धनेश, रेवाड़ी: जिले के खोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुंड चौकी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक होटल मालिक का बैग चोरी कर फरार हुए कर्मचारी को महज कुछ ही घंटों में दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला अलवर (गांव बाई का बास) निवासी सुंदर लाल के रूप में हुई है।
पूजा के दौरान की चोरी
गांव मनेठी निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जैसलमेर नेशनल हाईवे पर गांव पाडला के पास उनका होटल है। 19 अप्रैल की सुबह वह घर से एक बैग लेकर होटल आए थे, जिसमें 70 हजार रुपए नगद, एक टैब और दो चेक बुक रखी थीं। सुनील ने बैग काउंटर पर रखा और मंदिर में पूजा करने लगे। इसी बीच होटल के कर्मचारी सुंदर लाल ने मौका पाकर बैग उठाया और अपनी बाइक से फरार हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
चोरी की यह पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। खोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत छापेमारी शुरू की और चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अदालत में पेशी
पुलिस ने आरोपी सुंदर लाल को अदालत में पेश किया, जहां से उसे वारदात की विस्तृत पूछताछ और बरामदगी के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

