अप्रेल में देश के 5 राज्यों में चुनाव होने हैं। सभी राज्यों में पार्टियों की जनसभा, रैली और प्रत्याशियों का जनसंपर्क जारी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज केरल दौरे पर हैं। उन्होंने कोट्टायम में कहा- विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (FCRA) में संशोधन विधेयक लाया जाना है। जिससे गंभीर बात है, क्योंकि इसके तहत केवल राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) ही विदेशी फंड प्राप्त कर सकेगा, जबकि अन्य संगठनों पर रोक लगा दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि RSS में ऐसी क्या खास बात है कि उनके लिए अलग नियम हैं? वे नफरत फैलाते हैं और लोगों को बांटते हैं। भाजपा इसी तरह काम करती है। इससे पहले पतनमतिट्टा में राहुल ने कहा था कि नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में हैं। ठीक इसी तरह, नरेंद्र मोदी आपके मुख्यमंत्री को भी अपने इशारों पर नचाते हैं।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बेल्दा में चुनावी सभा में कहा- भाजपा समाज के सभी वर्गों के बीच झगड़ा भड़का रही है। चुनाव के बाद गैस और कैश देना बंद कर देगी। भाजपा देश लूटना चाहती है।

चुनाव से जुड़े बड़े अपडेट्स

  • प्रधानमंत्री मोदी ने असम में बीजेपी कार्यकर्ताओं से नमो एप के जरिए ऑनलाइन चर्चा की।
  • केरल में घर से वोटिंग शुरू प्रक्रिया शुरु हो गई है। जो लोग वोट डालने जाने में असमर्थ हैं, उनसे पोस्टल बैलेट के जरिए वोटिंग कराई जा रही है।
  • तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने सोमवार को चेन्नई के कोलाथुर सीट से नामांकन दाखिल किया। टीवीके चीफ विजय ने पेरम्बूर सीट से नामांकन दाखिल किया।
  • भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। आरोप लगाया कि टीएमसी बंगाल में चुनाव हाईजैक कर रही है। ममता बनर्जी घर-घर जाकर वोटर्स को धमका रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m