कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूती देने के लिए एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट का काम तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में प्रोजेक्ट को गति देने के लिए फूलबाग चौराहे से फूलबाग गुरुद्वारा तक का ट्रैफिक आज से एक महीने के लिए बंद कर दिया गया, लेकिन पहले ही दिन कई किलोमीटर लंबा जाम डाइवर्ट रूट पर देखने के लिए मिला। शहर के सभी यातायात थानों के प्रभारी ने बमुश्किल ट्रैफिक जाम खुलवाया।
अलग-अलग डायवर्ट रूट पर लंबा जाम
दरअसल तैयार पिलर्स पर गार्डर रखने का काम शुरू होना है। इसको लेकर निर्माण एजेंसी ने एक महीने तक इस रूट पर ट्रैफिक बंद करने की मांग की थी। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से चर्चा के बाद इस रूट को आगामी एक महीने के लिए बंद कर दिया गया है। लेकिन पहले ही दिन बंद किए गए इस रूट के चलते आसपास के अलग-अलग डायवर्ट रूट पर लंबा जाम देखने के लिए मिला, हालात यह बन गए कि 02 किलोमीटर लंबे जाम के कारण ट्रैफिक डीएसपी सहित सिटी क्षेत्र के तीन ट्रैफिक थाना प्रभारीयों को व्यवस्था संभालनी पड़ी।
प्रॉपर डायवर्सन बोर्ड, बैरिकेट्स सहित ट्रैफिक जवान तैनात
ट्रैफिक डीएसपी अजीत सिंह चौहान के मुताबिक दोनों ओर ट्रैफिक एक महीने के लिए बंद हुआ है। ऐसे में शिंदे की छावनी से नौगजा रोड होते हुए फुलबाग की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वहीं स्टेशन की ओर से आने वाले ट्रैफिक दबाव को जलविहार के सामने से होते हुए नदी गेट की ओर डायवर्ट किया गया है। फिर भी शुरुआती दिनों में लोगों को डायवर्ट रूट के दौरान ट्रैफिक जाम में ना फंसना पड़े इसको लेकर प्रॉपर डायवर्सन बोर्ड, बैरिकेट्स सहित ट्रैफिक जवान तैनात रखा जाएगा।

