चंडीगढ़। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद हरियाणा में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया है। बढ़ी हुई कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा सरकार को घेरने में जुटा है।
कुमारी शैलजा ने बयान जारी करते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई का “तोहफा” दे दिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी आम आदमी की जेब पर सीधा हमला है। शैलजा ने आरोप लगाया कि चुनाव तक राहत का दिखावा किया गया और मतदान खत्म होते ही जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया।
वहीं, राव नरेंद्र सिंह ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी आंकड़े खुद बता रहे हैं कि मोदी राज में महंगाई लगातार बढ़ी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “मोदी सरकार की महंगाई ने ऐसा किया वार, महंगी हुई रोटी-दाल, टूट गया परिवार। गैस, पेट्रोल, बिजली सब पहुंचे आसमान पार, आम जनता पूछ रही, कब मिलेंगे अच्छे दिन सरकार?”
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद अब परिवहन, सब्जियों और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई को लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहौल और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

