नई दिल्ली: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच विपक्षी दलों ने सरकार और आयोग को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, INDIA गठबंधन में शामिल दलों की 30 सितंबर को नई दिल्ली में बैठक हो सकती है। बैठक में चुनाव आयोग, वोटर लिस्ट की Special Intensive Revision (SIR) और इससे जुड़ी चिंताओं पर चर्चा होने की संभावना है।
SIR को लेकर विपक्ष लामबंद
सूत्रों के अनुसार, विपक्षी दल इस मुद्दे पर लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं और संयुक्त रणनीति बनाने पर बातचीत कर रहे हैं। CPI(M), CPI और CPI(ML) Liberation ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
CPI(M) महासचिव एम.ए. बेबी ने INDIA गठबंधन और अन्य विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर बैठक की अपील की थी। इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी बातचीत की। विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए नया नोटिस तैयार किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसे कानूनी विशेषज्ञों की राय के बाद संसद के दोनों सदनों में पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस की बैठक से पहले रणनीति पर मंथन
कांग्रेस की 29 सितंबर को प्रस्तावित बैठक में भी चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। कर्नाटक में उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शिवकुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और दोबारा जांच की मांग की है।
विवाद की वजह क्या है?
विवाद उस रिपोर्ट के बाद तेज हुआ, जिसमें दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े कुछ फैसलों और आदेशों पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, इसके विपरीत सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया है कि जिन राज्यों में SIR कराया गया, वहां इससे जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे। ऐसे में आयोग की प्रक्रिया और निर्णयों को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


