संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा में शासकीय राशि में हेरफेर के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 18 करोड़ के शिक्षा विभाग घोटाले के बाद अब आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था में करीब 4 करोड़ का बड़ा गबन सामने आया है। रविवार देर शाम कट्ठीवाड़ा थाने में तीन अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
यह पूरा मामला आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था से जुड़ा हुआ है। जिन तीन आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है, उनमें निर्भय सिंह तोमर, गिरधारी लाल राठौड़ और रमेश भूरिया शामिल हैं। शिकायतकर्ता उदय सिंह चौहान के आवेदन और चार्टर्ड अकाउंटेंट की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
पद का गलत इस्तेमाल
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 3 करोड़ 99 लाख 5 हजार 661 रुपये की शासकीय राशि का गबन किया। बैंक के CBS सिस्टम में फर्जी आईडी बनाकर गलत एंट्री की गईं। किसानों के नाम पर उनकी तय सीमा से ज्यादा ऋण दिखाकर राशि निकाली गई, वहीं किसानों की ओर से जमा की गई रकम को उनके खातों में दर्ज ही नहीं किया गया।
केस दर्ज
इस पूरे मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 409 के तहत मामला दर्ज किया है। कट्ठीवाड़ा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उप-निरीक्षक लालू सिंह भूरिया को विवेचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया ने बताया कि कट्ठीवाड़ा में 420 और 409 के तहत केस दर्ज किया गया है। बैंक से संबंधित निर्भय सिंह तोमर, गिरधारी लाल राठौड़ और रमेश भूरिया पर मामला दायर किया गया है। इन्होंने एग्रीकल्चर लोन तो दिया, लेकिन जो रिकवरी आ रही थी, उसे संबंधित खाते में जमा नहीं की थी। लगभग 4 करोड़ की राशि का गबन किया गया है। फिलहाल विवेचना की जा रही है।

