पैसे लौटाने का दबाव बना रहे थे और उसे तुरंत 8 लाख रुपये की जरूरत थी, तभी उसकी नजर हरबाई गुर्जर (70) के हाथ और पैरों में पहने चांदी के कड़ों पर पड़ गई और उसने उसकी हत्या की प्लानिंग कर डाली।
चाय पर बुलाकर उतारा मौत के घाट
प्लानिंग के तहत रसाल देवी ने 9 जून को हरबाई को अपने घर पर चाय पीने के लिए बुलाया। इसी दौरान उसने मौका पाकर हरबाई की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने हाथ-पैर और सिर धड़ से अलग कर चांदी के कड़े निकाल लिए।
बोरे में भरकर फेंके कटे अंग
वारदात के बाद आरोपी रसाल देवी ने हरबाई के कटे हुए अंगों को एक बोरे में भरा और रात के अंधेरे में गांव के बाहर बने एक कूड़ेदान में फेंक दिया। वहीं, मृतका के सिर को उसने कुछ दूरी पर ले जाकर छिपा दिया। इस खौफनाक कदम के बाद रसाल देवी तीन दिनों तक अपने घर से बाहर नहीं निकली और घर में फैले खून के साथ ही अन्य सबूतों को मिटाने की कोशिश करती रही।
इस तरह से हुआ खुलासा
11 जून की देर शाम जब बोरे में बंद क्षत-विक्षत शव मिली, तो इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP ने DSP टोंक मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर इनपुट जुटाए और संदेह के आधार पर जब रसाल देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और लूटे गए चांदी के कड़े बरामद कर लिए हैं। फिलहाल मेहंदवास थाना पुलिस ने आरोपी महिला रसाल देवी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

