मनोज यादव, कोरबा। जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग के बैठक में नहीं पहुंचने से नाराज जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने जिला पंचायत परिसर में धरना दे दिया। जनप्रतिनिधियों ने सीईओ पर मनमानी, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरतने के गंभीर आरोप लगाए। साथ ही इस्तीफे तक की चेतावनी दी।

क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं को लेकर जनपद सदस्यों की बैठक बुलाई थी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग को भी उपस्थित रहने को कहा गया था। लेकिन करीब तीन घंटे इंतजार के बाद भी सीईओ बैठक में नहीं पहुंचे। इससे नाराज जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जिला पंचायत परिसर में धरना शुरू कर दिया। इस दौरान सीईओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

धरने के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि लगातार जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। जिला पंचायत में निर्वाचित प्रतिनिधियों की राय को महत्व नहीं दिया जा रहा और प्रशासनिक स्तर पर एकतरफा फैसले लिए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता की अपेक्षाएं अधूरी रह जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और जनप्रतिनिधियों की बातों को लगातार अनसुना किया जाता रहा, तो सभी सदस्य इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।
मंत्री देवांगन ने कार्रवाई की कही बात
वहीं मंत्री लखनलाल देवांगन ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल नहीं बन पा रहा है। अगर बात नहीं बनी, तो निश्चित ही सीईओ के खिलाफ हटाने की कार्रवाई होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

