गोला। रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों के आतंक के बीच वन विभाग ने मंगलवार सुबह राहत भरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गोला वन क्षेत्र के नया सिरका गांव में रात करीब दो बजे जंगली हाथियों के झुंड से भटके दो हाथी एक कच्चे कुएं में गिर गए। इनमें एक हाथी का बच्चा भी शामिल था। ग्रामीणों ने कुएं से हाथियों की दहाड़ सुनी तो तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
रात में पहुंची वन विभाग की टीम
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों हाथियों को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी शुरू की। कच्चा कुआं होने के कारण हाथियों को गंभीर चोट नहीं आई थी, लेकिन उन्हें बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था।वन विभाग ने JCB की मदद से कुएं तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाया। इसके बाद मंगलवार तड़के दोनों हाथियों को सुरक्षित तरीके से कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
बाहर निकलते ही जंगल की ओर चले गए हाथी
रेस्क्यू के बाद दोनों हाथी बिना किसी गंभीर चोट के जंगल की ओर चले गए। वनरक्षी नीलेश पोद्दार के मुताबिक, खोखा जंगल में करीब 21 जंगली हाथियों का झुंड मौजूद है। माना जा रहा है कि इसी झुंड से भटककर दोनों हाथी गांव की ओर आ गए और रास्ते में कच्चे कुएं में गिर गए।
पहले दो महिलाओं की हो चुकी है मौत
इससे पहले सोमवार सुबह रजरप्पा थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने दो महिलाओं की जान ले ली थी, जबकि एक महिला घायल हुई थी। इसके बाद हाथियों का झुंड दिनभर कई गांवों में उत्पात मचाता रहा और बाद में गोला वन क्षेत्र की ओर चला गया।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से रात के समय जंगल और हाथियों के संभावित विचरण वाले इलाकों में नहीं जाने की अपील की गई है।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। हेसल जंगल में भी दो जंगली हाथियों के मौजूद होने की सूचना है।


