बरकट्ठा के बेडमकी गांव में सुबह हुई घटना, 25 हाथियों का झुंड कई दिनों से क्षेत्र में कर रहा है विचरण

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड अंतर्गत चलकुशा थाना क्षेत्र के बेडमकी गांव में शुक्रवार तड़के जंगली हाथियों के झुंड ने एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान शंकर पंडित (55), पिता स्वर्गीय दुलार कुम्हार, निवासी बेडमकी के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से करीब 25 जंगली हाथियों का झुंड बराकर नदी से सटे जंगलों और आसपास के गांवों में विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार मौजूदगी से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह किसी कारणवश शंकर पंडित का सामना हाथियों के झुंड से हो गया। इसके बाद हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

पहले भी फसलों को पहुंचा चुके हैं नुकसान

बराकर नदी से सटे चलकुशा, बरकट्ठा और आसपास के इलाकों में हर वर्ष झारखंड-बिहार सीमा से जंगली हाथियों का झुंड पहुंचता है। पिछले कुछ दिनों से यही झुंड खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा था।

वन विभाग लगातार लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की अपील कर रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।