० 20 ALS, 270 BLS और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल होंगे शामिल, एक महीने में पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया
रांची। झारखंड में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 720 नई एंबुलेंस खरीदने की तैयारी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार की योजना के तहत 20 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS), 270 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एंबुलेंस और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल (PTV) खरीदे जाएंगे। इसके अलावा 30 अन्य ALS एंबुलेंस की खरीद प्रक्रिया पहले से जारी है।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नई एंबुलेंसों के शामिल होने से राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और क्षमता दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा। खासकर गंभीर मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में यह व्यवस्था मददगार साबित होगी।
विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए। वहीं, पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल (PTV) का संचालन संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आउटसोर्स व्यवस्था के माध्यम से कराएंगे।


